वैशाली के बिदुपुर में चोरी की एलईडी लाइट के साथ दो पकड़े गये, ग्रामीणों ने पुलिस को सौंपा

वैशाली जिले के बिदुपुर में ग्रामीणों ने सूझबूझ से चोरी की घटना का खुलासा किया है. तीन दिन पहले हुई 17 LED लाइटों की चोरी के मामले में एक आरोपित की निशानदेही पर चोरी का सामान बरामद कर लिया गया है. पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.
Hajipur News: वैशाली जिले के बिदुपुर थाना क्षेत्र के बिशनपुर राजखंड में तीन दिन पहले हुई चोरी के मामले में ग्रामीणों ने खुद जांच करते हुए एक आरोपित को पकड़ लिया. आरोपित की निशानदेही पर चोरी किये गये सामान को भी बरामद किया गया. इसके बाद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना देकर आरोपित को पुलिस के सुपुर्द कर दिया.
दरवाजे से चोरी हुई थीं 17 एलईडी मेटल लाइट
जानकारी के अनुसार, कार्यक्रम स्थल पर सजावट का कारोबार करने वाले बिशनपुर राजखंड निवासी आशीष कुमार, पिता महेंद्र सिंह, के दरवाजे से 17 पीस एलईडी मेटल लाइट चोरी हो गयी थीं. घटना के समय आशीष के पिता दरवाजे पर सोये हुए थे.
इस मामले में आशीष कुमार ने बिदुपुर थाना में चकमसुद निवासी गौतम कुमार एवं अन्य के विरुद्ध आवेदन दिया था. आवेदन में बताया गया था कि चोरी कर भागने के दौरान दूर से ही गौतम कुमार की पहचान हो गयी थी, जबकि अन्य आरोपितों की पहचान नहीं हो सकी थी.
बिदुपुर बाजार में आरोपित को ग्रामीणों ने पकड़ा
रविवार की सुबह बिदुपुर बाजार के पास आशीष कुमार की नजर गौतम कुमार पर पड़ी. इसके बाद उन्होंने उसे पकड़ लिया. सख्ती से पूछताछ करने पर गौतम ने चोरी करने की बात स्वीकार की.
आरोपित ने बताया कि चोरी का सामान बिदुपुर परती के पास स्थित दीपक टेंट हाउस के प्रोपराइटर दीपक कुमार को बेच दिया है.
दीपक के घर से सात एलईडी लाइट बरामद
इसके बाद आशीष कुमार और ग्रामीण गौतम को लेकर दीपक कुमार के घर पहुंचे. वहां से चोरी की सात पीस एलईडी मेटल लाइट बरामद की गयी. इसके बाद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी और आरोपित को पुलिस के सुपुर्द कर दिया. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










