गोपालगंज: थावे दुर्गा मंदिर में सावन की तैयारी, 24 घंटे एंबुलेंस और प्राथमिक चिकित्सा केंद्र रहेगा सक्रिय

सावन में थावे दुर्गा मंदिर की सुरक्षा को लेकर एसडीओ ने अधिकारियों के साथ की बैठक श्रद्धालुओं के लिए पुख्ता इंतजाम
सावन में थावे दुर्गा मंदिर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रशासन ने सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन की तैयारी की. 24 घंटे एंबुलेंस, प्राथमिक चिकित्सा और CCTV निगरानी रहेगी.
Gopalganj News: सावन माह में मां थावे दुर्गा मंदिर में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए बुधवार को अनुमंडल पदाधिकारी डॉ. प्रेरणा सिंह ने मंदिर परिसर में सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं की समीक्षा बैठक की. बैठक में अनुमंडल दंडाधिकारी, थानाध्यक्ष विभा कुमारी, बीडीओ प्रियांशी प्रिया, सीओ सुधीर कुमार ओमकारा सहित प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे.
बैठक में सावन के दौरान मंदिर में आने वाले कांवरियों और श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण, यातायात और स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा की गयी. एसडीओ ने अधिकारियों को सभी आवश्यक तैयारियां समय से पूरी करने का निर्देश दिया.
सावन में बढ़ेगी श्रद्धालुओं की भीड़
बैठक को संबोधित करते हुए एसडीओ डॉ. प्रेरणा सिंह ने कहा कि सावन के प्रत्येक सोमवार के साथ-साथ अन्य दिनों में भी बड़ी संख्या में कांवरिया और श्रद्धालु मां थावे दुर्गा मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचते हैं. श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए.
उन्होंने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को पूर्व तैयारी पूरी रखने और आपसी समन्वय के साथ काम करने का निर्देश दिया, ताकि श्रद्धालुओं को मंदिर पहुंचने से लेकर दर्शन और वापस लौटने तक किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े.
स्टील बैरिकेडिंग से होगी कतारबद्ध दर्शन की व्यवस्था
बैठक में निर्णय लिया गया कि मंदिर परिसर में स्टील बैरिकेडिंग के माध्यम से श्रद्धालुओं के लिए कतारबद्ध दर्शन की व्यवस्था जारी रहेगी. भीड़ बढ़ने की स्थिति में अतिरिक्त दंडाधिकारी और पुलिस बल की तैनाती की जाएगी.
मंदिर परिसर और आसपास के प्रमुख स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी रखी जाएगी. अधिकारियों को संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखने और किसी भी स्थिति में तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया.
पेयजल और शौचालय की पर्याप्त व्यवस्था
श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए मंदिर परिसर में पर्याप्त पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी चर्चा हुई. इसके अलावा अतिरिक्त शौचालय, स्नानघर और श्रद्धालुओं के ठहरने की व्यवस्था उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गये.
एसडीओ ने मंदिर परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए जरूरत के अनुसार अतिरिक्त सफाईकर्मियों की तैनाती करने को कहा. मंदिर परिसर और श्रद्धालुओं के आवागमन वाले रास्तों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया.
24 घंटे सक्रिय रहेगा प्राथमिक चिकित्सा केंद्र
सावन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने को देखते हुए स्वास्थ्य व्यवस्था को भी मजबूत करने का निर्णय लिया गया. स्वास्थ्य विभाग को मंदिर परिसर में एंबुलेंस उपलब्ध रखने तथा प्राथमिक चिकित्सा केंद्र को 24 घंटे सक्रिय रखने का निर्देश दिया गया.
अधिकारियों ने कहा कि किसी श्रद्धालु की तबीयत बिगड़ने या किसी आपात स्थिति में तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करायी जाये, ताकि समय पर उपचार मिल सके.
स्वयंसेवकों की भी होगी तैनाती
एसडीओ ने मंदिर न्यास समिति को स्वयंसेवकों की तैनाती करने और प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने का निर्देश दिया. स्वयंसेवक श्रद्धालुओं को कतार, दर्शन व्यवस्था और अन्य सुविधाओं के संबंध में आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराएंगे.
वहीं थानाध्यक्ष को मंदिर परिसर के आसपास यातायात व्यवस्था सुचारु रखने तथा संदिग्ध व्यक्तियों पर विशेष नजर रखने का निर्देश दिया गया. भीड़ के दौरान वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित करने और श्रद्धालुओं के आवागमन में किसी तरह की बाधा नहीं आने देने पर भी जोर दिया गया.
अधिकारियों ने मंदिर परिसर का किया निरीक्षण
बैठक समाप्त होने के बाद एसडीओ सहित प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने मंदिर परिसर का निरीक्षण किया. इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था, बैरिकेडिंग, श्रद्धालुओं के प्रवेश एवं निकास मार्ग, साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया.
अधिकारियों ने कहा कि सावन के दौरान मंदिर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है. सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और किसी भी समस्या का तत्काल समाधान करने का निर्देश दिया गया है.
मौके पर टीओपी प्रभारी धीरज कुमार, राकेश कुमार मिश्रा सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे.
Also Read : VIDEO : बांकीपुर में वोटिंग के बीच प्रशांत किशोर पर क्या-क्या कह रहे सत्ताधारी नेता, एक जगह देखिए
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए











