महनार में बीस सूत्री की बैठक, स्वास्थ्य और बिजली व्यवस्था में सुधार का उठा मुद्दा
महनार प्रखंड की बीस सूत्री बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं, बिजली और पेंशन समेत कई जनसमस्याओं पर अधिकारियों के साथ विस्तार से चर्चा की गई।
Hajipur News : महनार प्रखंड कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति (बीस सूत्री) की बैठक मंगलवार को महनार प्रखंड सभागार में आयोजित की गई. बैठक में प्रखंड क्षेत्र में संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों की समीक्षा की गई. समिति के सदस्यों ने योजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही समस्याओं को अधिकारियों के समक्ष रखते हुए शीघ्र समाधान की मांग की.
सीएचसी में डॉक्टरों की कमी पर जताई नाराजगी
बैठक में पीएम सूर्य योजना, वृद्धा पेंशन, पीएम स्वनिधि योजना, स्वास्थ्य, बिजली, आंगनबाड़ी, पीएचईडी और कृषि समेत विभिन्न विभागों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई. वृद्धा पेंशन के लाभुकों को बैंकिंग कार्य में हो रही परेशानियों का मामला भी सदस्यों ने उठाया.
स्वास्थ्य व्यवस्था की समीक्षा के दौरान महनार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरों की कमी, डिजिटल एक्स-रे की सुविधा सुचारू रूप से उपलब्ध नहीं होने और अल्ट्रासाउंड ऑपरेटर के नहीं रहने का मामला प्रमुखता से उठाया गया. करनौती उप स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टर की अनुपस्थिति पर भी सदस्यों ने नाराजगी जताई और नियमित चिकित्सकीय सेवा सुनिश्चित कराने की मांग की.
बिजली और आंगनबाड़ी से जुड़े मुद्दे उठे
महनार नगर एवं प्रखंड क्षेत्र में बिजली व्यवस्था में सुधार का मुद्दा भी बैठक में उठाया गया. सदस्यों ने आंगनबाड़ी केंद्रों पर वितरित किए जा रहे पोषाहार की जानकारी उपलब्ध कराने की मांग की. वहीं पीएचईडी की नई और पुरानी योजनाओं की विस्तृत जानकारी समिति के समक्ष रखने को कहा गया.
नगर परिषद अधिकारियों की अनुपस्थिति पर नाराजगी
महनार नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी और सिटी मैनेजर के बैठक में अनुपस्थित रहने पर समिति के सदस्यों ने नाराजगी जताई. सदस्यों ने कहा कि विकास योजनाओं और जनसमस्याओं से जुड़े महत्वपूर्ण मामलों की समीक्षा के दौरान संबंधित अधिकारियों की उपस्थिति जरूरी है, ताकि समस्याओं का त्वरित समाधान कराया जा सके. बैठक में बीडीओ मुकेश कुमार, सीओ प्रदीप कुमार, एमओ पुष्पक कुमार, उपाध्यक्ष विक्रम जायसवाल, विरजु सिंह, अमरेश कुमार सिंह, अन्नी सिंह समेत समिति के सदस्य और विभिन्न विभागों के पदाधिकारी मौजूद रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










