Gopalganj News: अवैध संबंध का विरोध करने पर पति को जहर देकर मारने का आरोप, चार के खिलाफ हत्या का केस दर्ज

Author Vikas Jha
Updated:
विज्ञापन
आक्रोशित परिजनों ने शव रखकर सड़क जाम किया

आक्रोशित परिजनों ने शव रखकर सड़क जाम किया

Gopalganj News: गोपालगंज के भोरे थाना क्षेत्र में अवैध संबंध का विरोध करने पर पत्नी द्वारा पति को जहर देकर हत्या कराने का आरोप लगा है. इलाज के दौरान युवक की मौत के बाद परिजनों ने भोरे-मीरगंज मुख्य पथ जाम कर दिया. पुलिस ने मृतक की मां के आवेदन पर चार लोगों के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर छापेमारी शुरू कर दी है.

विज्ञापन

Gopalganj News (सुरेश कुमार राय की रिपोर्ट): गोपालंगज जिले के भोरे थाना क्षेत्र के तिवारी मार्केट में कथित अवैध संबंध का विरोध करना एक युवक को भारी पड़ गया. आरोप है कि पत्नी ने अपने प्रेमी और अन्य लोगों के साथ मिलकर पहले पति की पिटाई कराई और फिर उसे जहर देकर मौत के घाट उतार दिया. इलाज के दौरान युवक की मौत के बाद सोमवार शाम परिजनों ने शव को सड़क पर रखकर भोरे-मीरगंज मुख्य पथ जाम कर दिया. प्रशासन के हस्तक्षेप और प्राथमिकी दर्ज होने के बाद मामला शांत हुआ.

सड़क जाम कर परिजनों ने की गिरफ्तारी की मांग

मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के भीखमपुर टोला निवासी अजय गुप्ता के रूप में हुई है. गोरखपुर में पोस्टमार्टम के बाद शव भोरे पहुंचते ही आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग शुरू कर दी.

सूचना मिलने पर हथुआ एसडीएम अभिषेक रंजन, बीडीओ दिनेश कुमार सिंह और पुलिस टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर उसकी कॉपी परिजनों को सौंपी, जिसके बाद जाम हटाया गया और यातायात सामान्य हो सका.

पत्नी समेत चार लोगों पर हत्या का केस

मृतक की मां पानमति देवी के आवेदन पर भोरे थाने में हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई है. मामले में मृतक की पत्नी नीतू देवी, मनान टेलर्स के मालिक, सुनैना देवी, उपेंद्र गुप्ता और मॉडल राम को आरोपी बनाया गया है.

चार साल पहले हुआ था प्रेम विवाह

जानकारी के अनुसार अजय गुप्ता ने चार साल पहले रकबा गांव निवासी नीतू देवी से प्रेम विवाह किया था. दोनों तिवारी मार्केट में किराए के मकान में रहते थे. अजय ई-रिक्शा चलाता था जबकि नीतू ब्यूटी पार्लर संचालित करती थी.

इसी दौरान नीतू का कथित तौर पर मार्केट में दुकान चलाने वाले मनान टेलर्स के मालिक से प्रेम संबंध हो गया. आरोप है कि दोनों पति-पत्नी की तरह रहने लगे थे, जिसका अजय लगातार विरोध कर रहा था.

22 मई को रची गई थी साजिश

परिजनों का आरोप है कि 22 मई को अजय को पहले बेरहमी से पीटा गया और बाद में उसे जहर दे दिया गया. हालत बिगड़ने पर उसे भोरे रेफरल अस्पताल से गोरखपुर रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.

क्या बोले अधिकारी

हथुआ एसडीएम अभिषेक रंजन ने बताया कि परिजनों की शिकायत पर तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है और जल्द सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

Also Read: Gopalganj News: थावे मंदिर पुनरुद्धार कार्य में देरी पर बड़ा एक्शन, पर्यटन निगम के इंजीनियर हटाने का आदेश

विज्ञापन
विकाश झा

लेखक के बारे में

By विकाश झा

विकाश झा प्रभात खबर में सीनियर कंटेंट राइटर हैं. डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता में छह वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ उन्होंने पटना यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन में स्नातक तथा माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (MCU), भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में स्नातकोत्तर की शिक्षा प्राप्त की है.

पत्रकारिता की शुरुआत वर्ष 2020 में भोपाल से हुई, जिसके बाद उन्होंने ETV Bharat, Bharat Express और News24 जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में विभिन्न जिम्मेदार भूमिकाओं का निर्वहन किया. News24 से आगे बढ़ते हुए उन्होंने Adglobal360 India Pvt. Ltd. के माध्यम से बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) में कंटेंट राइटर के रूप में कार्य किया तथा बिहार सरकार के विभिन्न विभागों की सोशल मीडिया टीमों में भी अपनी सेवाएं दीं.

स्पोर्ट्स, हाइपरलोकल और पॉलिटिकल पत्रकारिता उनकी विशेष रुचि और विशेषज्ञता के क्षेत्र हैं. क्रिकेट के प्रति उनका गहरा लगाव है और वे क्रिकेट को सिर्फ एक खेल नहीं, बल्कि अपनी लेखनी का महत्वपूर्ण विषय मानते हैं. उन्हें यात्रा करना, नए लोगों और स्थानों को जानना तथा समाज और राजनीति से जुड़े विषयों पर लिखना पसंद है.

मूल रूप से बिहार के समस्तीपुर जिले के रहने वाले विकाश डिजिटल मीडिया की तेज रफ्तार दुनिया में तथ्यों पर आधारित, प्रभावशाली और पाठक-केंद्रित कंटेंट तैयार करने के लिए जाने जाते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन