हाजीपुर में अब नहीं होगा पावर कट, 25 करोड़ की लागत से बन रहे 2 पावर सब-स्टेशन, इसी साल से शुरू होगी आपूर्ति

ताजपुर बुजुर्ग में निर्माणाधीन सब स्टेशन
Mahua Electricity substation : बिहार के महुआ के ग्रामीणों के लिए खुशखबरी है. 25 करोड़ रुपये की लागत से दो नए बिजली सब-स्टेशनों का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है. उम्मीद है कि इस साल के अंत तक ये चालू हो जाएंगे, जिससे 24 घंटे निर्बाध बिजली सप्लाई सुनिश्चित होगी.
Mahua Electricity substation : बिहार के हाजीपुर जिले के महुआ प्रखंड में लंबे समय से बिजली कटौती और लो-वोल्टेज की समस्या झेल रहे लोगों के लिए एक बड़ी राहत की खबर है. नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (NBPDCL) द्वारा महुआ क्षेत्र में करीब 25 करोड़ रुपये की लागत से दो नए बिजली सब-स्टेशनों का निर्माण कार्य युद्धस्तर पर कराया जा रहा है. इस साल के अंत तक दोनों सब-स्टेशनों के चालू होने की उम्मीद है, जिससे महुआ के ग्रामीण इलाकों में निर्बाध बिजली सप्लाई शुरू हो जाएगी.
मिर्जानगर और छतवारा फीडर में बन रहे सब-स्टेशन
विद्युत विभाग द्वारा महुआ प्रखंड के मिर्जानगर फीडर अंतर्गत ताजपुर बुजुर्ग में और छतवारा फीडर अंतर्गत मोहनपुर धनराज में नए सब-स्टेशनों का निर्माण कराया जा रहा है. दोनों ही स्थानों पर कार्य एजेंसियों द्वारा भूमि पूजन के बाद बाउंड्री वॉल और ऑफिस बिल्डिंग का निर्माण कार्य काफी तेजी से कराया जा रहा है. बिल्डिंग का काम पूरा होते ही बिजली के खंभे और ट्रांसफार्मर लगाने की प्रक्रिया शुरू होगी.
25 करोड़ की लागत से दो बड़ी कंपनियां करा रहीं निर्माण
ग्रामीण इलाकों में लो-वोल्टेज और आंख-मिचौली की परेशानी को दूर करने के लिए करीब 25 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया गया है. ताजपुर बुजुर्ग में 'लूमिनो' कंपनी और मोहनपुर धनराज में 'पोलिकेब' कंपनी द्वारा निर्माण कार्य कराया जा रहा है. भवन निर्माण के बाद 33 केवी (KV) की लाइन खींचकर सब-स्टेशन को पावर ग्रिड से जोड़ा जाएगा, जिससे उपभोक्ताओं को बेहतर वोल्टेज मिल सके.
इसी साल नवंबर-दिसंबर तक काम पूरा करने का लक्ष्य
विद्युत विभाग की टेंडर शर्तों के अनुसार, कार्य एजेंसियों को इस वर्ष के नवंबर या दिसंबर तक निर्माण कार्य हर हाल में पूरा करने की समय सीमा तय की गई है. तय समय में काम पूरा होने के तुरंत बाद दोनों सब-स्टेशनों को चालू कर दिया जाएगा. इसके बाद महुआ के हजारों ग्रामीण उपभोक्ताओं को बिना किसी रुकावट के 24 घंटे गुणवत्तापूर्ण बिजली मिलने लगेगी.
कार्यपालक विद्युत अभियंता रमेश कुमार का बयान
महुआ प्रमंडल के कार्यपालक विद्युत अभियंता रमेश कुमार ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली की समस्याओं को जड़ से समाप्त करने के उद्देश्य से ताजपुर बुजुर्ग और मोहनपुर धनराज (समसपुरा क्षेत्र) में सब-स्टेशनों का निर्माण कराया जा रहा है. उन्होंने भरोसा जताया कि निर्माण कार्य पूरा होते ही इस वर्ष के अंत तक दोनों सब-स्टेशनों को चालू कर दिया जाएगा ताकि स्थानीय लोगों को इसका सीधा लाभ मिल सके.
Also Read : हाजीपुर : पुलिस ने कार की डिक्की और सीट के नीचे छिपी थी 200 लीटर शराब किया जब्त, दो गिरफ्तार
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










