Gopalganj News: गोपालगंज में युवती से सामूहिक दुष्कर्म, दो आरोपी गिरफ्तार

Gopalganj News गोपालगंज में शादी से पहले युवती से सामूहिक दुष्कर्म, पुलिस ने दोनों मुख्य आरोपियों को किया गिरफ्तार
Gopalganj News (सुरेश कुमार राय) बिहार के गोपालगंज जिले के बैकुंठपुर थाना क्षेत्र से एक बेहद ही शर्मनाक और दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. यहां देर रात दो युवकों ने एक घर की चारदीवारी फांदकर अंदर प्रवेश किया और वहां अकेली रह रही एक युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया. इस सनसनीखेज मामले में पीड़िता की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दोनों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.
घर में अकेली पाकर बनाया हवस का शिकार
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता की आगामी नवंबर माह में शादी होने वाली थी, जिसकी तैयारियां घर में चल रही थीं. पीड़िता के पिता जीविकोपार्जन के लिए विदेश में रहते हैं, जबकि वह घर पर अपनी मां और 10 वर्षीय छोटे भाई के साथ रहती थी. घटना की रात पीड़िता की मां अपनी बहन के घर गई हुई थी. घर में युवती को अकेला पाकर गांव के ही दो मनचले युवकों ने इस घिनौनी साजिश को अंजाम दिया. देर रात दोनों आरोपी घर की बाउंड्री वॉल फांदकर अंदर घुस गए और युवती के साथ जबरन सामूहिक दुष्कर्म किया.
वीडियो बनाकर दी वायरल करने की धमकी
दरिंदगी की हदें पार करते हुए आरोपियों ने अपने मोबाइल में पीड़िता का न्यूड वीडियो भी रिकॉर्ड कर लिया. घटना को अंजाम देने के बाद उन्होंने पीड़िता को धमकी दी कि यदि उसने इस बारे में किसी को कुछ भी बताया, तो वे वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल कर देंगे. वारदात के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए और अपने घर जाकर आराम से सो गए.
पुलिस की त्वरित कार्रवाई, दोनों आरोपी दबोचे गए
आरोपियों के भागने के बाद डरी-सहमी पीड़िता ने हिम्मत दिखाई और तुरंत स्थानीय पुलिस को मामले की सूचना दी. घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए सदर एसडीपीओ-2 राजेश कुमार के नेतृत्व में बैकुंठपुर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की. पुलिस ने देर रात ही छापेमारी कर वारदात को अंजाम देने वाले दोनों मुख्य आरोपियों को उनके घर से धर दबोचा. इस मामले में बैकुंठपुर थाने में गांव के ही दो युवकों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई गई है.
क्या कहते हैं अधिकारी
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है और उनसे कड़ाई से पूछताछ की जा रही है. पीड़िता को मेडिकल टेस्ट और न्यायालय में बयान दर्ज कराने के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है. पुलिस इस मामले में स्पीडी ट्रायल चलाकर आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलवाएगी. — राजेश कुमार, सदर एसडीपीओ -2
इलाके में भारी आक्रोश
इस जघन्य अपराध के बाद से स्थानीय इलाके में भारी आक्रोश व्याप्त है. ग्रामीणों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई और उन्हें फांसी की सजा देने की मांग की है. फिलहाल पुलिस गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया में जुट गई है.
Also Read : Hajipur News : खेत से लौट रहे किसान को बाइक ने रौंदा, मौके पर मचा हड़कंप
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By विवेक पाण्डेय
विवेक रंजन पाण्डेय पिछले 8 वर्षों से टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय हैं. उन्होंने Aryabhatta Knowledge University, Patna से BJMC की पढ़ाई की है.
उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत Network 10 टीवी चैनल से की. इसके बाद News India, News18 Digital सहित कई राष्ट्रीय एवं क्षेत्रीय मीडिया संस्थानों में फील्ड रिपोर्टिंग और कंटेंट राइटिंग का अनुभव प्राप्त किया.
वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल की बिहार टीम में Content Writer के रूप में कार्यरत हैं. यहां बिहार की राजनीति, चुनाव, शिक्षा, कृषि, रोजगार, सरकारी योजनाओं, सामाजिक सरोकारों और विभिन्न जिलों की महत्वपूर्ण खबरों पर तथ्यपरक और विश्वसनीय खबरें पाठकों तक पहुंचाते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










