महनार में सड़क सुरक्षा को लेकर सख्ती, अधूरे नालों को जल्द पूरा करने का निर्देश दिये
महनार में बैठक के बाद सड़क का निरीक्षण करते एनएचएआई के अभियंता,सीओ आदि | Prabhat Khabar Network
महनार एसडीओ ने एनएच-122बी निर्माण कार्य, अतिक्रमण हटाने और सड़क सुरक्षा को लेकर अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। जानिए पूरी जानकारी।
Hajipur News : महनार अनुमंडल पदाधिकारी अंकित कुमार ने सड़क सुरक्षा को लेकर अनुमंडल के सभी प्रखंडों के अंचल अधिकारियों, सहायक अभियंता पथ प्रमंडल सहित संबंधित विभागों के अभियंताओं के साथ बैठक की. बैठक में एनएच-122बी समेत विभिन्न सड़कों पर सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने और दुर्घटनाओं की आशंका वाले स्थानों पर आवश्यक उपाय करने के निर्देश दिए गए.
अधूरे नाला निर्माण को जल्द पूरा करने का निर्देश
बैठक में बताया गया कि हाजीपुर-महनार-मोहिउद्दीनगर एनएच-122बी के लावापुर नारायण, गंज पेठिया, बैलेट चौक सहित कई स्थानों पर नाला निर्माण का कार्य अधूरा है. एसडीओ ने इन कार्यों को शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया. निर्माणाधीन नालों और कल्वर्ट की बैरिकेडिंग कराने के साथ उन पर रिफ्लेक्टिंग रेड स्ट्रिप लगाने को भी कहा गया. एनएच निर्माण में बाधक बन रहे अतिक्रमण को अभियान चलाकर हटाने का निर्देश दिया गया. इसके लिए सहायक अभियंता, पथ प्रमंडल, संबंधित थानाध्यक्ष और अंचल अधिकारियों की संयुक्त टीम गठित कर कार्रवाई करने को कहा गया.
डार्क स्पॉट पर लगेंगे सुरक्षा संकेतक
एसडीओ ने सभी प्रमुख चौराहों पर साइनेज लगाने और सड़क किनारे पेड़ों पर रिफ्लेक्टिंग स्टिकर लगाने का निर्देश दिया. यातायात के कारण निर्माण कार्य में होने वाली परेशानी को देखते हुए यथासंभव सड़क निर्माण का कार्य रात में कराने को कहा गया. निर्माणाधीन क्षेत्रों को तीन दिनों के भीतर सुरक्षित करने का निर्देश दिया गया. सभी डार्क स्पॉट पर 'धीरे चलें', 'दुर्घटना प्रभावित क्षेत्र', 'तीखा मोड़', 'निर्माण कार्य प्रगतिशील', 'रोड क्षतिग्रस्त', 'स्कूल' और 'अस्पताल' आदि से संबंधित साइनेज लगाने को कहा गया.
चांदपुरा मोड़ पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था
चांदपुरा मोड़ के दोनों तरफ रिफ्लेक्टिंग साइनेज, 6 एमएम रंबल स्ट्रिप और दुर्घटना प्रभावित क्षेत्र से संबंधित साइन बोर्ड लगाने का निर्देश दिया गया. बैठक के बाद एनएच के संवेदक, अंचल अधिकारियों, एनएचएआई के सहायक अभियंता और देसरी, चांदपुरा तथा सहदेई थानाध्यक्षों ने संयुक्त रूप से एनएच-122बी का निरीक्षण किया. इस दौरान सड़क सुरक्षा से जुड़ी समस्याओं और आवश्यक सुरक्षा उपायों का जायजा लिया गया. बैठक में आरसीडी, आरडब्ल्यूडी और एनएचएआई के अभियंता मौजूद रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










