गोपालगंज में मस्जिद के इमाम की हत्या मामले में SP ने खुद संभाली कमान, 4 संदिग्ध हिरासत में, जानिए पूरा मामला
अरना बाजार स्थित मस्जिद में जांच कर निर्देश देते एसपी विनय कुमार तिवारी
Gopalganj Imam Murder Case : गोपालगंज के उचकागांव थाना क्षेत्र में स्थित अरना बाजार की मस्जिद में इमाम मौलाना सफीक खान की निर्मम हत्या से हड़कंप मच गया है. पुलिस ने जांच तेज कर दी है और चार संदिग्धों को हिरासत में लिया है. एसपी विनय कुमार तिवारी ने खुद घटनास्थल का निरीक्षण कर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं.
Gopalganj Imam Murder Case : गोपालगंज के उचकागांव थाना क्षेत्र के अरना बाजार स्थित मस्जिद में इमाम मौलाना सफीक खान की हत्या के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है. मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी विनय कुमार तिवारी ने खुद घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की. एफएसएल और तकनीकी टीम ने मौके से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं. पुलिस ने अब तक चार संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है.
SP ने खुद संभाली हत्याकांड की जांच
सोमवार देर शाम गोपालगंज एसपी विनय कुमार तिवारी अरना बाजार स्थित मस्जिद पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया. उन्होंने अधिकारियों से घटना से जुड़े अलग-अलग पहलुओं की जानकारी ली और जांच को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.
FSL और DIU टीम ने जुटाए वैज्ञानिक साक्ष्य
जांच के दौरान एसपी के साथ हथुआ एसडीपीओ आनंद मोहन गुप्ता, उचकागांव थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार, डीआईयू और एफएसएल की टीम मौजूद रही. एफएसएल और तकनीकी टीम ने घटनास्थल से फिंगरप्रिंट समेत अन्य वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं.
वैज्ञानिक और तकनीकी जांच पर जोर
एसपी ने अधिकारियों को पारंपरिक पुलिसिंग के साथ वैज्ञानिक और तकनीकी माध्यमों का अधिकतम इस्तेमाल करने का निर्देश दिया है. पुलिस का लक्ष्य हत्या की वजह का पता लगाने के साथ वारदात में शामिल लोगों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी करना है.
चार संदिग्ध हिरासत में, पूछताछ जारी
पुलिस ने अब तक चार लोगों को संदेह के आधार पर हिरासत में लिया है. पुलिस अभिरक्षा में उनसे पूछताछ की जा रही है. पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ और जुटाए गए वैज्ञानिक साक्ष्यों से हत्याकांड की कड़ियां जोड़ने में मदद मिलेगी.
क्या है पूरा मामला
उचकागांव थाना क्षेत्र के अरना बाजार स्थित मस्जिद में मौलाना सफीक खान इमाम के रूप में काम करते थे. वह मूल रूप से भोरे थाना क्षेत्र के रुदलपुर गांव के रहने वाले बताए गए हैं.
मस्जिद के बरामदे में सो रहे थे इमाम
बताया गया है कि रविवार रात गर्मी के कारण मौलाना सफीक खान मस्जिद के टीनशेड वाले बरामदे में चारपाई पर सो रहे थे. इसी दौरान अज्ञात लोग मस्जिद परिसर में पहुंचे और धारदार हथियार से हमला कर उनकी हत्या कर दी.
सुबह अजान नहीं हुई तो ग्रामीणों को हुआ शक
सोमवार सुबह मस्जिद से अजान की आवाज नहीं आने पर ग्रामीणों को आशंका हुई. इसके बाद कुछ लोग मस्जिद पहुंचे. वहां बरामदे में चारपाई से कुछ दूरी पर इमाम का शव पड़ा मिला. इसके बाद घटना की जानकारी पुलिस को दी गई.
हत्या के कारण का अभी खुलासा नहीं
पुलिस फिलहाल हत्या के कारण को लेकर किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है. हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ के साथ घटनास्थल से मिले वैज्ञानिक साक्ष्यों और तकनीकी जानकारी की जांच की जा रही है.
संबंधित खबर : गोपालगंज में इमाम की चाकू से गोदकर हत्या, सुबह मस्जिद से नहीं आई अजान की आवाज, पहुंचे नमाजी तो खुला राज
अरना बाजार में स्थिति सामान्य
घटना के बाद गांव और आसपास के इलाके में तनाव की स्थिति बनी थी, लेकिन पुलिस के अनुसार अब स्थिति नियंत्रण में है. अरना बाजार और आसपास के क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है. पुलिस का कहना है कि फिलहाल कानून-व्यवस्था सामान्य और शांतिपूर्ण है.
जल्द उद्भेदन का दावा
एसपी ने अधिकारियों को हत्याकांड का जल्द से जल्द उद्भेदन करने और दोषियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है. पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है. हालांकि, जांच पूरी होने से पहले हत्या की वजह या किसी व्यक्ति की संलिप्तता को लेकर अंतिम निष्कर्ष निकालना जल्दबाजी होगी.
Also Read : पटना से गोपालगंज का सफर मात्र 4 घंटे में होगा पूरा, जानिए सबसे बेस्ट ट्रेन, रूट, टाइमिंग और किराया
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










