वैशाली के लालगंज में एसयूसीआई की विस्तारित बैठक, महंगाई-बेरोजगारी के खिलाफ जन आंदोलन का आह्वान

फोटो, | Prabhat Khabar Network
वैशाली के लालगंज में सोशलिस्ट यूनिटी सेंटर ऑफ इंडिया (एसयूसीआई) की विस्तारित बैठक में इस युग के महान चिंतक शिवदास घोष के जीवन संघर्ष पर चर्चा की गई. महंगाई, बेरोजगारी और जन समस्याओं के निदान के लिए व्यापक जन आंदोलन खड़ा करने का संकल्प लिया गया.
Hajipur News: वैशाली जिले के लालगंज में सोशलिस्ट यूनिटी सेंटर ऑफ इंडिया के लालगंज अंचल कमेटी की विस्तारित बैठक आयोजित की गयी. बैठक की अध्यक्षता अंचल सचिव डॉ. राजेंद्र शर्मा ने की. बैठक में इस युग के महान चिंतक और दार्शनिक शिवदास घोष के जीवन संघर्ष पर चर्चा की गयी. उनके द्वारा दी गयी क्रांतिकारी शिक्षाओं को आत्मसात कर शोषण, जुल्म, अत्याचार एवं जन समस्याओं के निदान के लिए व्यापक जन आंदोलन सृजित करने का संकल्प लिया गया.
महंगाई और बेरोजगारी के खिलाफ जन आंदोलन का आह्वान
डॉ. शर्मा ने कहा कि आज बेतहाशा बढ़ रही महंगाई, बेरोजगारी, कुशिक्षा, कुसंस्कृति, कृषि और स्वास्थ्य सेवा की बदहाली के खिलाफ आम जनता को संगठित कर व्यापक जन आंदोलन खड़ा करना वक्त की पुकार है. उन्होंने कहा कि सरकार के प्रति बढ़ रहे असंतोष के कारण क्रांति की ज्वार आ रही है और जा रही है.
उन्होंने कहा कि देश के छात्र, नौजवान, मजदूर और किसानों को क्रांतिकारी शिक्षाओं से लैस कर क्रांति की ताकत अर्जित करना सभी की जिम्मेदारी है. तभी पूंजीवादी शासन का अंत कर समाजवादी शासन व्यवस्था लागू की जा सकेगी, जिसमें सभी गरीब-अमीर समान रूप से अपना जीवन निर्वाह कर सकेंगे.
शिवदास घोष की 50वीं स्मृति दिवस पर कार्यक्रम में शामिल होने की अपील
बैठक के अंत में शिवदास घोष के 50वें स्मृति दिवस के अवसर पर आईएमए हॉल, गांधी मैदान, पटना के सभागार में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में शामिल होने की अपील की गयी. कार्यक्रम में पार्टी के पोलित ब्यूरो सदस्य चंडीदास भट्टाचार्य का संबोधन होगा. कार्यक्रम को सफल बनाने में आम लोगों से हरसंभव सहयोग करने की अपील की गयी.
मौके पर मो. रुस्तम, महेश पासवान, रामू पंडित, विजय ठाकुर, बेचन दास, श्याम नंदन ठाकुर, मदन सहनी, जयप्रकाश तिवारी सहित अन्य लोगों ने अपने-अपने विचार रखे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए











