पटेढ़ी बेलसर में पॉश मशीन का सर्वर धीमा, राशन के लिए घंटों इंतजार कर रहे उपभोक्ता
राशन लेने के लिए पहुंचे लोग | Prabhat Khabar Network
पटेढ़ी बेलसर में जन वितरण प्रणाली दुकानों पर पॉश मशीन का सर्वर धीमा चलने से उपभोक्ताओं की मुश्किलें बढ़ गई हैं। पिछले आठ दिनों से फिंगर स्कैन में घंटों लग रहे हैं, जिससे लोगों को बिना राशन लिए लौटना पड़ रहा है। डीलरों के लिए भी यह एक बड़ी चुनौती बन गई है।
Hajipur News : पटेढ़ी बेलसर में प्रखंड क्षेत्र की जन वितरण प्रणाली दुकानों पर राशन उठाव करने पहुंचे उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ गई है. पिछले करीब आठ दिनों से पॉश मशीन का सर्वर बेहद धीमा चलने के कारण फिंगर स्कैन कराने के लिए उपभोक्ताओं को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है. सर्वर की स्थिति ऐसी है कि एक घंटे में महज आठ से दस उपभोक्ताओं का ही फिंगर स्कैन हो पा रहा है. जबकि सर्वर सामान्य रहने पर इसी अवधि में करीब 30 से 35 उपभोक्ताओं का सत्यापन हो जाता था.
सुबह से लग रही भीड़, घंटों इंतजार, एक घंटे में 8-10 लोगों का ही फिंगर स्कैन
सर्वर की धीमी गति का सीधा असर राशन वितरण व्यवस्था पर पड़ा है. पीडीएस दुकानों पर सुबह से ही राशन लेने के लिए उपभोक्ताओं की भीड़ जुट रही है. लेकिन पॉश मशीन में फिंगर स्कैन नहीं होने के कारण उन्हें अपनी बारी के लिए घंटों इंतजार करना पड़ रहा है. कई उपभोक्ता लंबे समय तक इंतजार करने के बाद भी राशन नहीं ले पा रहे हैं और उन्हें बिना खाद्यान्न लिए ही निराश होकर वापस लौटना पड़ रहा है.
डीलरों के लिए भी बनी परेशानी
पॉश मशीन के सर्वर की समस्या से उपभोक्ताओं के साथ पीडीएस विक्रेता भी परेशान हैं. निर्धारित समय में अधिक संख्या में उपभोक्ताओं को राशन वितरण करने की जिम्मेदारी होने के बावजूद मशीन की धीमी गति के कारण काम प्रभावित हो रहा है. दुकानदारों के सामने भीड़ संभालने के साथ समय पर राशन वितरण पूरा करने की चुनौती बनी हुई है.
आठ दिनों से बनी हुई है समस्या
प्रखंड पीडीएस विक्रेता संघ के अध्यक्ष उमेश मिश्रा और डीलर शंभू लाल राम ने बताया कि पिछले करीब आठ दिनों से पॉश मशीन का सर्वर धीमा रहने के कारण राशन वितरण में काफी परेशानी हो रही है. सामान्य स्थिति में जहां एक घंटे में 30 से 35 उपभोक्ताओं का फिंगर स्कैन हो जाता था, वहीं वर्तमान में महज आठ से दस लोगों का ही स्कैन हो पा रहा है. डीलरों ने बताया कि सर्वर की समस्या जल्द दूर नहीं हुई तो उपभोक्ताओं की परेशानी और बढ़ सकती है. साथ ही निर्धारित अवधि में राशन वितरण पूरा करना भी मुश्किल होगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए











