वंदे मातरम् के 150 वर्ष एवं स्वतंत्रता दिवस पर कल अक्षयवट राय स्टेडियम से निकलेगी तिरंगा रैली

Updated:
विज्ञापन

बैठक करते डीडीसी व अन्य | Prabhat Khabar Network

हाजीपुर में वंदे मातरम् के 150 वर्ष और स्वतंत्रता दिवस पर अक्षयवट राय स्टेडियम से भव्य तिरंगा रैली निकाली जाएगी। जानें कार्यक्रम की पूरी जानकारी।

विज्ञापन

Hajipur News : वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने एवं 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और अखंडता की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से हर घर तिरंगा अभियान-2026 के तहत 12 अगस्त को हाजीपुर में तिरंगा रैली सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर उप विकास आयुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की और आयोजन को सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए आवश्यक निर्देश दिए.

यातायात से लेकर सुरक्षा तक की तैयारियों की समीक्षा

उप विकास आयुक्त ने कार्यक्रम स्थल और रैली मार्ग की व्यवस्था, यातायात एवं सुरक्षा, स्वच्छता, पेयजल, विद्युत, चिकित्सा व्यवस्था, विद्यार्थियों एवं अन्य प्रतिभागियों की सहभागिता तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों सहित सभी तैयारियों की समीक्षा की.

उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरा करने का निर्देश दिया. जिला प्रशासन के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, नागरिक, जीविका दीदियां, विद्यालयों के छात्र-छात्राएं, शिक्षक, भूतपूर्व सैनिक तथा विभिन्न विभागों के पदाधिकारी और कर्मी शामिल होंगे.

अक्षयवट राय स्टेडियम से निकलेगी तिरंगा रैली

तिरंगा रैली का शुभारंभ 12 अगस्त को पूर्वाह्न 9 बजे अक्षयवट राय स्टेडियम से विशिष्ट अतिथियों द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया जाएगा. रैली में प्रतिभागी हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश देंगे.

रैली अक्षयवट राय स्टेडियम से गांधी चौक होते हुए जीए इंटर हाई स्कूल पहुंचेगी. यहां रैली के समापन के बाद विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे.

चित्रकला, रंगोली और क्विज प्रतियोगिता होगी

जीए इंटर हाई स्कूल परिसर में हर घर तिरंगा एवं राष्ट्रभक्ति की थीम पर चित्रकला, रंगोली, निबंध और क्विज प्रतियोगिता के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा विभिन्न विषयों पर आधारित प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी.

इन कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों और युवाओं को देश के गौरवशाली इतिहास, स्वतंत्रता संग्राम, राष्ट्रीय प्रतीकों तथा राष्ट्र निर्माण की भावना से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा. कार्यक्रम में वंदे मातरम् का सामूहिक गायन भी होगा.

जिलेवासियों से अभियान में भाग लेने की अपील

जिला पदाधिकारी ने कहा कि वंदे मातरम् के 150 वर्ष और 80वें स्वतंत्रता दिवस का यह गौरवपूर्ण अवसर देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर सेनानियों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने तथा राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराने का अवसर है.

उन्होंने जिलेवासियों से पूरे उत्साह, उमंग और राष्ट्रीय गौरव की भावना के साथ अभियान में सहभागी बनने का आह्वान किया. साथ ही वैशाली में हर घर तिरंगा अभियान को भव्य जन-अभियान का स्वरूप देने की अपील की.


विज्ञापन
कैफ अहमद

लेखक के बारे में

By कैफ अहमद

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन