बहनोई ने रची थी घर में लूट की साजिश, चार बदमाश गिरफ्तार

Updated at : 07 Mar 2025 10:33 PM (IST)
विज्ञापन
बहनोई ने रची थी घर में लूट की साजिश, चार बदमाश गिरफ्तार

सदर थाना क्षेत्र के नौरंगाबाद गांव में एक घर में लूटपाट करने और एक महिला को गोली मारकर घायल करने के मामले में पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर चार बदमाशों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.

विज्ञापन

हाजीपुर.

सदर थाना क्षेत्र के नौरंगाबाद गांव में एक घर में लूटपाट करने और एक महिला को गोली मारकर घायल करने के मामले में पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर चार बदमाशों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. पुलिस अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है. पुलिस ने बदमाशों के पास से घटना में प्रयुक्त दो बाइक, हथियार, जिंदा कारतूस और अन्य सामान बरामद किया है. गिरफ्तार बदमाशों का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है. यह जानकारी एसपी ललित मोहन शर्मा ने शुक्रवार को मीडिया को दी.एसपी ने बताया कि पांच मार्च को सदर थाना क्षेत्र के जीतन चौक स्थित शोभा देवी के मकान में दो बाइक सवार चार बदमाशों ने लूटपाट की घटना को अंजाम दिया था. इस दौरान बदमाशों ने घर में काम करने वाली महिला सुलेखा देवी को गोली मार दी और एक युवक के सिर पर पिस्टल के बट से वार कर घायल कर दिया. लुटेरे करीब चार लाख रुपये के सोने के आभूषण लेकर फरार हो गये. घटना के बाद गृहस्वामी शोभा देवी के बयान के आधार पर सदर थाने में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी. मामले की गंभीरता को देखते हुए सदर थाना पुलिस की एक विशेष टीम गठित की गयी, जिसमें डीआइयू की भी भागीदारी रही.

तकनीकी अनुसंधान से पकड़े गये बदमाश :

एसपी ने बताया कि पुलिस टीम ने तकनीकी अनुसंधान के आधार पर बिदुपुर थाने के रहिमापुर निवासी दिलीप सिंह के पुत्र अंशु कुमार, बिदुपुर थाने के रजासन निवासी इंद्रजीत पासवान के पुत्र रंजन कुमार, महुआ थाने के ताजपुर बुजुर्ग निवासी किशुनदेव राय के पुत्र अजीत कुमार और बिदुपुर थाने के रजासन निवासी लखिंद्र पासवान के पुत्र नीरज कुमार समेत चार बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने उनके पास से लूटी गयी राशि में से 1.10 लाख रुपये नकद, घटना में प्रयुक्त दो बाइक, एक देसी कट्टा, एक जिंदा कारतूस और एक टैब बरामद किया. गिरफ्तार बदमाशों में शामिल नीरज कुमार ने स्वीकार किया कि वह बीते दो जनवरी को हाजीपुर-महुआ मार्ग स्थित पावर ग्रिड के पास भारत फाइनेंस कंपनी के कर्मी से लूट की घटना में भी शामिल था.

महिला का रिश्तेदार निकला मुख्य साजिशकर्ता :

एसपी ने बताया कि लूट की पूरी साजिश शोभा देवी के बहन के पति महुआ के रहने वाले लाला राय ने रची थी. पूछताछ में पता चला कि शोभा देवी ने हाल ही में अपनी पुश्तैनी जमीन का एक हिस्सा बेचा था, जिसकी जानकारी लाला राय को थी. पैसे की लालच में उसने बदमाशों से संपर्क किया और उन्हें लूट की आधी रकम देने का वादा किया. इसी के तहत उसने अपराधियों के साथ मिलकर लूट की योजना बनायी. पुलिस लाला राय की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है, लेकिन घटना के बाद से वह फरार है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन