हाजीपुर: स्कूल बस की टक्कर से अग्निवीर चयनित युवक की मौत, चालक बस छोड़कर फरार

Updated:
विज्ञापन
फोटो -57- मौके पर पूछताछ करती पुलिस | Prabhat Khabar Network

मौके पर पूछताछ करती पुलिस | Prabhat Khabar Network

वैशाली जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में अग्निवीर चयनित 19 वर्षीय युवक की स्कूल बस की चपेट में आने से मौत हो गई. घटना के बाद चालक बस छोड़कर मौके से फरार हो गया.

विज्ञापन

Hajipur Road Accident : वैशाली जिले के लालगंज थाना क्षेत्र के पोझियां पेठिया के समीप सोमवार को तेज रफ्तार स्कूल बस की टक्कर से बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई. हादसे के बाद चालक बस छोड़कर फरार हो गया. पुलिस ने बस को जब्त कर चालक की तलाश शुरू कर दी है. मृतक की पहचान रौदीपोखर गांव निवासी अरविंद राय के 19 वर्षीय पुत्र आदित्य कुमार के रूप में हुई है.

बाजार से लौटते समय हुआ हादसा

परिजनों के अनुसार आदित्य कुमार किसी काम से लालगंज बाजार गया था. लौटने के दौरान पोझियां पेठिया के पास एक स्कूल बस ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया.

घायल को उसी बस से पहुंचाया गया अस्पताल

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने बस और चालक को रोक लिया तथा घायल युवक को उसी बस से इलाज के लिए लालगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. युवक की मौत की पुष्टि होते ही बस चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया.

कुछ दिन पहले हुआ था अग्निवीर में चयन

मृतक के परिजनों ने बताया कि आदित्य का कुछ दिन पहले ही अग्निवीर के लिए चयन हुआ था. वह तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ा था. उसकी असमय मौत से पूरे परिवार में मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

बस जब्त, चालक की तलाश में छापेमारी

घटना की सूचना पर लालगंज थाना पुलिस सीएचसी पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, हाजीपुर भेज दिया. थानाध्यक्ष मनमोहन कुमार ने बताया कि स्कूल बस को जब्त कर लिया गया है तथा फरार चालक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. मामले में आगे की कार्रवाई जारी है.


विज्ञापन
Sushil Kumar Sing

लेखक के बारे में

By Sushil Kumar Sing

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन