गोपालगंज: पंचदेवरी की पांच पंचायतों के स्कूलों में सोशल ऑडिट शुरू, एमडीएम से लेकर शौचालय तक की जांच
स्कूल में ऑडिट के लिए पहुंची टीम
गोपालगंज के पंचदेवरी प्रखंड की पांच पंचायतों के सरकारी विद्यालयों में सोशल ऑडिट की प्रक्रिया शुरू हो गई है. यह अभियान 13 अगस्त तक चलेगा, जिसमें एमडीएम, शौचालय और शैक्षणिक व्यवस्था की बारीकी से जांच की जा रही है. इसका उद्देश्य सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन का आकलन कर सुधार लाना है.
Gopalganj News: पंचदेवरी प्रखंड की पांच पंचायतों के सरकारी विद्यालयों में सोशल ऑडिट की प्रक्रिया शुरू हो गयी है. नौ अगस्त से शुरू हुआ यह अभियान 13 अगस्त तक चलेगा. इसके लिए संबंधित पंचायतों में अलग-अलग जांच टीमों का गठन किया गया है. टीम विद्यालयों में उपलब्ध सुविधाओं, शैक्षणिक व्यवस्था और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की बारीकी से जांच कर रिपोर्ट तैयार कर रही है.
सोमवार को मझवलिया पंचायत के मध्य विद्यालय नेहरूआ, मध्य विद्यालय भठवा समेत कई विद्यालयों का सोशल ऑडिट किया गया. जांच टीम में बीआरपी विश्वजीत सिंह, एसएआरपी सुनीता देवी और नीतू कुमारी समेत अन्य सदस्य शामिल थे. टीम ने विद्यालय पहुंचकर विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अभिलेखों व जरूरी जानकारी जुटायी.
पांच पंचायतों के विद्यालयों में चल रहा ऑडिट
प्रखंड की मझवलिया, महुअवा, सेमरिया, सिकटिया और खालगांव पंचायतों के सरकारी विद्यालयों में सोशल ऑडिट कराया जा रहा है. इस दौरान विद्यालयों में एमडीएम की व्यवस्था, शौचालय व अन्य मूलभूत सुविधाओं, बच्चों की पढ़ाई की स्थिति तथा सरकारी मद से प्राप्त राशि के खर्च समेत विभिन्न बिंदुओं की जांच की जा रही है.
अभिलेखों और योजनाओं की भी जांच
सोशल ऑडिट के दौरान विद्यालय की विभिन्न व्यवस्थाओं से जुड़े तथ्यों और अभिलेखों की जानकारी जुटायी जा रही है. टीम यह भी देख रही है कि विद्यालयों में संचालित सरकारी योजनाओं का लाभ विद्यार्थियों को मिल रहा है या नहीं. जांच के दौरान सामने आने वाली कमियों और उपलब्ध सुविधाओं की स्थिति को रिपोर्ट में दर्ज किया जा रहा है.
जांच पूरी होने के बाद संबंधित रिपोर्ट विभाग को भेजी जायेगी. अधिकारियों के अनुसार, सोशल ऑडिट का उद्देश्य विद्यालयों में संचालित योजनाओं और उपलब्ध सुविधाओं की वास्तविक स्थिति का आकलन करना है. इसके आधार पर व्यवस्था में आवश्यक सुधार के लिए तथ्यात्मक रिपोर्ट तैयार की जायेगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए











