gopalganj news : कुचायकोट में पप्पू पांडेय, हरिनारायण सिंह, बैकुंठपुर में मिथिलेश तिवारी व प्रेमशंकर की निगरानी के लिए टीम गठित

gopalganj news : मोकामा की घटना के बाद एक्शन में आया चुनाव आयोग, प्रत्याशियों पर नजर रखने का आदेशचारों प्रत्याशियों पर आज से ही मजिस्ट्रेट व पुलिस बल 24 घंटे रखेंगे विशेष नजर
गोपालगंज. मोकामा में दुलारचंद यादव की हत्या के बाद चुनाव आयोग एक्शन में है. आयोग के आदेश के बाद जिला प्रशासन भी हाइअलर्ट मोड में आ गया है.
जिला प्रशासन वर्तमान समय में जिले के चार उम्मीदवारों पर विशेष निगरानी रख रहा है. दो विधानसभा क्षेत्रों के चार उम्मीदवारों के साथ प्रशासन की विशेष टीम तैनात की गयी है. विशेष टीम में शामिल दंडाधिकारी, पुलिस अफसर व जवान उम्मीदवारों के साथ रहकर निगरानी कर रहे हैं. डीएम पवन कुमार सिन्हा ने बताया कि बैकुंठपुर विधानसभा क्षेत्र के भाजपा उम्मीदवार मिथिलेश तिवारी व राजद उम्मीदवार प्रेमशंकर प्रसाद और कुचायकोट विस क्षेत्र के जदयू उम्मीदवार अमरेंद्र कुमार पांडेय उर्फ पप्पू पांडेय व कांग्रेस उम्मीदवार हरिनारायण सिंह पर यह निगरानी रखी गयी है. सोमवार से 24 घंटे विशेष टीम में शामिल अधिकारी इनके साथ रहकर हर गतिविधियों पर निगरानी रखेंगे और जरूरी सूचना उपलब्ध करा रहे हैं. इसके अलावा अन्य उम्मीदवारों को उड़नदस्ता दल की टीमें निगरानी कर रही हैं. डीएम ने कहा कि मतदान के लिए हर बूथ पर अत्याधुनिक हथियारों से लैस केंद्रीय अर्धसैनिक बल के जवान तैनात रहेंगे. कुल 72 कंपनियों के जवान मतदान केंद्र परिसर में सुरक्षा व विधि-व्यवस्था संधारण के लिए तैनात रहेंगे. जबकि, 10 कंपनियों के जवानों को मतदान केंद्र के बाहर तैनात किया जायेगा.इसके अलावा जिला सशस्त्र बल के दो हजार जवान और गृहरक्षक के दो हजार जवान भी तैनात किये जायेंगे. जिले की गंडक नदी के दियारा क्षेत्रों में गश्ती के लिए अश्वारोही दल की तैनाती की जायेगी. डीएम ने बताया कि चुनाव को लेकर बीएनएस की धारा 126 के तहत जिले में कुल 10 हजार 270 लोगों पर निरोधात्मक कार्रवाई की गयी है, जिसमें से 8027 ने बांड भरकर अपनी जमानत करा ली है. वहीं, सीसीए के तहत 152 असामाजिक तत्वों पर कार्रवाई की गयी है. वहीं, तीन कुख्यात अपराधियों को जिला बदर करने का प्रस्ताव है. प्रेसवार्ता में उप निर्वाचन पदाधिकारी डॉ शशि प्रकाश राय मौजूद थे.
हथियार जमा नहीं करने पर 217 लाइसेंस रद्द
एम ने बताया कि चुनाव को लेकर जिले के सभी अनुज्ञप्ति प्राप्त शस्त्रधारियों को अपने-अपने हथियारों का सत्यापन कराकर उसे जमा करने के निर्देश दिये गये थे. जिले में कुल 3517 लाइसेंसी हथियार हैं. इसमें से 2873 हथियार जमा करा लिये गये हैं. 213 हथियार बैंक व बड़ी दुकानों में सुरक्षा के लिए उपयोग किये जा रहे हैं. 100 हथियार जिले से बाहर हैं और 21 हथियारों की दोहरी प्रविष्टि हुई है. इसके अलावा जमा नहीं कराये गये 309 हथियारों के रद्द करने की प्रक्रिया की जा रही है, जिसमें से 217 हथियारों के लाइसेंस रद्द किये जा चुके हैं और शेष 92 के रद्द करने की प्रक्रिया चल रही है.
कार्य में कोताही पर तीन दंडाधिकारियों पर हुई एफआइआर
डीएम ने बताया कि कार्य में लापरवाही को लेकर तीन दंडाधिकारियों पर एफआइआर भी दर्ज की गयी है. ये तीनों स्टैटिक सर्विलांस टीमों में तैनात हैं. आरोपित दंडाधिकारियों में भागीपट्टी में तैनात धर्मपाल ओझा, सिधवलिया में तैनात मिथलेश कुमार और जादोपुर-मंगलपुर पुल पर तैनात उत्तम कुमार शामिल हैं. डीएम ने बताया कि चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष व स्वच्छ वातावरण में संपन्न कराने के लिए किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जा रही है. लापरवाह कर्मियों पर कार्रवाई लगातार जारी है.
कमीशनिंग में खराब इवीएम बदली गयीं
डीएम ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विधानसभावार इवीएम की कमीशनिंग पूरी कर ली गयी है. कमीशनिंग के दौरान कुछ इवीएम व वीवीपैट खराब पायी गयीं, जिसमें बैकुंठपुर विधानसभा क्षेत्र में 05 बीयू व 14 सीयू इवीएम और 28 वीवीपैट खराब मिलीं. बरौली विधानसभा क्षेत्र में 04 बीयू व 11 सीयू इवीएम और 24 वीवीपैट खराब मिलीं. गोपालगंज विधानसभा क्षेत्र में 07 बीयू व 09 सीयू इवीएम और 13 वीवीपैट खराब मिलीं. कुचायकोट विधानसभा क्षेत्र में 10 बीयू व 12 सीयू इवीएम और 14 वीवीपैट खराब मिलीं. भोरे विधानसभा क्षेत्र में 15 बीयू व 13 सीयू इवीएम और 36 वीवीपैट खराब मिलीं. हथुआ विधानसभा क्षेत्र में 07 बीयू व 14 सीयू इवीएम और 24 वीवीपैट खराब मिलीं. डीएम ने बताया कि इन सभी मशीनों को पूरी तरह से बदल दी गयी है. साथ ही रैंडमाइजेशन कर मतदान केंद्रवार आवंटित भी कर दिया गया है.
जिलेभर में की जा रही है सघन गश्ती
डीएम ने बताया कि जिले में शराब या अन्य मादक पदार्थ, हथियारों, अधिक नगद राशि और अन्य प्रतिबंधित सामग्री के प्रवेश या तस्करी पर रोक लगाने को लेकर सघन गश्ती जोरों पर चल रही है. अभी तक करीब 4.68 करोड़ रुपये मूल्य की अवैध सामग्री व नगद की बरामदगी की गयी है. जिलेभर में बने चेकपोस्टों और सूचना प्राप्त जगहों पर स्टैटिक सर्विलांस टीमें और फ्लाइंग स्क्वायड टीमें जांच व छापेमारी कर नियमानुसार कार्रवाई कर रही हैं. बिहार-यूपी की सीमा पर सात और अंतर जिला सीमा पर 25 चेकपोस्ट बनाकर वाहनों की जांच की जा रही है. मतदान के 48 घंटे पूर्व इन चेकपोस्टों पर जांच और कड़ी कर दी जायेगी.
चुनाव के लिए 12 हजार कर्मी तैयार
डीएम पवन कुमार सिन्हा ने बताया कि हर मतदान केंद्रों पर पेयजल, शौचालय, बिजली, उपस्कर और रैंप की व्यवस्था की गयी है. मतदान कराने के लिए करीब 12 हजार कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गयी है. इन्हें विधानसभा क्षेत्र आवंटित किया गया है. साथ ही द्वितीय रैंडमाइजेशन के तहत मतदान दलों का गठन भी कर लिया गया है. चार नवंबर को मतदान दल अपने-अपने डिस्पैच सेंटरों पर योगदान करेंगे. इन्हें मतदान से एक दिन पूर्व ही बूथ पर पहुंचने और जरूरी तैयारी पूरी करने के निर्देश दिये गये हैं. बूथ पर इनके भोजन बनाने के लिए रसोईया या जीविका दीदी की तैनाती की जायेगी. अन्य व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने के लिए एक शिक्षक भी तैनात रहेंगे. जिले में सिर्फ कुचायकोट प्रखंड में दो चलंत बूथ बनाये गये हैं, जिसमें बूथ संख्या 261 व 262 शामिल हैं.
मतदान कक्ष में मोबाइल रहेगा प्रतिबंधित
बूथ पर मोबाइल जमा करने की सुविधा उपलब्ध रहेगी. इसके लिए मोबाइल जमा करनेवाले को टोकन दिया जायेगा और उसके अनुसार ही निर्धारित होल्डर में उनका मोबाइल जमा रहेगा. डीएम ने बताया कि मतदान कक्ष में मोबाइल लेकर जाने पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध रहेगा. इसको लेकर मतदाताओं का बॉडी सर्च भी होगा. वहीं, इसकी निगरानी के लिए मतदान कक्ष के गेट पर एक पुलिस बल तैनात रहेंगे. किसी को भी मतदान देते हुए अपना या इवीएम का बटन दबाते हुए फोटो नहीं लेना है. ऐसा करते पाये जाने पर उसे तुरंत गिरफ्तार कर जेल भेज दिया जायेगा. बूथ पर पानी की बोतल लेकर जाना भी प्रतिबंधित है. मतदान केंद्र के 100 मीटर के बाहर उम्मीदवार या राजनीतिक दल अस्थायी कार्यालय बना सकते हैं.
ड्राेन उड़ाने पर प्रशासन ने लगायी रोक
डीएम ने बताया कि मतदान के दिन पूरे जिले में नो फ्लाइंग जोन घोषित रहेगा. सिर्फ दियारा क्षेत्र में पुलिस बल चाहें तो ड्रोन का उपयोग कर सकेंगे. पोलिंग पार्टी के वाहनों पर जीपीएस सिस्टम लगा रहेगा, ताकि उसकी स्थिति का पता चल सके. इवीएम की खराबी की सूचना पर क्विक रिस्पांस टीम 10 मिनट के अंदर बूथ पर पहुंचेगी. इस टीम में सेक्टर पदाधिकारी व जिलास्तरीय मास्टर ट्रेनर शामिल होंगे, जो खराबी को दूर करने का प्रयास करेंगे और ठीक नहीं होने पर इवीएम बदल देंगे. राज्य सरकार ने मतदान के दिन पर संवैतनिक अवकाश घोषित किया है. इसके अलावा मतदान शुरू होने के 48 घंटे पूर्व कलेक्ट्रेट में जिला कंट्रोल रूम का संचालन भी शुरू कर दिया जायेगा.
मतदान केंद्रों पर लगाये जायेंगे दो-दो सीसीटीवी कैमरे
डीएम पवन कुमार सिन्हा ने बताया कि आयोग के निर्देश पर जिले के सभी छह विधानसभा क्षेत्रों के हर मतदान केंद्र पर वेबकास्टिंग की व्यवस्था रहेगी. इसको लेकर तेज गति से तैयारी चल रही है. सभी मतदान केंद्रों पर वेबकास्टिंग के लिए बिजली कनेक्शन व पावर सॉकेट उपलब्ध कराये गये हैं. हर मतदान केंद्र पर दो-दो सीसीटीवी कैमरे लगाये जायेंगे. एक सीसीटीवी कैमरा मतदान केंद्र के अंदर लगाया जायेगा, जो मतदान दल कर्मियों और पोलिंग एजेंटों की गतिविधियों पर नजर रखेगा. वहीं दूसरा सीसीटीवी कैमरा मतदान केंद्र के गेट व कतारबद्ध मतदाताओं की गतिविधियों पर नजर रखेगा. डीएम ने बताया कि इन सीसीटीवी कैमरों के माध्यम वेबकास्टिंग होगी. इसके माध्यम चार स्तर पर मॉनीटिंग की जायेगी, जिसमें संबंधित विधानसभा क्षेत्र के आरओ, डीएम सह डीइओ, निर्वाचन विभाग बिहार के सीइओ और भारत निर्वाचन आयोग के कार्यालय में तीन-चार टीवी स्क्रीन लगाकर बूथों की गतिविधियों की निगरानी होगी.
सेक्टर पदाधिकारियों को दी गयी इमरजेंसी लाइट
डीएम ने बताया कि जिले के गोपालगंज व मीरगंज डिविजन के विद्युत कार्यपालक अभियंताओं को मतदान के दिन निर्बाध बिजली आपूर्ति के सख्त निर्देश दिये गये हैं. इसके अलावा कहीं अंधेरे की समस्या या देरी होने पर रोशनी की कमी की संभावना को देखते हुए भी तैयारी की गयी है. सभी सेक्टर पदाधिकारियों को एक-एक इमरजेंसी लाइट भी उपलब्ध करायी जायेगी. जिसकी रोशनी से अंधेरे की समस्या समाप्त होगी. वहीं, मतदान भवनों से संबंधित विभागों के अधिकारियों डीइओ, आइसीडीएस डीपीओ व बीपीआरओ को व्हील चेयर व अन्य व्यवस्थाएं पूरी करने की जिम्मेदारी सौंपी गयी है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




