बिदुपुर में दो अलग-अलग जगहों पर चोरी, 15 लाख से अधिक के जेवरात और नकदी ले उड़े

Updated:
विज्ञापन

चोरी के बाद बिखरा पड़ा सामान | Prabhat Khabar Network

बिदुपुर में चोरों ने दो अलग-अलग घरों को निशाना बनाकर लाखों के आभूषण और नकदी उड़ाए। बेटी की शादी के लिए रखे गहने चोरी होने से पीड़ित परिवार सदमे में है।

विज्ञापन

Hajipur News : बिदुपुर थाना क्षेत्र के दो अलग-अलग स्थानों पर रविवार की देर रात अज्ञात चोरों ने बंद घरों को निशाना बनाते हुए भीषण चोरी की वारदात को अंजाम दिया. चोरों ने दोनों घरों से सोने के जेवरात, नकदी, बर्तन, कपड़े सहित लाखों रुपये का सामान चोरी कर लिया. एक घर में बेटी की शादी के लिए रखे करीब 10 लाख रुपये के सोने के जेवरात और पांच लाख रुपये नकद चोरी होने की बात सामने आई है. घटना के बाद पीड़ित परिवारों में हड़कंप मचा है.

सोमवारी पर जल चढ़ाने गये थे मुजफ्फरपुर, इधर छत के रास्ते घर में घुसे चोर

चोरी की पहली घटना चकमसूद मठ के समीप संतोष शर्मा के घर की है. बताया गया कि रविवार की देर रात अज्ञात चोर छत के रास्ते घर में प्रवेश कर गए. इसके बाद घर में रखे सोने के जेवरात और 11 हजार रुपये नकद चोरी कर फरार हो गए.

बताया गया कि घर के सभी सदस्य दूसरी सोमवारी पर जल चढ़ाने के लिए मुजफ्फरपुर के गरीब स्थान गए हुए थे. सोमवार को जब परिवार के सदस्य वापस लौटे तो घर का सामान बिखरा हुआ मिला. इसके बाद घटना की सूचना डायल 112 की पुलिस को दी गई.

इधर...माइल पकड़ी में बेटी की शादी के लिए रखे जेवरात और नकदी चोरी

दूसरी घटना बिदुपुर थाना क्षेत्र की माइल पकड़ी पंचायत के पकड़ी गांव की है. यहां चोरों ने धर्मेंद्र चौरसिया के बंद घर को निशाना बनाया. चोर ग्रिल उखाड़कर घर के अंदर दाखिल हुए और करीब 10 लाख रुपये के सोने के जेवरात, पांच लाख रुपये नकद, बर्तन, कीमती कपड़े सहित अन्य सामान चोरी कर ले गए.

बताया गया कि धर्मेंद्र चौरसिया अपनी बेटी की शादी के लिए घर में नकदी और आभूषण रखे हुए थे. वे बीमारी का इलाज कराने के लिए घर में ताला बंद कर बाहर गए थे. मंगलवार को घर लौटने पर चोरी की घटना का पता चला.

बेटी की शादी को लेकर चिंतित है परिवार

घर का सामान बिखरा देखकर पीड़ित परिवार के सदस्य सदमे में हैं. चोरी में बेटी की शादी के लिए रखे जेवरात और नकदी चले जाने के बाद धर्मेंद्र चौरसिया की चिंता बढ़ गई है. पीड़ित की आंखों से आंसू रुकने का नाम नहीं ले रहे थे. उन्हें अब बेटी की शादी की चिंता सता रही है.

पुलिस कर रही मामले की छानबीन

दोनों घटनाओं की जानकारी मिलने के बाद आसपास के लोग मौके पर जुट गए. घटना की सूचना पुलिस को दी गई. पुलिस दोनों मामलों की छानबीन कर रही है और चोरों की पहचान करने में जुटी है. लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय लोगों में भी भय और आक्रोश का माहौल है.


विज्ञापन
राजीव कुमार सिंह

लेखक के बारे में

By राजीव कुमार सिंह

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन