वैशाली में चोरों का तांडव, चार घरों से 30 लाख की नकदी-जेवरात चोरी

Updated:
विज्ञापन
फोटो-04, | Prabhat Khabar Network

वैशाली के करताहां थाना क्षेत्र में चोरों ने एक ही रात में चार घरों को निशाना बनाया. करीब 30 लाख रुपये की नकदी और जेवरात चोरी, पुलिस जांच में जुटी.

विज्ञापन

Hajipur News: करताहां थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं. मंगलवार की देर रात अज्ञात चोरों ने चंदवारा गांव सहित थाना क्षेत्र के चार घरों को निशाना बनाकर करीब 30 लाख रुपये मूल्य की नकदी, जेवरात और अन्य कीमती सामान की चोरी कर ली. घटना की सूचना मिलते ही करताहां थाना की पुलिस एफएसएल टीम और डॉग स्क्वायड के साथ मौके पर पहुंची तथा जांच शुरू कर दी.

डॉग स्क्वायड की जांच में किसी प्रकार की बाधा न हो, इसके लिए पुलिस ने घटनास्थलों को घेराबंदी कर सुरक्षित कर दिया और साक्ष्य जुटाने में जुट गई.

चंदवारा गांव में तीन घरों को बनाया निशाना

जानकारी के अनुसार चंदवारा गांव निवासी कृष्णदेव सिंह और उनकी पत्नी जानकी देवी घर में सो रहे थे. इसी दौरान चोर सीढ़ी और छत के रास्ते घर में दाखिल हुए और संदूक में रखे एक लाख रुपये नकद, सोने-चांदी के आभूषण, करीब दो दर्जन नई साड़ियां और अन्य कीमती सामान चोरी कर ले गए. परिजनों ने चोरी गई संपत्ति की कीमत लगभग 15 लाख रुपये बताई है.

इसी गांव में अभिनंदन सिंह के बंद घर का ताला काटकर चोरों ने अलमारी, पेटी और बॉक्स में रखे जेवरात, कपड़े और अन्य सामान पर हाथ साफ कर दिया. इस चोरी में करीब 4 से 5 लाख रुपये की संपत्ति चोरी होने का अनुमान है. वहीं पड़ोसी अशोक सिंह के बंद घर का ताला भी चोरों ने काटा, लेकिन वहां कोई कीमती सामान हाथ नहीं लगने पर वे फरार हो गए.

चौथी वारदात में 10 लाख की संपत्ति चोरी

चोरी की चौथी घटना करताहां थाना क्षेत्र के घटारों मध्य पंचायत स्थित खीरीन तर के समीप हुई. यहां रामजलम सिंह के बंद घर का ताला काटकर चोर करीब 10 लाख रुपये मूल्य के सामान की चोरी कर ले गए. बुधवार सुबह घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी. इसके बाद एफएसएल और डॉग स्क्वायड की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की और साक्ष्य एकत्र किए.

लगातार चोरी से ग्रामीणों में आक्रोश

क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है. लोगों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों में करताहां थाना क्षेत्र में दर्जनों चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन अब तक किसी भी मामले का खुलासा नहीं हो सका है. ग्रामीणों का आरोप है कि यदि नियमित गश्त और प्रभावी पुलिसिंग होती तो ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सकता था. उनका कहना है कि लगातार हो रही वारदातों से चोरों का मनोबल बढ़ रहा है और आम लोगों में भय का माहौल है.

जल्द खुलासा करने का दावा

पीड़ित परिवारों ने वैशाली के पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा से मामले में हस्तक्षेप कर शीघ्र कार्रवाई और चोरी की घटनाओं का खुलासा करने की मांग की है. सदर-2 एसडीपीओ गोपाल मंडल ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों को सभी घटनास्थलों पर भेजकर जांच कराई गई है. एफएसएल और डॉग स्क्वायड की मदद से साक्ष्य जुटाए गए हैं. पुलिस सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही मामले का उद्भेदन कर आरोपितों की गिरफ्तारी की जाएगी.


विज्ञापन
Sushil Kumar Sing

लेखक के बारे में

By Sushil Kumar Sing

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन