पार्टी के बहाने बुलाकर पूर्व मुखिया पुत्र की हत्या, शव गंगा नदी में फेंका

Updated at : 07 Mar 2025 10:22 PM (IST)
विज्ञापन
पार्टी के बहाने बुलाकर पूर्व मुखिया पुत्र की हत्या, शव गंगा नदी में फेंका

राजापाकर थाना क्षेत्र के गौसपुर गांव निवासी पूर्व मुखिया के पुत्र के लापता होने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है.

विज्ञापन

हाजीपुर.

राजापाकर थाना क्षेत्र के गौसपुर गांव निवासी पूर्व मुखिया के पुत्र के लापता होने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है. जांच में युवक की हत्या कर शव को नदी में फेंके जाने की पुष्टि हुई है. पुलिस शव की तलाश कर रही है. हत्या की वजह 23 लाख रुपये के लेनदेन को बताया जा रहा है. मृतक पप्पू सिंह, बरियारपुर पंचायत के पूर्व मुखिया शिवचंद्र सिंह का पुत्र था. यह जानकारी शुक्रवार को एसपी ने मीडिया को दी.

एसपी ने बताया कि बीते 4 मार्च को शिव चंद्र सिंह ने राजापाकर थाना की पुलिस से अपने पुत्र पप्पू सिंह के लापता होने की जानकारी दी थी. उन्होंने बताया कि पप्पू हाजीपुर में गैराज चलाता था और तीन मार्च को गाड़ी का सौदा करने के लिए घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा. उसकी स्कॉर्पियो राघोपुर थाना के पीछे कच्ची सड़क से लावारिस हालत में बरामद हुई थी. इस मामले के उद्भेदन के लिए महुआ एसडीपीओ सुरभ सुमन के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम बनायी गयी. टीम में पातेपुर थानाध्यक्ष शिवेंद्र नारायण सिंह, राजापाकर थानाध्यक्ष वीणा कुमारी, अन्य पुलिस पदाधिकारी और डीआइयू शामिल थे. तकनीकी अनुसंधान और मोबाइल लोकेशन के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने युवक के रिश्तेदार, आर्मी से रिटायर कुणाल कुमार उर्फ पिंटू को गिरफ्तार किया. उसकी निशानदेही पर एक महिला और कुणाल के दुकान में काम करने वाले एक कर्मी को भी गिरफ्तार किया गया.

भाई ने ही की भाई की हत्या : एसपी ने बताया कि पूछताछ में खुलासा हुआ कि मृतक पप्पू सिंह और कुणाल कुमार ममेरा-फुफेरा भाई थे. कुणाल का एक स्कूल है, जहां नीतू सिंह नाम की महिला शिक्षिका थी. जांच में सामने आया कि नीतू और कुणाल के बीच अवैध संबंध थे. गिरफ्तार नीतू सिंह ने स्वीकार किया कि वह नशे की आदी है. उसी ने पप्पू सिंह को स्कूल में मीट खिलाने और पार्टी करने के बहाने बुलाया था. पूछताछ में पता चला कि स्कूल में कुणाल ने पप्पू के सिर पर बांस से वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. इसके बाद दोनों ने मिलकर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी. फिर शव को बोरे में डालकर पीपा पुल से गंगा नदी में फेंक दिया. शक न हो, इसके लिए स्कॉर्पियो को राघोपुर में लावारिस हालत में छोड़ दिया.

शव की तलाश जारी : एसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों के बयान के आधार पर पुलिस एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की मदद से नदी में शव की तलाश कर रही है. शुक्रवार देर शाम तक शव बरामद नहीं हो सका था. पुलिस ने घटना में प्रयुक्त बांस और अन्य फोरेंसिक साक्ष्य बरामद किये हैं. जांच में यह भी सामने आया कि हत्या के बाद कुणाल ने स्कूल के फर्श को अच्छी तरह से साफ कर दिया था, ताकि सबूत न मिले.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन