हाजीपुर: मंडई डीह में धूमधाम से हुई महावीर पूजा, श्रद्धालुओं ने अर्पित की महावीरी ध्वजा
विशेष पूजा पर बैठे श्रद्धालु | Prabhat Khabar Network
हाजीपुर के पातेपुर स्थित महावीर स्थान पर वार्षिक सामूहिक पूजा का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने वैदिक विधि-विधान से भगवान महावीर को ध्वज अर्पित किया।
Hajipur News : पातेपुर प्रखंड के मंडवी डीह उर्फ मंडई डीह गांव स्थित महावीर स्थान पर मंगलवार को सामूहिक वार्षिक महावीर पूजा धूमधाम से संपन्न हुई. सावन शुक्ल पक्ष की षष्ठी तिथि पर आयोजित पूजा में बड़ी संख्या में ग्रामीणों और श्रद्धालुओं ने भाग लिया. भक्तों ने सामूहिक रूप से महावीरी ध्वजा अर्पित कर वैदिक विधि-विधान से हनुमान जी की पूजा-अर्चना की.
वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुई पूजा-अर्चना
पूजा समिति के सदस्य सुबोध कुमार सिंह ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी श्री महावीर पूजा महोत्सव का आयोजन किया गया. पूजा संयोजक शशि कुमार मुन्ना के नेतृत्व में ग्रामीणों ने पूजा को लेकर व्यापक तैयारियां की थीं. निर्धारित समय पर श्रद्धालु प्रसाद, पूजा सामग्री और महावीरी ध्वजा लेकर मंदिर परिसर पहुंचे.
स्थानीय आचार्य पंडित ललन झा के वैदिक मंत्रोच्चार के साथ श्रद्धालुओं को संकल्प कराया गया. इसके बाद विधिवत हनुमत जी की पूजा-अर्चना करायी गयी. विशेष पूजा के दौरान मंत्रोच्चार के बीच भक्तों ने भगवान महावीर को महावीरी ध्वजा अर्पित की.
ग्रामीणों में दिखा उत्साह
वार्षिक पूजा को लेकर पूरे गांव में विशेष उमंग और उत्साह का माहौल रहा. पूजा स्थल पर श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी रही. ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से पूजा में शामिल होकर गांव की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की.
आज होगी कुलदेवी माता त्रिपुर सुंदरी की पूजा
ग्रामीणों ने बताया कि बुधवार को पूरे गांव में कुलदेवी माता त्रिपुर सुंदरी की वार्षिक पूजा और अनुष्ठान परंपरागत तरीके से संपन्न कराया जाएगा. इसे लेकर भी ग्रामीणों की ओर से व्यापक स्तर पर तैयारियां की गयी हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










