हाजीपुर: पेड़ से बांधकर युवक की लाठी-डंडे से पिटाई का वीडियो वायरल, जांच में जुटी पुलिस

Updated:
विज्ञापन

चोर के आरोप लगा पेड़ से बांध कर पिटाई करते | Prabhat Khabar Network

बिदुपुर के कुतुबपुर में चोरी के शक में एक युवक को पेड़ से बांधकर पीटने का वीडियो वायरल हुआ है। क्षेत्र में बढ़ती चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।

विज्ञापन

Hajipur News : बिदुपुर थाना क्षेत्र के कुतुबपुर गांव में एक युवक को पेड़ से बांधकर एक महिला द्वारा लाठी-डंडे से पिटाई करने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. हालांकि, प्रभात खबर वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है. वायरल वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.

सुनसान जगह पर युवक को बैठे देख मचा हंगामा

जानकारी के अनुसार, कुतुबपुर गांव में एक महिला ने एक अज्ञात युवक को सुनसान जगह पर बैठे देखा. महिला ने आसपास के लोगों को बुलाया और युवक पर चोर होने का आरोप लगाया. इसके बाद वहां जुटे लोगों ने युवक को पकड़ लिया और एक पेड़ से बांध दिया. युवक के पेड़ से बंधते ही महिला ने उसे चोर बताते हुए लाठी-डंडे से पीटना शुरू कर दिया.

दर्जनों लोगों की मौजूदगी में होती रही पिटाई

वायरल वीडियो में महिला युवक की पिटाई करती दिखाई दे रही है. पिटाई के दौरान वहां दर्जनों लोग मौजूद थे, लेकिन किसी ने पुलिस को सूचना नहीं दी. वीडियो में महिला का चेहरा भी स्पष्ट दिखाई दे रहा है. हालांकि युवक कौन है, कहां का रहने वाला है और उस पर किस घर में चोरी करने का आरोप लगाया गया है, इसकी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है.

ग्रामीणों में चोरी की घटनाओं को लेकर आक्रोश

बताया जाता है कि बिदुपुर प्रखंड के विभिन्न गांवों में लगातार चोरी की घटनाएं सामने आने से ग्रामीणों में आक्रोश और भय का माहौल है. चोरों द्वारा घर, दुकान, स्कूल सहित सार्वजनिक और निजी प्रतिष्ठानों को निशाना बनाए जाने की शिकायतें मिल रही हैं. हाल के दिनों में अनाज सहित अन्य सामानों की चोरी की घटनाएं भी सामने आई हैं.

लगातार चोरी की घटनाओं से नाराज ग्रामीणों द्वारा संदिग्ध लोगों को पकड़कर उनके साथ मारपीट किए जाने की खबरें भी सामने आ रही हैं. इस तरह की घटनाएं कानून-व्यवस्था के लिए गंभीर चिंता का विषय बनती जा रही हैं.

वायरल वीडियो की पुलिस कर रही जांच

थानाध्यक्ष रवि प्रकाश ने बताया कि वायरल वीडियो की जांच की जा रही है. उन्होंने कहा कि किसी भी संदिग्ध युवक के साथ मारपीट करने के बजाय उसे पुलिस के हवाले किया जाना चाहिए. लोगों को कानून अपने हाथ में नहीं लेना चाहिए.


विज्ञापन
राजीव कुमार सिंह

लेखक के बारे में

By राजीव कुमार सिंह

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन