वैशाली: लालगंज में छात्रों का प्रदर्शन, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर सड़क जाम

प्रदर्शन करते छात्र
दिल्ली के जंतर-मंतर सहित अन्य शहरों में प्रदर्शनकारियों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में लालगंज में छात्रों ने जोरदार प्रदर्शन किया. उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग करते हुए सड़क जाम कर दिया, जिससे यातायात प्रभावित हुआ.
Hajipur Student protest: दिल्ली के जंतर-मंतर और पटना सहित राज्य के अन्य शहरों में प्रदर्शनकारियों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में शुक्रवार को लालगंज में छात्रों ने जोरदार प्रदर्शन किया. इस दौरान प्रदर्शनकारी छात्रों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए तीनपुलवा चौक को जाम कर दिया.
सड़क जाम के कारण करीब दो घंटे तक आवागमन पूरी तरह प्रभावित रहा, जिससे आम लोगों और यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा. प्रदर्शन के दौरान छात्रों और युवाओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए शिक्षा व्यवस्था और छात्र हितों से जुड़े मुद्दों को उठाया.
आंदोलन में शामिल हुए राजद नेता और कार्यकर्ता
छात्र-युवा आंदोलन को समर्थन देने के लिए राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता और कार्यकर्ता भी बड़ी संख्या में पहुंचे. उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के साथ-साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी इस्तीफे की मांग की. प्रदर्शन के दौरान कुछ छात्रों ने महाराणा प्रताप चौक को भी जाम कर दिया. वहीं प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री का पुतला फूंककर अपना विरोध दर्ज कराया.
प्रशासन ने समझाकर हटवाया जाम
लालगंज में छात्रों के आंदोलन और सड़क जाम की सूचना मिलते ही एसडीएम रामबाबू बैठा और सदर-2 एसडीपीओ गोपाल मंडल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. प्रशासनिक अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उन्हें समझाया और किसी तरह जाम समाप्त कराया. इसके बाद सड़क पर वाहनों की आवाजाही सामान्य हो सकी.
दो घंटे तक प्रभावित रहा यातायात
जाम के कारण लालगंज के प्रमुख मार्गों पर वाहनों की लंबी कतार लग गई. बाजार आने-जाने वाले लोगों, स्कूली छात्रों और यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा. जाम हटने के बाद प्रशासन ने यातायात व्यवस्था को सामान्य कराया और क्षेत्र में स्थिति पर निगरानी बनाए रखी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










