नलजल योजना में अनियमितता की शिकायत पर अधीक्षण अभियंता का निरीक्षण, 15 दिन में कमियां दूर करने का निर्देश

Updated:
विज्ञापन

शिकायत पर जांच करने पहुंचे अधिकारी | Prabhat Khabar Network

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

जंदाहा के रसलपुर पुरुषोत्तम पंचायत में 'हर घर नल का जल' योजना की गुणवत्ता और तकनीकी मानकों पर ग्रामीणों की शिकायत के बाद लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के अधीक्षण अभियंता ने स्थलीय निरीक्षण किया। ग्रामीणों ने पाइपलाइन लीकेज, घटिया सामग्री और तकनीकी खामियों की शिकायत की, जिस पर 15 दिनों में सुधार का आदेश दिया गया है।

विज्ञापन

Hajipur News : जंदाहा प्रखंड के रसलपुर पुरुषोत्तम पंचायत के वार्ड संख्या-09 स्थित रामपुर चकलाला गांव में संचालित 'हर घर नल का जल' योजना में गुणवत्ता और तकनीकी मानकों में अनियमितता की शिकायत पर सोमवार को लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग, मुजफ्फरपुर प्रमंडल के अधीक्षण अभियंता ने स्थल निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने योजना में कई प्रकार की तकनीकी खामियों की शिकायत अधिकारियों के समक्ष रखी.

विज्ञापन

ग्रामीणों की शिकायत पर हुई जांच

जानकारी के अनुसार, योजना का टेंडर जून 2025 में स्वीकृत हुआ था और 13 अगस्त 2025 से निर्माण कार्य शुरू हुआ. कार्य की गुणवत्ता को लेकर ग्रामीणों ने हस्ताक्षरयुक्त सामूहिक शिकायत प्रखंड, जिला एवं राज्य स्तर के अधिकारियों को भेजी थी. शिकायत के बाद इससे पहले कार्यपालक अभियंता, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग, हाजीपुर भी स्थल निरीक्षण कर चुके हैं.

इन खामियों की उठाई गई शिकायत

निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने पाइपलाइन के ज्वाइंट में लीकेज, जलमीनार निर्माण में घटिया सामग्री के उपयोग, ब्रास फिटिंग के स्थान पर प्लास्टिक फेरूल लगाने, कई स्थानों पर पाइपलाइन कम गहराई में बिछाने तथा नियमित तकनीकी निरीक्षण नहीं होने जैसी शिकायतें अधीक्षण अभियंता के समक्ष रखीं.

15 दिनों में सुधार का आदेश, ग्रामीणों ने सौंपे साक्ष्य

निरीक्षण के बाद अधीक्षण अभियंता ने संबंधित संवेदक एवं विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी कमियों को 15 दिनों के भीतर विभागीय प्राक्कलन एवं तकनीकी मानकों के अनुरूप दूर किया जाए. उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में गंभीर शिकायत मिलने पर संवेदक के खिलाफ ब्लैकलिस्टिंग सहित नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी. निरीक्षण के दौरान शिकायतकर्ता धर्मेंद्र कुमार चौधरी, प्रेम रंजन चौधरी, पंकज कुमार साह, अविनाश कुमार, वार्ड सदस्य लाल परी देवी, नथुनी पासवान, रवीश कुमार, नुनु चौधरी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे. ग्रामीणों ने अधिकारियों को अपनी शिकायतों के समर्थन में उपलब्ध साक्ष्य भी सौंपे.


आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन