ओपी प्रभारी पर युवक की बेरहमी से पिटाई का आरोप, हालत बिगड़ने पर अस्पताल ले गई पुलिस
सदर अस्पताल में इलाजरत घायल | Prabhat Khabar Network
बिदुपुर में चकसिकंदर ओपी प्रभारी पर एक युवक की बेरहमी से पिटाई करने का आरोप लगा है। घायल युवक को गंभीर हालत में सदर अस्पताल रेफर किया गया है।
Hajipur News : बिदुपुर थाना क्षेत्र के चकसिकंदर ओपी प्रभारी पर एक युवक की कथित बेरहमी से पिटाई करने का आरोप लगा है. घटना के बाद घायल युवक को पहले बिदुपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल रेफर कर दिया. घायल की पहचान कुसीयारी गांव निवासी दीनानाथ राय के पुत्र धीरज कुमार के रूप में हुई है.
हिरासत में लेने के बाद मारपीट का आरोप
परिजनों के अनुसार रविवार देर रात चकसिकंदर ओपी प्रभारी संदीप कुमार देवा चौक-जंदाहा मुख्य मार्ग स्थित एक लाइन होटल संचालक के घर छापेमारी करने पहुंचे थे. होटल संचालक के नहीं मिलने पर पुलिस ने उसके छोटे भाई धीरज कुमार को नशे की हालत में होने का आरोप लगाते हुए हिरासत में ले लिया.
सुनसान जगह पर ले जाकर पीटने का आरोप
पीड़ित के परिजनों का आरोप है कि ओपी प्रभारी और दो अन्य पुलिसकर्मी धीरज कुमार को पुलिस वाहन से सुनसान चंवर क्षेत्र में ले गए, जहां उसकी बेरहमी से पिटाई की गई. परिजनों का दावा है कि युवक के सिर, सीने और शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटें आई हैं. उनका कहना है कि युवक के बेहोश होने के बाद पुलिसकर्मी उसे बिदुपुर सीएचसी लेकर पहुंचे, जहां से उसे सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया.
पुलिस का पक्ष नहीं आया सामने
इस मामले में बिदुपुर थानाध्यक्ष और चकसिकंदर ओपी प्रभारी से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन खबर लिखे जाने तक दोनों अधिकारियों से संपर्क नहीं हो सका और उनका पक्ष सामने नहीं आ पाया. मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By Abhishek Kumar
अभिषेक कुमार मैं 9 साल से पत्रकारिता कर रहा हूं नेशनल मीडिया चैनल में के साथ काम किया हूं मेरी सबसे अच्छा पकड़ क्राइम की खबर और राजनीतिक की खबर पर है वहीं दैनिक अखबारी के डिजिटल बिग में भी काम कर चुका हूं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










