gopalganj news : भू-माफियाओं पर बड़े एक्शन की तैयारी, अर्जित संपत्तियों के स्रोत की जांच में जुटी पुलिस

Updated:
विज्ञापन
gopalganj news : भू-माफियाओं पर बड़े एक्शन की तैयारी, अर्जित संपत्तियों के स्रोत की जांच में जुटी पुलिस

gopalganj news : भू-माफियाओं पर बड़ा एक्शन की तैयारी, अर्जित संपत्तियों की स्रोत को जुटा रही पुलिस, एसपी के एक्शन के बाद अब तक 13 भू-माफिया जेल गये, 60 की कुंडली तैयार, थानेवार माफियाओं का डोजियर तैयार, संपत्ति जब्ती की कार्रवाई तेज

विज्ञापन

गोपालगंज.

जिले में संगठित तरीके से गरीब, कमजोर और निरीह लोगों की जीवन भर की कमाई से खरीदी गयी तथा पूर्वजों की जमीनों पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर अवैध कब्जा करने वाले भू-माफियाओं की मुश्किलें बढ़ गयी हैं. पुलिस कप्तान विनय तिवारी की सख्ती के बाद पुलिस एक्शन मोड में है.

अब तक जिले में 13 भू-माफिया जेल जा चुके हैं, जबकि 60 से अधिक माफियाओं के संगठित अपराध में शामिल होने के साक्ष्य जुटाकर उनकी संपत्तियों के स्रोत की जांच की जा रही है. थानेवार भू-माफियाओं का डोजियर तैयार किया जा रहा है. जो माफिया भूमिगत हैं, उनकी आपराधिक कुंडली भी तैयार कर ली गयी है. इनके द्वारा अर्जित संपत्तियों को जब्त करने की कार्रवाई भी तेज कर दी गयी है. पुलिस सूत्रों के अनुसार अब तक एक दर्जन से अधिक माफियाओं की खुफिया जानकारी जुटाई जा चुकी है, जिनके खिलाफ जांच के लिए इडी को अनुशंसा करने की तैयारी चल रही है. थानों के स्तर पर हो रही कार्रवाई की मॉनीटरिंग एसपी स्वयं कर रहे हैं. साथ ही, माफियाओं को संरक्षण देने वालों की भी पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की तैयारी की जा रही है.

जनता दरबार में हर दिन पहुंच रहे पीड़ित

भू-माफियाओं से परेशान लोग लगातार एसपी के जनता दरबार में पहुंच रहे हैं. मांझा थाना क्षेत्र के गौसिया गांव निवासी 74 वर्षीय उमाधर कांत मिश्रा ने अपनी जमीन और मकान की सुरक्षा की गुहार लगायी. उन्होंने बताया कि वर्ष 2015 में उन्होंने विधिवत जमीन खरीदकर दाखिल-खारिज कराया था और तभी से उस पर खेती-बाड़ी कर रहे हैं, लेकिन अब फर्जी दस्तावेजों के आधार पर कब्जे की कोशिश की जा रही है. एसपी ने मामले की जांच कर कार्रवाई का आदेश दिया है.

भूमिगत होने लगे बड़े भू-माफिया

पुलिस कार्रवाई के बाद जिले के कई बड़े भू-माफिया या तो जेल भेजे जा चुके हैं या भूमिगत हो गये हैं. सूत्रों के अनुसार इन माफियाओं का नेटवर्क बेहद मजबूत था और इनके द्वारा करीब पांच हजार से अधिक फर्जी दस्तावेज तैयार कर जमीनों पर दावे किये गये या किये जा रहे थे. जांच में राजस्व विभाग के कुछ कर्मियों की भूमिका भी सामने आयी है. एक राजस्व कर्मचारी के खिलाफ कुचायकोट थाने में मामला दर्ज किया गया है.

जानें डोजियर के मायने

डोजियर का मतलब अपराधियों या संगठित गिरोहों का विस्तृत रिकॉर्ड होता है, जिसमें उनकी आपराधिक पृष्ठभूमि, संपत्ति विवरण और नेटवर्क की जानकारी शामिल रहती है. पुलिस और जांच एजेंसियां इसी आधार पर बड़ी कार्रवाई की तैयारी करती हैं.

भू-माफियाओं पर बड़ी कार्रवाई की तैयारी : एसपी

एसपी विनय तिवारी ने कहा कि भू-माफियाओं की पूरी कुंडली तैयार कर उनके आर्थिक स्रोतों की जांच की जा रही है, ताकि उनके खिलाफ सख्त और प्रभावी कार्रवाई की जा सके.

विज्ञापन
Shailesh Kumar

लेखक के बारे में

By Shailesh Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन