Hajipur News : दो युवकों को धक्का मारकर भाग रहे ट्रक ने दो और लोगों की ली जान

मुजफ्फरपुर के फकुली में मंगलवार की दोपहर तेज रफ्तार ट्रक ने गोरौल के बाइक सवार दो युवकों को कुचल कर भागने के क्रम में बेलसर थाना क्षेत्र के मौना चौक के पास एक महिला को कुचल दिया. महिला की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी, वहीं इस घटना में जख्मी बाइक सवार की इलाज के दौरान मौत हो गयी.
पटेढ़ी बेलसर. मुजफ्फरपुर के फकुली में मंगलवार की दोपहर तेज रफ्तार ट्रक ने गोरौल के बाइक सवार दो युवकों को कुचल कर भागने के क्रम में बेलसर थाना क्षेत्र के मौना चौक के पास एक महिला को कुचल दिया. महिला की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी, वहीं इस घटना में जख्मी बाइक सवार की इलाज के दौरान मौत हो गयी. मृतकों की पहचान बेलसर थाना क्षेत्र के मौना गांव निवासी स्व जामुन राय की 60 वर्षीया पत्नी कृष्णा देवी तथा बहोरखा गांव निवासी रामदेव महतो के 60 वर्षीय पुत्र नागेंद्र महतो के रूप में हुई है. इस घटना में जख्मी शंभु सिंह करनेजी गांव के रहनेवाले बताये गये हैं.
इस घटना से आक्रोशित लोगों ने मौना चौक के समीप लालगंज-फकुली मार्ग को जाम कर दिया. इस हादसे के बाद चालक और खलासी ट्रक छोड़ कर भाग निकले. ग्रामीणों के अनुसार, मुजफ्फरपुर जिले के फकुली में बाइक सवार दो युवकों को धक्का मार कर भाग रहे ट्रक चालक ने मौना चौक गोलंबर से सरैया-बेलसर मुख्य मार्ग की ओर ट्रक को टर्न किया, ट्रक अनियंत्रित हो गया. अनियंत्रित ट्रक ने बाइक सवार नागेंद्र महतो तथा शंभू सिंह को धक्का मार दिया. दोनों को धक्का मार कर भागने के क्रम में ट्रक चालक ने मौना गांव स्थित पुलिस पिकेट परिसर से पानी लाने गयी महिला कृष्णा देवी को भी रौंद दिया. इस घटना में कृष्णा देवी की मौके पर ही मौत हो गयी. हादसे के बाद मौके पर जुटे लोग गंभीर रूप से जख्मी नागेंद्र और शंभू को इलाज के लिए गोरौल पीएचसी ले गये. वहां से डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद सदर अस्पताल रेफर कर दिया. सदर अस्पताल में डॉक्टर ने जांच के बाद नागेंद्र महतो को मृत घोषित कर दिया.सरैंया-बेलसर मार्ग को जाम कर किया हंगामा
पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल हाजीपुर भेज दिया. इस घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने मौना चौक के पास सरैंया-बेलसर मार्ग को जाम कर दिया. पुलिस ने आक्रोशित लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे मुआवजे को लेकर अड़ गये. स्थानीय जनप्रतिनिधियाें के सहयोग से पुलिस ने आक्रोशित लोगों को समझा कर शांत कराया. इस संबंध में अवर निरीक्षक संजय कुमार गुप्ता ने बताया कि मौना चौक के पास अनियंत्रित ट्रक ने एक महिला समेत तीन लोगों को कुचल दिया है. महिला समेत दो लोगों की मौत हो गयी है. एक व्यक्ति को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है. ट्रक को पुलिस ने जब्त कर लिया है.
घर से निकलने के आधे घंटे बाद आयी कुणाल की मौत की खबर, साथी नीरज की भी हुई मौत
गोरौल. मुजफ्फरपुर जिले के फकुली में मंगलवार को हुई सड़क दुर्घटना में गोरौल प्रखंड के दो युवकों की मौत हो गयी. मौत के बाद गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है, वहीं परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है. फकुली चौक के समीप तेज रफ्तार ट्रक के धक्के से बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गयी. मृतकों की पहचान गोरौल थाना क्षेत्र के चैनपुर गांव निवासी वीरचंद्र सिंह के 28 वर्षीय पुत्र कुणाल कुमार और हरशेर गांव निवासी रामबाबू साह के 25 वर्षीय पुत्र धीरज कुमार के रूप में हुई. मृतक कुणाल अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था. उसकी पत्नी प्रिया व परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. घर से निकलने के आधे घंटे बाद ही कुणाल की मौत की खबर पर आ गयी. मृतक की मां रोते हुए कहती है कि उसका पुत्र शाम तक कपड़ा खरीद कर घर लौटने की बात कह कर गया था. वहीं, मृतक नीरज उर्फ धीरज की मौत के बाद उसकी पत्नी गुंजा देवी का रो-रोकर बुरा हाल है. वह घर का इकलौता कमाने वाला सदस्य था. उसे तीन वर्षीय पुत्र रेयांश एवं एक वर्षीय पुत्री रिया कुमारी है. पुत्र की मौत के बाद उसकी मां रेखा देवी भी बेसुध पड़ी है. आसपास के लोग परिजनों को ढांढस बंधा रहे थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




