अरुणाचल में लापता हाजीपुर के अग्निवीर आदित्य का नहीं मिला सुराग, छोटा भाई अनीश छुट्टी लेकर पहुंचा गांव
लापता सेना के जवान की फाइल फोटो
अरुणाचल प्रदेश के दिबांग वैली में बादल फटने और भूस्खलन के बाद भारतीय सेना के सात जवान लापता हो गए हैं, जिनमें हाजीपुर के अग्निवीर आदित्य कुमार भी शामिल हैं. कई दिनों की तलाश के बाद भी उनका कोई सुराग नहीं मिला है, जिससे परिवार और गांव में चिंता का माहौल है. परिजनों ने सरकार से बचाव अभियान तेज करने की अपील की है.
Hajipur News: अरुणाचल प्रदेश के दिबांग वैली जिले में बादल फटने और भीषण भूस्खलन के बाद भारतीय सेना के सात जवान लापता हो गए हैं. इस घटना में हाजीपुर प्रखंड की दौलतपुर देवरिया पंचायत के सैदपुर रजौली गांव निवासी अग्निवीर आदित्य कुमार भी शामिल हैं. हादसे के कई दिन बीत जाने के बाद भी आदित्य का कोई सुराग नहीं मिलने से उनके पैतृक गांव और परिवार में चिंता का माहौल है. परिजन उनके सकुशल लौटने की उम्मीद लगाए हुए हैं.
अप्रैल 2025 में सेना में शामिल हुए थे आदित्य
सैदपुर रजौली निवासी आशुतोष कुमार के बड़े पुत्र आदित्य कुमार अप्रैल 2025 में अग्निवीर योजना के तहत भारतीय सेना में शामिल हुए थे. ट्रेनिंग पूरी करने के बाद वर्तमान में उनकी तैनाती अरुणाचल प्रदेश के दुर्गम दिबांग वैली स्थित पासुपानी आर्मी कैंप में थी. आदित्य दो भाइयों में सबसे बड़े हैं. उनके छोटे भाई अनीश कुमार भी अग्निवीर के रूप में जनवरी 2026 में सेना में शामिल हुए हैं और फिलहाल सिक्किम में पदस्थापित हैं. बड़े भाई के लापता होने की सूचना मिलने के बाद अनीश छुट्टी लेकर अपने पैतृक गांव पहुंचे हैं.
15 अगस्त की सुबह मिली लापता होने की सूचना
परिजनों के लिए स्वतंत्रता दिवस की सुबह चिंता में बदल गयी, जब उन्हें आदित्य के लापता होने की सूचना मिली. लापता जवान के दादा चंद्रकेत प्रसाद यादव के अनुसार, 15 अगस्त की सुबह यूनिट के सूबेदार मेजर ने आदित्य के पिता आशुतोष कुमार के मोबाइल पर फोन किया.
फोन पर बताया गया कि इलाके में अचानक बादल फटने से आए सैलाब और भारी भूस्खलन के कारण सेना के सात जवान लापता हो गए हैं. सूचना मिलने के बाद सेना ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया. तलाशी अभियान के दौरान दो जवानों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन आदित्य कुमार सहित पांच जवानों का अब तक कोई आधिकारिक पता नहीं चल सका है. सेना की विशेष टीमें और बचाव दल दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में लगातार तलाशी अभियान चला रहे हैं.

केंद्र सरकार और रक्षा मंत्रालय से गुहार
आदित्य के लापता होने के बाद से उनका परिवार गहरे सदमे में है. उनके दादा चंद्रकेत प्रसाद यादव ने प्रधानमंत्री, रक्षा मंत्री और केंद्र सरकार से आदित्य समेत अन्य लापता जवानों की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन को और व्यापक एवं तेज करने की अपील की है.
परिजनों ने दिबांग वैली के दुर्गम इलाकों में आधुनिक तकनीक, स्निफर डॉग्स और विशेष हवाई उड़ानों की मदद से सघन तलाशी अभियान चलाने की मांग की है. परिवार का कहना है कि हर बीतते पल के साथ उनकी चिंता बढ़ रही है और सरकार से इस मामले में त्वरित कार्रवाई की उम्मीद है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By अभिषेक कुमार
अभिषेक कुमार 9 साल से पत्रकारिता कर रहे हैं. इनकी सबसे अच्छी पकड़ क्राइम और राजनीति की खबरों पर है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए








