हाजीपुर में संत रविदास महाराज की 650वीं जयंती मनायी गयी, अजय कुशवाहा बोले- संपूर्ण मानवता के महान पथ प्रदर्शक हैं गुरु रविदास

समारोह को संबाेधित करते भाजपा के जिलाध्यक्ष व अन्य | Prabhat Khabar Network
हाजीपुर में संत रविदास महाराज की 650वीं जयंती समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें भाजपा ने समरसता संकल्प अभियान का शुभारंभ किया. भाजपा जिलाध्यक्ष अजय कुशवाहा ने गुरु रविदास को संपूर्ण मानवता का महान पथ प्रदर्शक बताया.
Hajipur News: हाजीपुर शहर के सांची पट्टी स्थित भाजपा जिला कार्यालय परिसर में संत रविदास महाराज की 650वीं जयंती समारोह का आयोजन किया गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष अजय कुशवाहा ने की, जबकि मंच संचालन भाजपा जिला महामंत्री प्रिय रंजन दास ने किया. कार्यक्रम की शुरुआत पंडित दीनदयाल उपाध्याय और श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गयी.
गुरु रविदास संपूर्ण मानवता के महान पथ प्रदर्शक : अजय कुशवाहा
भाजपा जिलाध्यक्ष अजय कुशवाहा ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज के 650वें जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में भाजपा आगामी 20 फरवरी तक पूरे देश में समरसता संकल्प अभियान चला रही है. उन्होंने कहा कि गुरु रविदास महाराज किसी एक समाज के संत नहीं, बल्कि संपूर्ण मानवता के महान पथ प्रदर्शक हैं.
उन्होंने कहा कि गुरु रविदास का बेगमपुरा दर्शन ऐसे समाज की कल्पना है, जहां किसी प्रकार का दुख, पीड़ा या भेदभाव न हो. उन्होंने बताया कि कलश वंदन अभियान के माध्यम से जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर, वाराणसी की पवित्र मिट्टी से भरे कलश प्रदेश, जिला, मंडल और गांव स्तर तक पहुंचाये जाएंगे.
5 अक्टूबर से निकलेगी समरसता यात्रा
अजय कुशवाहा ने बताया कि गुरु रविदास समरसता यात्रा 5 अक्टूबर से 5 नवंबर तक डेरा सचखंड बल्ला, जालंधर से जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर, वाराणसी तक निकाली जाएगी. उन्होंने कहा कि गुरु रविदास द्वारा दिखाया गया मार्ग 'सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास' के संकल्प का मूल आधार है.
उन्होंने कहा कि यह अभियान सामाजिक समरसता, राष्ट्रीय एकता और विकसित भारत के निर्माण का व्यापक जन आंदोलन बनेगा.
गुरु रविदास महान समाज सुधारक थे : संजय सहाय
भाजपा के जिला प्रभारी संजय सहाय ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज केवल किसी एक समाज के संत नहीं, बल्कि संपूर्ण मानवता के महान पथ प्रदर्शक, भक्ति आंदोलन के महान संत, श्रेष्ठ समाज सुधारक और महान आध्यात्मिक चिंतक थे.
अनुसूचित जाति के जिलाध्यक्ष नवीन राम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि गुरु रविदास ने अपना पूरा जीवन जातिवाद को समाप्त करने और छुआछूत मिटाने में समर्पित कर दिया. उन्होंने सिखाया कि कोई भी व्यक्ति जन्म से छोटा या बड़ा नहीं होता. मनुष्य की वास्तविक पहचान उसके कर्मों और मानवता के प्रति उसके प्रेम से होती है.
उन्होंने बताया कि 31 अगस्त तक संत संपर्क अभियान के अंतर्गत पूरे देश में पार्टी के पदाधिकारी गुरु रविदास परंपरा से जुड़े साधु-संतों और समाज के संतों से सम्मान एवं परंपरागत मर्यादा के साथ मुलाकात कर उनका अभिनंदन करेंगे.
समारोह में भाजपा के कई नेता और कार्यकर्ता रहे मौजूद
मौके पर जिला प्रभारी संजय सहाय, जिला महामंत्री रविंद्र सिंह, प्रिय रंजन दास, पंकज यादव, जिला उपाध्यक्ष विजय कुमार सिंह, मिथिलेश तिवारी, पप्पू शर्मा, सतीश जायसवाल, रंजीत बाबुल, विजय प्रकाश कुशवाहा, टिकंज कुमार, डॉ. रवि प्रकाश, विजय सिंह कुशवाहा, शत्रुघ्न शाह, राजीव रंजन, ननहक राय, सुबोध कुमार, राजेश चौधरी, मुकेश कुशवाहा, रंजीत यादव, सुबोध सिंह, योगेश कुमार, संजय पटेल, अमित कुमार, सोनू चौधरी सहित दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए











