हाजीपुर में नशामुक्त युवा-विकसित भारत अभियान का आयोजन, 100 सप्ताह तक चलेगा जागरूकता अभियान

Updated:
विज्ञापन
फोटो -1- लाइव प्रसारण को देखते डीएम एसपी व अन्य  | Prabhat Khabar Network

लाइव प्रसारण को देखते डीएम एसपी व अन्य | Prabhat Khabar Network

हाजीपुर में 'नशामुक्त युवा-विकसित भारत' अभियान के तहत जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया. प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद युवाओं ने नशामुक्त भारत की शपथ ली. नुक्कड़ नाटक के माध्यम से नशे के दुष्परिणामों पर प्रकाश डाला गया.

विज्ञापन

Hajipur News: भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत मेरा युवा भारत ने राष्ट्रीय सेवा योजना के सहयोग से नशा मुक्त युवा-विकसित भारत अभियान के तहत राज नारायण कॉलेज में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया. यह कार्यक्रम देशभर में चल रहे जेन जी अगेंस्ट एडिक्शन राष्ट्रव्यापी जन-अभियान का हिस्सा था. कार्यक्रम में राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र से प्रधानमंत्री के संबोधन का सीधा प्रसारण किया गया. छात्र-छात्राओं एवं अन्य प्रतिभागियों ने प्रधानमंत्री के संदेश को गंभीरता से सुना और नशामुक्त भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने की शपथ ली.

नुक्कड़ नाटक के जरिए नशे के दुष्परिणामों का दिया संदेश

कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों ने आकर्षक नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया. इसके माध्यम से नशे के दुष्परिणामों और नशामुक्त जीवन के महत्व को लेकर जनजागरूकता का संदेश दिया गया. कार्यक्रम में जिले में आगामी 100 सप्ताह तक कार्ययोजना के तहत लगातार नशामुक्ति जागरूकता अभियान चलाने की घोषणा की गई.

डीएम ने दिलाई नशामुक्ति की शपथ

इस अवसर पर जिला पदाधिकारी वर्षा सिंह ने उपस्थित लोगों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई. उन्होंने सभी से पंजीकरण कर ऑनलाइन संकल्प लेने और अधिक से अधिक लोगों को अभियान से जोड़ने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि नशामुक्त युवा ही विकसित भारत की सबसे बड़ी शक्ति हैं. युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा और सकारात्मक सोच राष्ट्र की सबसे बड़ी पूंजी है. यदि युवा नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहेंगे, तो वे परिवार, समाज और देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं.

अभिभावकों और शिक्षकों की भूमिका महत्वपूर्ण : एसपी

पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा ने कहा कि नशामुक्त समाज के निर्माण में अभिभावकों एवं शिक्षकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है. बच्चों पर सतत निगरानी रखने, उनमें मजबूत इच्छाशक्ति विकसित करने तथा अच्छे संस्कार प्रदान करने से उन्हें नशे जैसी बुराइयों से दूर रखा जा सकता है.

विद्यार्थियों से नशामुक्ति संदेश अपनाने की अपील

राज नारायण कॉलेज के प्राचार्य डॉ. विनोद मंडल ने कहा कि विद्यार्थियों को प्रधानमंत्री के नशामुक्ति संदेश को अपने जीवन में आत्मसात करना चाहिए. नशा केवल एक व्यक्ति को नहीं, बल्कि पूरे परिवार एवं समाज को प्रभावित करता है. इसलिए सभी को मिलकर इस सामाजिक बुराई के खिलाफ निरंतर प्रयास करना होगा.

कार्यक्रम में जिला युवा अधिकारी स्मृति सैनी, जिला प्रशासन के वरिष्ठ पदाधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी, शिक्षाविद, एनएसएस एवं एनसीसी के स्वयंसेवक, शिक्षकगण तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे.

Also Read: जीईसी वैशाली में नशा मुक्ति संकल्प समारोह का आयोजन, विद्यार्थियों ने ली नशामुक्त भारत की शपथ


विज्ञापन
कैफ अहमद

लेखक के बारे में

By कैफ अहमद

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन