हाजीपुर-लालगंज मार्ग पर डम्फर की बाइक से टक्कर, 1 की मौत, परिजनों ने किया चक्काजाम

Published by : Aditya Kumar Ravi Updated At : 16 May 2026 4:55 PM

विज्ञापन

मृतक की तस्वीर

Hajipur News: हाजीपुर-लालगंज मार्ग पर काजीपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार रात अज्ञात डम्फर की चपेट में आने से 32 वर्षीय अमरजीत साह की मौत हो गई. शुक्रवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव पहुंचते ही परिजनों ने पोझियां में मुख्य मार्ग को एक घंटे तक जाम रखा. पुलिस ने मुआवजे का आश्वासन देकर जाम हटवाया.

विज्ञापन

Hajipur News(सुशील कुमार सिंह): हाजीपुर-लालगंज मुख्य मार्ग पर काजीपुर थाना क्षेत्र के अखिल भारतीय धर्म संघ के समीप शुक्रवार की देर रात एक तेज रफ्तार अज्ञात डम्फर ने बाइक सवार को कुचल दिया. इस हादसे में 32 वर्षीय युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने शनिवार की सुबह शव को बीच सड़क पर रखकर करीब एक घंटे तक मार्ग जाम रखा.

काम से घर लौटने के दौरान हुआ हादसा

परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, लालगंज थाना क्षेत्र के बसंता जहानाबाद पंचायत अंतर्गत बसंता गांव निवासी रामप्रवेश साह का 32 वर्षीय पुत्र अमरजीत साह पेशे से हलवाई था. शुक्रवार की रात वह रोज की तरह हाजीपुर से काम खत्म कर अपनी बाइक से घर लौट रहा था. इसी दौरान काजीपुर थाना क्षेत्र में एक अज्ञात डम्फर ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया.

पहचान पत्र से हुई शिनाख्त, परिजनों में कोहराम

राहगीरों और स्थानीय लोगों की सूचना पर काजीपुर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए हाजीपुर सदर अस्पताल भेज दिया. बता दें कि पुलिस को मृतक के पास से उसका आधार कार्ड मिला, जिसके आधार पर शिनाख्त कर परिजनों को हादसे की सूचना दी गई. मौत की खबर सुनते ही घर में कोहराम मच गया और परिजन रात में ही सदर अस्पताल पहुँच गए.

मुआवजे की मांग को लेकर पोझियां में सड़क जाम

शनिवार की सुबह हाजीपुर सदर अस्पताल से पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही अमरजीत का शव उसके पैतृक क्षेत्र पहुंचा, लोगों का गुस्सा भड़क उठा. आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने लालगंज-हाजीपुर मुख्य मार्ग के पोझियां के पास शव को बीच सड़क पर रखकर जाम लगा दिया. सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं.

घटना की सूचना मिलते ही लालगंज और करताहां थाने की पुलिस बल मौके पर पहुँची. अधिकारियों ने आक्रोशित लोगों को उचित मुआवजे और दोषी वाहन चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद करीब एक घंटे से जारी जाम को खुलवाया जा सका और आवागमन सामान्य हुआ।

दो मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

परिजनों ने बताया कि मृतक अमरजीत अपने पीछे दो छोटे-छोटे बच्चे और पत्नी को छोड़ गया है. वह अपने परिवार का एकमात्र कमाऊ सदस्य था. बीच सड़क पर शव से लिपटकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था, जिसे देख वहां मौजूद हर आंख नम हो गई.

अधिकारियों का बयान

इस संबंध में वैशाली एसडीपीओ गोपाल मंडल ने बतायाकि अज्ञात वाहन की ठोकर से एक 32 वर्षीय व्यक्ति की मौत हुई है, जो लालगंज थाना क्षेत्र का रहने वाला था. सड़क जाम कर रहे लोगों को समझा-बुझाकर मामला शांत करा लिया गया है और यातायात बहाल कर दिया गया है. पुलिस अज्ञात डम्फर और उसके चालक की तलाश में जुटी है.

Also Read: हाजीपुर में कागजों तक सिमटा अतिक्रमण हटाओ अभियान, कार्रवाई के बाद फिर सज जाती हैं दुकानें

विज्ञापन
Aditya Kumar Ravi

लेखक के बारे में

By Aditya Kumar Ravi

Aditya Kumar Ravi is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन