जनगणना-2027 से पहले वैशाली में तैयारी, 45 क्षेत्रीय पदाधिकारियों को दिया गया विशेष प्रशिक्षण

प्रशिक्षण कार्यशाला
Census 2027 : भारत की जनगणना 2027 के तहत वैशाली जिले में जिला जनगणना हस्तपुस्तिका तैयार करने के लिए एक कार्यशाला का आयोजन किया गया. इस कार्यशाला का उद्देश्य प्रक्रिया को त्रुटिरहित बनाना और 45 क्षेत्रीय पदाधिकारियों को प्रशिक्षित करना था. यह हस्तपुस्तिका जिले की विकास योजनाओं के लिए महत्वपूर्ण दस्तावेज साबित होगी.
Census 2027 : भारत की जनगणना-2027 के तहत वैशाली जिले में जिला जनगणना हस्तपुस्तिका तैयार करने की प्रक्रिया को प्रभावी और त्रुटिरहित बनाने के लिए कार्यशाला आयोजित की गई. इसमें भगवानपुर और देसरी प्रखंड के 45 क्षेत्रीय पदाधिकारियों को आवश्यक प्रशिक्षण दिया गया.
जनगणना-2027 को लेकर आयोजित हुई कार्यशाला
हाजीपुर स्थित जिला परिषद सभागार में भारत की जनगणना-2027 के तहत जिला जनगणना हस्तपुस्तिका तैयार करने को लेकर कार्यशाला आयोजित की गई. कार्यशाला का उद्देश्य जिला जनगणना हस्तपुस्तिका तैयार करने की प्रक्रिया को प्रभावी, सटीक और त्रुटिरहित बनाना था.
भगवानपुर और देसरी के 45 पदाधिकारियों ने लिया प्रशिक्षण
कार्यशाला में भगवानपुर प्रखंड के 37 और देसरी प्रखंड के 8 सहित कुल 45 क्षेत्रीय पदाधिकारियों ने भाग लिया. दोनों प्रखंडों के चार्ज अधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी भी प्रशिक्षण कार्यक्रम में मौजूद रहे. प्रतिभागियों को आवश्यक प्रपत्रों के संधारण, आंकड़ों के संग्रहण, सत्यापन और प्रतिवेदन तैयार करने की विस्तृत जानकारी दी गई.
विकास योजनाओं के लिए महत्वपूर्ण होगी जनगणना हस्तपुस्तिका
कार्यशाला में बताया गया कि जिला जनगणना हस्तपुस्तिका किसी जिले की सामाजिक, आर्थिक, भौगोलिक और प्रशासनिक स्थिति का महत्वपूर्ण दस्तावेज होती है. इसमें ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों से संबंधित सांख्यिकीय एवं गैर-सांख्यिकीय आंकड़ों का संकलन किया जाएगा. इन आंकड़ों का उपयोग भविष्य की विकास योजनाओं, आधारभूत संरचना, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सड़क, बिजली और अन्य सरकारी योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन तथा नीति निर्माण में किया जाएगा.
गुणवत्तापूर्ण डेटा संकलन पर दिया गया जोर
जनगणना निदेशालय के जिला नोडल पदाधिकारी संजीव कुमार श्रीवास्तव और सहायक नोडल पदाधिकारी उत्पल कुमार ने क्षेत्रीय पदाधिकारियों को अभिलेखों के सत्यापन, प्रपत्रों के सही संधारण और गुणवत्तापूर्ण डेटा संकलन की प्रक्रिया की जानकारी दी. कार्यशाला के दौरान प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया, ताकि क्षेत्रीय स्तर पर आंकड़ों के संकलन में किसी प्रकार की त्रुटि न हो.
समयबद्ध और प्रमाणिक आंकड़े जुटाने के निर्देश
अपर जिला जनगणना अधिकारी सह निदेशक, डीआरडीए अजीत कुमार और जिला सांख्यिकी पदाधिकारी श्रवण रजक ने सभी क्षेत्रीय पदाधिकारियों को प्रशिक्षण में दिए गए दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए समयबद्ध, सटीक और प्रमाणिक आंकड़ों का संकलन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










