गुरु रविदास जयंती पर हाजीपुर में निकली कलश यात्रा, 27 अगस्त से शुरू होगा संकल्प अभियान
फोटो -2- कार्यक्रम में टीबी मरीज को पोषण आहार देते जिला पदाधिकारी | Prabhat Khabar Network
हाजीपुर में संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास संकल्प अभियान का शुभारंभ हुआ। कलश यात्रा के साथ सरकारी योजनाओं के लाभुकों को सहायता राशि और आवास की चाबियां सौंपी गईं।
Hajipur News : संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में बिहार सरकार द्वारा आयोजित संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास संकल्प अभियान की शुरुआत मंगलवार को कलश यात्रा के साथ हुई. शहर के बुद्ध पार्क से जिला पदाधिकारी वर्षा सिंह और पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा ने कलश यात्रा को रवाना किया. विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए यात्रा पोखरा मोहल्ला स्थित महादलित टोला पहुंची, जहां इसका समापन हुआ.
समानता और सामाजिक समरसता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने पर जोर
कार्यक्रम में संत रविदास के जीवन, विचारों और सामाजिक समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया गया. वक्ताओं ने कहा कि संत रविदास ने समानता, भाईचारे और सामाजिक समरसता का संदेश दिया. उनके आदर्शों को आत्मसात करते हुए समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना सभी की जिम्मेदारी है.
27 अगस्त से लगेंगे संकल्प अभियान के शिविर
27 अगस्त 2026 से शुरू होने वाले संकल्प अभियान के शिविरों की तैयारी को लेकर सभी प्रखंड कल्याण पदाधिकारियों और विकास मित्रों को निर्देश दिया गया है. अनुसूचित जाति समुदाय के ऐसे परिवार, जो सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित हैं या जिन्हें किसी योजना का लाभ चाहिए, उनसे शिविर से पहले ही आवेदन लिया जाएगा. आवेदनों को संबंधित विभागों को भेजकर पात्रता सत्यापन और जरूरी प्रक्रिया पहले पूरी की जाएगी, ताकि शिविर के दौरान पात्र लाभुकों को योजनाओं का लाभ मिल सके.
लाभुकों को आवास की चाबी और कार्यादेश मिला
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के तहत पात्र लाभुक ललिता देवी, लालवती देवी और किरण देवी को कार्यादेश, द्वितीय किस्त की राशि का चेक और पूर्ण आवासों की चाबी दी गयी. वहीं आवास निर्माण के लिए द्वितीय किस्त के रूप में एक-एक लाख रुपये का चेक राजेश कुमार, विमल देवी, सियापति देवी, वीणा देवी और कुमरिया देवी को प्रदान किया गया.
आवास निर्माण के लिए भी मिला कार्यादेश
आवास निर्माण शुरू करने के लिए नगिना खातून और मुहम्मद अहमद को कार्यादेश दिया गया. कार्यक्रम के दौरान महादलित समुदाय के पांच टीबी मरीजों को फूड बास्केट और पोषण आहार पैकेट भी उपलब्ध कराया गया.
कलश यात्रा और कार्यक्रम में नजारत उप समाहर्ता, जिला कल्याण पदाधिकारी, जिला विकास पदाधिकारी, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी, नगर परिषद हाजीपुर के कार्यपालक पदाधिकारी, प्रखंड कल्याण पदाधिकारी समेत अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी और हाजीपुर प्रखंड के सभी विकास मित्र मौजूद रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










