hajipur news. महिलाओं के सम्मान और अधिकारों के प्रति समाज को होना होगा संवेदनशील : जज

बीका में महिला सुरक्षा पर पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम हुआ शुरू, बिहार अभियोजन सेवा के 60 व कारा सेवा के चार नवनियुक्त प्रशिक्षु पदाधिकारी ले रहे हैं भाग
हाजीपुर. बिहार सुधारात्मक प्रशासनिक संस्थान, हाजीपुर के दशरथ मांझी सभागार में महिला सुरक्षा विषय पर अभियोजन सेवा के पदाधिकारियों के लिए पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इसका उद्घाटन मुख्य अतिथि न्यायाधीश समरेंद्र प्रताप सिंह (स्वतंत्र आर्बिट्रेटर, पटना) और विशिष्ट अतिथि प्रणव कुमार, सचिव, गृह विभाग सह महानिरीक्षक, कारा एवं सुधार सेवाएं, बिहार ने संयुक्त रूप से किया. पुलिस अनुसंधान एवं विकास ब्यूरो, नई दिल्ली द्वारा प्रायोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में बिहार अभियोजन सेवा के 60 पदाधिकारी और बिहार कारा सेवा के चार नवनियुक्त परीक्ष्यमान काराधीक्षक शामिल हुए. मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथि को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया. इसके बाद बीका के अनुमंडल अभियोजन पदाधिकारी अभय कुमार सिंह ने मुख्य अतिथि और बीका के उपनिदेशक अमर शक्ति ने विशिष्ट अतिथि को पौधा भेंट कर उनका स्वागत किया.
इस अवसर पर मुख्य अतिथि ने कहा कि महिला सुरक्षा हमेशा से समाज का एक महत्वपूर्ण विषय रहा है. सालों पहले सती प्रथा, बाल विवाह और अन्य कुरीतियों को खत्म करने के लिए अभियान चलाये गये थे. आज महिलाओं की संख्या देश की आधी आबादी के बराबर है. इसलिए उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना आवश्यक है. उन्होंने कहा कि देशभर में महिला सुरक्षा को लेकर कई कार्यक्रम संचालित किये जा रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद हम अब भी पीछे हैं. इसमें सुधार की आवश्यकता है. उन्होंने विभिन्न मुकदमों और कानूनी प्रावधानों का उदाहरण देते हुए प्रतिभागियों को विस्तृत जानकारी दी और सुप्रीम कोर्ट द्वारा जारी दिशा-निर्देशों पर भी प्रकाश डाला. उन्होंने बताया कि पुराने कानूनों में संशोधन कर घरेलू हिंसा और महिला सशक्तीकरण से जुड़े नये प्रावधान जोड़े गए हैं. उन्होंने कहा कि निर्भया कांड के बाद सरकार ने महिला सुरक्षा और सशक्तीकरण को लेकर कई योजनाएं शुरू की हैं. अभियोजन पदाधिकारियों को उनकी भूमिका का अहसास कराते हुए कहा कि उन्हें प्रशासन के साथ मिलकर महिलाओं की आर्थिक सशक्तीकरण और सुरक्षा सुनिश्चित करनी होगी. कहा कि जब तक समाज महिलाओं के सम्मान और उनके अधिकारों के प्रति संवेदनशील नहीं होगा, तब तक इस तरह के कार्यक्रमों की सार्थकता सिद्ध नहीं होगी.सुरक्षा के लिए उठाये गये कदम से दिख रहा बदलाव
विशिष्ट अतिथि ने कहा कि निर्भया कांड के बाद सरकार ने महिलाओं की सुरक्षा और संरक्षण को लेकर कई महत्वपूर्ण कदम उठाये हैं. इसके तहत जीविका, महिला हेल्प डेस्क, वन स्टॉप सेंटर, महिला थाना जैसी योजनाएं चलाई जा रही हैं, जिनसे महिलाओं को सीधा लाभ मिल रहा है. उन्होंने कहा कि महिला सशक्तीकरण के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय सुधार हुआ है. आज पुलिस बलों और अन्य सुरक्षा एजेंसियों में महिलाओं की भागीदारी बढ़ रही है, जिससे वे खुद को अधिक सशक्त और सुरक्षित महसूस कर रही हैं. विशिष्ट अतिथि ने महिला तस्करी, एसिड अटैक, दहेज प्रथा और बाल विवाह जैसे सामाजिक मुद्दों पर चिंता व्यक्त की और कहा कि समाज में महिलाओं और पुरुषों की जनसंख्या के अनुपात को संतुलित करने की दिशा में प्रयास करने होंगे. उन्होंने पांच दिवसीय प्रशिक्षण कोर्स की सराहना की और प्रतिभागियों को इसमें सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए प्रेरित किया.प्रशिक्षण मॉड्यूल में शामिल किए गए हैं 19 सत्र
बीका के निदेशक नीरज कुमार ने बताया कि इस प्रशिक्षण मॉड्यूल में 19 सत्र शामिल किए गए हैं, जिनमें महिला सुरक्षा और अभियोजन से संबंधित सभी महत्वपूर्ण विषयों को समाहित किया गया है. उन्होंने प्रतिभागियों से अनुरोध किया कि वे अपने अनुभव और फीडबैक संस्थान को दें ताकि भविष्य में इस कार्यक्रम को और बेहतर बनाया जा सके. बीका के उपनिदेशक रविकांत देव, अभियोजन कोषांग-सह-सत्र समन्वयक, ने महिला सुरक्षा विषय पर आयोजित चतुर्थ एवं पंचम कोर्स की विस्तृत जानकारी दी. मंच संचालन बीका के सहायक निदेशक अमित कुमार ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन प्रोबेशन पदाधिकारी अंकिता कुमारी ने दिया.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




