hajipur news. आज से 70 केंद्रों पर शुरू हो रही मैट्रिक की परीक्षा, जूता-मोजा पहनकर आने पर नहीं मिलेगा प्रवेश

Updated at : 16 Feb 2025 10:12 PM (IST)
विज्ञापन
hajipur news. आज से 70 केंद्रों पर शुरू हो रही मैट्रिक की परीक्षा, जूता-मोजा पहनकर आने पर नहीं मिलेगा प्रवेश

परीक्षा में शामिल होंगे 57951 परीक्षार्थी, छात्रों से ज्यादा है छात्राओं की संख्या, केंद्रों के आसपास धारा 144 लगायी गयी है

विज्ञापन

हाजीपुर. बिहार बोर्ड की मैट्रिक परीक्षा सोमवार से शुरू हो रही है. 17 से 25 फरवरी तक आयोजित होने वाली मैट्रिक परीक्षा के लिए जिले में 70 परीक्षा केंद्र बनाये गये हैं. इस वर्ष मैट्रिक की परीक्षा में जिला में कुल 57951 परीक्षार्थी शामिल हो रहे हैं. इनमें छात्रों की संख्या 27635 तथा छात्राओं की संख्या 30316 है. शांतिपूर्ण तरीके से कदाचारमुक्त परीक्षा के संचालन के लिए जिला प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है. मैट्रिक परीक्षा को लेकर रविवार को डीएम यशपाल मीणा और एसपी ललित मोहन शर्मा ने समाहरणालय सभाकक्ष में केंद्राधीक्षक, परीक्षा ड्यूटी में प्रतिनियुक्त स्टेटिक मजिस्ट्रेट, सीनियर स्टेटिक मजिस्ट्रेट, जोनल मजिस्ट्रेट और पुलिस पदाधिकारियों के साथ ज्वाइंट ब्रीफिंग की.

ज्वाइंट ब्रीफिंग में बताया गया की परीक्षा के सफल संचालन के लिए एक संयुक्त आदेश जारी किया गया है. सभी केंद्राधीक्षक और प्रतिनियुक्ति पदाधिकारी और पुलिस अधिकारी इस आदेश का अक्षरशः पालन करेंगे. केंद्र पर विधि व्यवस्था बनाए रखने के लिए केंद्रों के आसपास धारा 144 लगायी गयी है. जो परीक्षार्थी, अभिभावक, शिक्षक, केंद्र अधीक्षक, पदाधिकारी पुलिस पदाधिकारी या पुलिसकर्मी परीक्षा में कदाचार करते या उसे बढ़ावा देते हुए पाए जाएंगे तो उन्हें छह माह के लिए जेल जाना पड़ेगा. परीक्षा ड्यूटी में प्रतिनियुक्त पदाधिकारी और पुलिस अधिकारी को परीक्षा केंद्र पर पूर्वाह्न 7:30 बजे तक निश्चित रूप से पहुंच जाने का निर्देश दिया गया. केंद्राधीक्षक को छोड़कर किसी भी पदाधिकारी, पुलिस अधिकारी या कर्मचारियों को परीक्षा केंद्र में मोबाइल नहीं ले जाना है.

तीन स्तरों पर होगी जांच

बैठक में बताया कि परीक्षा केंद्रों में उन्हें ही प्रवेश दिया जाएगा, जिनके पास एडमिट कार्ड एवं एक फोटो युक्त पहचान पत्र हो. परीक्षार्थियों को प्रथम पाली में पूर्वाह्न 9:00 बजे तक तथा द्वितीय पाली में अपराह्न 1.30 बजे तक परीक्षा केंद्र में प्रवेश कर जाना है. इसके बाद प्रवेश बंद हो जाएगा. यदि कोई परीक्षार्थी लेट से केंद्र पर पहुंचता है और बाउंड्री फांद कर या जबर्दस्ती परीक्षा केंद्र में प्रवेश की कोशिश करेगा तो उसे परीक्षा से निष्कासित करते हुए एफआईआर दर्ज की जाएगी. परीक्षार्थियों के लिए जूता मोजा पहनकर परीक्षा केंद्र में प्रवेश करना वर्जित है. वे चप्पल पहनकर ही प्रवेश करेंगे. तीन स्तरों पर तलाशी के बाद ही परीक्षा केंद्र में जाने की अनुमति मिलेगी. बताया गया की परीक्षा संचालन के क्रम में कदाचार के आरोप में गिरफ्तार व्यक्ति के विरुद्ध दायर मुकदमों के समरी ट्रायल एवं दंड विचारण के लिए हाजीपुर अनुमंडल में चार, महुआ और महनार अनुमंडल में दो-दो विशेष न्यायिक दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गयी है.

कंट्रोल रूम से ली जायेगी पल-पल की जानकारी

परीक्षा के दौरान समाहरणालय सभाकक्ष में दूरभाष संख्या 06224-260220, पर जिला नियंत्रण कक्ष कार्यरत रहेगा. इसके अलावा महुआ अनुमंडल का नियंत्रण दूरभाष संख्या है 06227-223214 तथा महनार अनुमंडल का नियंत्रण कक्ष दूरभाष संख्या है 06229-235220, पर कार्यरत रहेगा. यह नियंत्रण कक्ष परीक्षा अवधि में पूर्वाह्न 7:30 बजे से परीक्षा समाप्ति तक लगातार कार्यरत रहेगा. ज्वाइंट ब्रीफिंग में एडीएम विनोद कुमार सिंह, डीडीसी कुंदन कुमार, एडीएम (आपदा) अरुण कुमार सिंह, एडीएम (विभागीय जांच) मो एहसान अहमद, सभी अनुमंडल के एसडीएम, डीपीआरओ नीरज, शिक्षा विभाग के पदाधिकारी सहित सभी केंद्राधीक्षक, प्रतिनियुक्त मजिस्ट्रेट तथा पुलिस अधिकारी मौजूद थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन