हाजीपुर में मामूली विवाद में पूर्व प्रमुख व सेवानिवृत्त शिक्षक पर हमला, लूटपाट और मंदिर में तोड़फोड़ का आरोप
Hajipur News: वैशाली जिले के बेलसर थाना क्षेत्र के रामपुर अनिरुद्ध गांव में मामूली विवाद को लेकर पूर्व प्रमुख एवं सेवानिवृत्त शिक्षक पर हमला, लूटपाट और मंदिर की चहारदीवारी तोड़ने का मामला सामने आया है. पीड़ित के आवेदन पर पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई है.
Hajipur News(विनय पटेल) वैशाली जिले के बेलसर थाना क्षेत्र के रामपुर अनिरुद्ध गांव में जमीन विवाद को लेकर हिंसक झड़प का मामला सामने आया है. इस घटना में पूर्व प्रमुख एवं सेवानिवृत्त शिक्षक बिन्देश्वर राय ने मारपीट, लूटपाट और तोड़फोड़ का आरोप लगाते हुए पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है.
FIR में गंभीर आरोप
दर्ज कराई गई प्राथमिकी के अनुसार, 6 जून 2026 की रात करीब 9:30 बजे बिन्देश्वर राय अपनी पत्नी के साथ पुराने मकान पर किरायेदार को देखने पहुंचे थे. इसी दौरान उनके भाई और भतीजे बताए जा रहे रामनाथ यादव, श्यामनाथ यादव, सुनील कुमार, विरेंद्र कुमार यादव और नारायण कुमार वहां पहुंचे और गाली-गलौज शुरू कर दी. विरोध करने पर आरोप है कि सभी ने मिलकर दंपति के साथ मारपीट की और लोहे की रॉड से हमला कर पूर्व प्रमुख को घायल कर दिया.
गहनों और सामान की लूट का आरोप
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि मारपीट के दौरान उनकी पत्नी के गले से लगभग दो लाख रुपये मूल्य की तीन सोने की जीतिया, एक लाख रुपये का मंगलसूत्र और करीब 50 हजार रुपये का लॉकेट छीन लिया गया. इसके अलावा कुर्सी, टेबल और अन्य घरेलू सामानों में भी जमकर तोड़फोड़ की गई.
जान बचाकर भागे पीड़ित, पुलिस मौके पर पहुंची
घटना के बाद पूर्व प्रमुख बिन्देश्वर राय किसी तरह अपनी जान बचाकर नए मकान में चले गए. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन उससे पहले सभी आरोपी फरार हो चुके थे.
मंदिर की चहारदीवारी तोड़ने का भी आरोप
FIR में यह भी आरोप लगाया गया है कि 10 जून को आरोपित दोबारा पुराने मकान पर पहुंचे और किरायेदारों को 10 दिनों के भीतर मकान खाली करने की धमकी दी.
इसी दिन आरोप है कि आरोपी जेसीबी लेकर जगन्नाथ हनुमान मंदिर पहुंचे और मंदिर की चहारदीवारी को क्षतिग्रस्त कर गिराने का प्रयास किया.
वीडियो और CCTV फुटेज का दावा
पीड़ित पक्ष ने दावा किया है कि पूरे घटनाक्रम की वीडियो रिकॉर्डिंग और सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध है, जो जांच में अहम सबूत साबित हो सकते हैं.
पुलिस जांच की शुरू
बेलसर थाना पुलिस ने आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है. पुलिस का कहना है कि साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
इसे भी पढ़ें: पूर्व मध्य रेल की नई पहल: यात्रियों को स्टेशनों पर मिलेगा ब्रांडेड फूड, टेंडर और बिजनेस मॉडल पर मंथन शुरू
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By विवेक पाण्डेय
विवेक रंजन पाण्डेय मुख्यधारा की पत्रकारिता में 8 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले पत्रकार और लेखक हैं. वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल (Prabhat Khabar Digital) में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं. राष्ट्रीय राजनीति और बिहार की राजनीति पर उनकी लेखनी विशेष रूप से पहचान रखती है.
वर्तमान में वह बिहार के विभिन्न जिलों से जुड़ी खबरों के साथ-साथ राज्य स्तरीय मुद्दों पर भी नियमित रूप से समाचार, विश्लेषण और समसामयिक विषयों पर लेख प्रकाशित कर रहे हैं. स्थानीय घटनाक्रम को व्यापक संदर्भ में प्रस्तुत करना और महत्वपूर्ण मुद्दों को तथ्यपरक एवं सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचाना उनकी पत्रकारिता की प्रमुख विशेषता है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










