आरएन कॉलेज में नवप्रवेशी छात्रों का इंडक्शन मीट, एसपी ने अनुशासन और नियमित पढ़ाई का दिया संदेश

Updated:
विज्ञापन

कार्यक्रम का शुभारंभ एसपी, प्राचार्य व अन्य | Prabhat Khabar Network

आरएन महाविद्यालय में नवप्रवेशी विज्ञान संकाय के छात्रों के लिए इंडक्शन मीट का आयोजन किया गया. इस दौरान छात्रों को उच्च शिक्षा के महत्व और शैक्षणिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया गया.

विज्ञापन

Hajipur News : हाजीपुर शहर के आरएन महाविद्यालय परिसर में यूजी विज्ञान संकाय के नवप्रवेशी विद्यार्थियों के स्वागत एवं मार्गदर्शन के लिए इंडक्शन मीट का आयोजन किया गया. कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वैशाली के पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा थे. कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन और राष्ट्रगान के साथ हुआ. इस दौरान मुख्य अतिथि का पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र देकर सम्मान किया गया.

उच्च शिक्षा व्यक्तित्व निर्माण का माध्यम : प्राचार्य

महाविद्यालय के प्राचार्य विनोद मंडल ने नवप्रवेशी विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि उच्च शिक्षा केवल डिग्री प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण, ज्ञानार्जन, नैतिक मूल्यों के विकास और सामाजिक उत्तरदायित्व को समझने की प्रक्रिया है. उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित कक्षाओं में उपस्थित रहने, अनुशासन का पालन करने तथा शैक्षणिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया.

महाविद्यालय की व्यवस्था से कराया परिचित

जीव विज्ञान विभागाध्यक्ष प्रो. सुषमा कुमारी ने इंडक्शन व्याख्यान के माध्यम से विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम, प्रयोगशालाओं, पुस्तकालय, आंतरिक मूल्यांकन प्रणाली, अनुशासन एवं छात्रहित में संचालित विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी. वहीं भौतिकी विभागाध्यक्ष प्रो. किरण कुमारी ने विद्यार्थियों से अपनी प्रतिभा के अनुरूप उपलब्ध अवसरों का पूरा लाभ उठाने की अपील की. आईक्यूएसी समन्वयक प्रो. अनुराधा जैसवाल ने मुख्य अतिथि का परिचय प्रस्तुत किया.

सोशल मीडिया से दूरी, पढ़ाई पर दें पूरा ध्यान : एसपी

मुख्य अतिथि एसपी शुभांक मिश्रा ने विद्यार्थियों के साथ अपने छात्र जीवन के अनुभव साझा करते हुए कहा कि सफलता का आधार कठिन परिश्रम, आत्मानुशासन और लक्ष्य के प्रति निरंतर समर्पण है. उन्होंने सोशल मीडिया एवं अन्य ऑनलाइन गतिविधियों पर अनावश्यक समय खर्च करने से बचने की सलाह देते हुए कहा कि डिजिटल संसाधनों का उपयोग केवल ज्ञानवर्धन और सकारात्मक उद्देश्यों के लिए करें.

90 प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने की अपील

एसपी ने विद्यार्थियों से कम से कम 90 प्रतिशत कक्षा उपस्थिति बनाए रखने पर जोर देते हुए कहा कि नियमित अध्ययन से विषय की बेहतर समझ विकसित होती है और सफलता की संभावना बढ़ती है. उन्होंने छात्रों से अनुशासित, जिम्मेदार और संवेदनशील नागरिक बनने का आह्वान किया. कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगीत वंदे मातरम् के सामूहिक गायन के साथ हुआ. इंडक्शन मीट में विज्ञान संकाय के बड़ी संख्या में नवप्रवेशी विद्यार्थी, शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारी उपस्थित रहे.


विज्ञापन
राहुल कुमार राय

लेखक के बारे में

By राहुल कुमार राय

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन