हाजीपुर: लालगंज में पिकअप वैन की ठोकर से घायल वृद्ध की मौत, एंबुलेंस नहीं मिलने पर परिजनों ने किया हंगामा

Updated:
विज्ञापन
फोटो | Prabhat Khabar Network

फोटो | Prabhat Khabar Network

वैशाली जिले के लालगंज में सड़क हादसे में एक 71 वर्षीय वृद्ध की दर्दनाक मौत हो गई. पिकअप वैन की टक्कर से गंभीर रूप से घायल होने के बाद अस्पताल में एंबुलेंस न मिलने पर परिजनों का गुस्सा भड़क उठा.

विज्ञापन

Hajipur News: वैशाली जिले के लालगंज थाना क्षेत्र के हाजीपुर-लालगंज मुख्य मार्ग स्थित पोझियां गांव के पास तेज रफ्तार पिकअप वैन की ठोकर से एक वृद्ध गंभीर रूप से घायल हो गये. मौके पर जुटे लोगों ने घायल को इलाज के लिए लालगंज रेफरल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया. मृतक की पहचान पोझियां गांव निवासी 71 वर्षीय रामप्रसाद दास के रूप में हुई है. घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया.

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस रेफरल अस्पताल पहुंची और आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल हाजीपुर भेज दिया.

सड़क पार करने के दौरान पिकअप वैन ने मारी ठोकर

बताया गया कि रविवार को पोझियां गांव निवासी रामप्रसाद दास घर के पास स्थित चौक से घरेलू सामान लेने गये थे. सड़क पार करने के दौरान तेज रफ्तार पिकअप वैन ने उन्हें जोरदार ठोकर मार दी. हादसे में वृद्ध गंभीर रूप से घायल हो गये.

ठोकर मारने के बाद पिकअप वैन चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया. मौके पर जुटे लोगों ने घायल को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. लोगों ने घटना की सूचना लालगंज थाना की पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी.

एंबुलेंस नहीं मिलने पर परिजनों ने किया हंगामा

रेफरल अस्पताल में वृद्ध की मौत के बाद परिजनों ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल ले जाने के लिए एंबुलेंस की मांग की. अस्पताल प्रशासन द्वारा एंबुलेंस उपलब्ध नहीं कराने पर परिजनों ने हंगामा शुरू कर दिया.

इसकी जानकारी मिलने पर नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष सह भाजपा नेता नवीन कुमार रेफरल अस्पताल पहुंचे और अस्पताल प्रशासन से बात की. उनके पहल पर अस्पताल के एंबुलेंस से शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल लाया गया. पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया.

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

लालगंज थानाध्यक्ष मनमोहन कुमार ने बताया कि पोझियां गांव के पास सड़क दुर्घटना में एक वृद्ध की मौत की सूचना मिली थी. पुलिस रेफरल अस्पताल पहुंची और आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया.

उन्होंने बताया कि पिकअप वैन और चालक की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाला जा रहा है. परिजनों की ओर से इस मामले में लिखित आवेदन नहीं दिया गया है. आवेदन मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

Also Read: हाजीपुर में डाक बम सेवा शिविर का शुभारंभ, डॉ. मुकेश रौशन ने किया उद्घाटन


विज्ञापन
सुशील कुमार सिंह

लेखक के बारे में

By सुशील कुमार सिंह

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन