hajipur news. होली के दौरान सौहार्द बिगाड़ने वालों पर रहेगी नजर

होली को लेकर अनुमंडलस्तरीय शांति समिति की बैठक बुलायी गयी. इसकी अध्यक्षता सदर अनुमंडल पदाधिकारी रामबाबू बैठा ने की
हाजीपुर. होली को लेकर अनुमंडल स्तरीय शांति समिति की बैठक बुलायी गयी. इसकी अध्यक्षता करते हुए सदर अनुमंडल पदाधिकारी रामबाबू बैठा ने कहा कि 13 मार्च को होलिका दहन और 14-15 मार्च को होली मनायी जाने की सूचना है. मुस्लिम समुदाय का पवित्र रमजान भी चल रहा है. दोनों पर्वों की महत्ता को देखते हुए सौहार्दपूर्ण वातावरण में त्योहार मनाये जाने के लिए विधि-व्यवस्था पर कड़ी निगरानी रखने की जरूरत है. बैठक में सदस्यों और अधिकारियों ने अपने सुझाव दिये. अनिल चंद्र कुशवाहा ने फ्लैग मार्च की आवश्यकता बतायी. मो रमजान ने कहा कि 14 मार्च को होली के साथ जुमे की नमाज भी है. लिहाजा, नमाज के वक्त विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है. मौके पर रविन कुमार सिन्हा, उमेश तिवारी आदि ने विचार रखे. बैठक में पुलिस अधिकारियों को पर्व के मौके पर अपने थाना क्षेत्र में भ्रमणशील रहने और फ्लैग मार्च करने का निर्देश दिया गया. सभी थानाध्यक्षों को निर्देश दिया गया कि होलिका दहन स्थलों को चिन्हित कर यह सुनिश्चित करें कि किसी भी व्यक्ति की झोपड़ी, फसल, जलावन आदि को होलिका दहन में असामाजिक तत्वों द्वारा नहीं जलाया जाये. होली के अवसर पर लोक संगीत, फगुआ गायन भी होता है, जिसमें डीजे का प्रयोग पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा. अश्लील गीतों पर भी पाबंदी रहेगी. सोशल मीडिया पर अफवाहों तथा सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाले संवादों पर रोक के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया. होलिका दहन वाले स्थलों का निरीक्षण कर विवादित स्थलों या नये स्थलों पर होलिका दहन करने की अनुमति नहीं देने का निर्देश दिया गया. विद्युत आपूर्ति प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता से अनुरोध किया गया कि होलिका दहन स्थलों पर जहां से बिजली का तार गुजरता हो, वहां विशेष निगरानी के लिए अपने स्तर से कर्मी को तैनात करें. नगर कार्यपालक पदाधिकारी को होली के अवसर पर नगर क्षेत्र में विशेष साफ-सफाई कराने तथा अग्निशमन पदाधिकारी को अपनी सभी यूनिटों को तैयार हालत में रखने का निर्देश दिया गया.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




