गोपालगंज में 5 से 11 अगस्त तक स्पॉट एडमिशन, खाली सीटों पर मिलेगा दाखिले का मौका

गोपालगंज में इंटर सत्र 2026-28 के लिए 5 से 11 अगस्त तक OFSS के जरिए स्पॉट एडमिशन होगा. वंचित विद्यार्थियों को खाली सीटों पर नामांकन का मौका मिलेगा.
Bihar Inter Spot Admission 2026: इंटरमीडिएट सत्र 2026-28 के तीनों संकायों में नामांकन से वंचित रह गए छात्र-छात्राओं के लिए राहत की खबर है. बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (बीएसईबी) ने ओएफएसएस के माध्यम से होने वाले स्पॉट एडमिशन की तिथि बढ़ा दी है. अब गोपालगंज जिले के इंटर कॉलेजों एवं प्लस-टू विद्यालयों में 5 अगस्त से 11 अगस्त तक उपलब्ध रिक्त सीटों पर नामांकन लिया जाएगा. इससे उन विद्यार्थियों को एक और मौका मिल गया है, जो अब तक किसी संस्थान में दाखिला नहीं ले सके हैं.
इससे पहले स्पॉट एडमिशन की प्रक्रिया 9 जुलाई को समाप्त हो गई थी. लेकिन नामांकन से वंचित विद्यार्थियों को राहत देने के लिए बोर्ड ने दोबारा स्पॉट एडमिशन का अवसर दिया है. विद्यार्थी उपलब्ध सीटों की जानकारी प्राप्त कर संबंधित संस्थान में निर्धारित प्रक्रिया के तहत नामांकन करा सकेंगे.
OFSS पोर्टल पर खाली सीटों की जानकारी मिलेगी
जिला शिक्षा पदाधिकारी अमरेंद्र कुमार पांडेय ने बताया कि जिन विद्यार्थियों का अब तक किसी कॉलेज या प्लस-टू विद्यालय में नामांकन नहीं हो पाया है, वे ओएफएसएस पोर्टल पर उपलब्ध रिक्त सीटों की जानकारी देख सकते हैं. इसके बाद संबंधित कॉलेज के प्राचार्य से संपर्क कर स्पॉट एडमिशन के तहत दाखिला ले सकते हैं.
उन्होंने बताया कि सीबीएसई, आईसीएसई तथा अन्य बोर्ड से इंटरमीडिएट के लिए पात्रता रखने वाले छात्र-छात्राएं भी निर्धारित प्रक्रिया के तहत स्पॉट एडमिशन के लिए आवेदन कर सकेंगे.
स्लाइड-अप वाले विद्यार्थियों को फिर करना होगा आवेदन
बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने स्लाइड-अप का विकल्प चुनने वाले विद्यार्थियों को लेकर भी स्थिति स्पष्ट कर दी है. पहली, दूसरी या तीसरी चयन सूची के आधार पर नामांकन लेने के बाद जिन विद्यार्थियों ने स्लाइड-अप का विकल्प चुना था, लेकिन नए आवंटित संस्थान में अंतिम रूप से नामांकन नहीं लिया, उनका पूर्व नामांकन स्वतः रद्द माना जाएगा.
ऐसे विद्यार्थियों को स्पॉट एडमिशन के लिए दोबारा ऑनलाइन आवेदन करना होगा. यदि वे दोबारा आवेदन नहीं करते हैं, तो आगे इंटरमीडिएट परीक्षा में शामिल होने के दौरान उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ सकता है.
कॉलेजों को प्रतिदिन अपडेट करना होगा नामांकन का आंकड़ा
जिला शिक्षा विभाग ने सभी इंटर कॉलेजों एवं प्लस-टू विद्यालयों के प्राचार्यों को रिक्त सीटों की जानकारी सार्वजनिक करने का निर्देश दिया है. साथ ही स्पॉट एडमिशन के दौरान प्रतिदिन होने वाले नामांकन का विवरण ओएफएसएस पोर्टल पर अपडेट करना होगा.
कॉलेजों को 12 अगस्त तक सभी नामांकनों का अंतिम ऑनलाइन अपडेट अनिवार्य रूप से करना होगा. विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय सीमा के भीतर जानकारी अपडेट नहीं किए जाने पर इसकी जिम्मेदारी संबंधित प्रधानाध्यापक या प्राचार्य की होगी.
वंचित विद्यार्थियों के लिए अंतिम अवसर
स्पॉट एडमिशन की तिथि बढ़ने से जिले के उन विद्यार्थियों को राहत मिली है, जो विभिन्न कारणों से अब तक इंटरमीडिएट में दाखिला नहीं ले सके हैं. विद्यार्थियों को सलाह दी गई है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार न करें और ओएफएसएस पोर्टल पर रिक्त सीटों की जानकारी प्राप्त कर समय रहते संबंधित कॉलेज में नामांकन की प्रक्रिया पूरी कर लें.
Also Read : VIDEO : बांकीपुर में वोटिंग के बीच प्रशांत किशोर पर क्या-क्या कह रहे सत्ताधारी नेता, एक जगह देखिए
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










