गोपालगंज में मस्जिद के मौलाना की हत्या से आक्रोश, एसआईटी गठित, एफएसएल ने जुटाये साक्ष्य
घटना के बाद माहौल को शांत कराने में जुटी पुलिस
अरना बाजार स्थित जामा मस्जिद में सोमवार सुबह अजान न होने पर ग्रामीणों को अनहोनी का शक हुआ. मस्जिद का दरवाजा अंदर से बंद मिला, जहाँ मौलाना सफीक खान का शव मिला. घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है और पुलिस ने SIT गठित कर जांच शुरू कर दी है.
Maulana ki maut: उचकागांव थाना क्षेत्र के अरना बाजार स्थित जामा मस्जिद में सोमवार की सुबह अजान नहीं होने पर ग्रामीणों को अनहोनी की आशंका हुई. स्थानीय लोगों ने मस्जिद का मुख्य दरवाजा अंदर से बंद पाया. काफी आवाज देने के बाद भी अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर एक युवक को दीवार के रास्ते परिसर में भेजा गया. युवक ने अंदर मौलाना सफीक खान को मृत पाया. इसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गयी और बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गये.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है. घटना की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ आनंद मोहन गुप्ता के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया है. एफएसएल की टीम ने भी घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाये हैं.
बैठक से पहले हुई घटना, ग्रामीणों में आक्रोश
स्थानीय लोगों के अनुसार, सोमवार सुबह मस्जिद परिसर में एक महत्वपूर्ण बैठक होनी थी. इसमें स्थानीय मुद्दों पर चर्चा की जानी थी. इसी बीच मौलाना की मौत की खबर सामने आने से मस्जिद कमेटी और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया.
ग्रामीणों ने घटना में एक से अधिक लोगों के शामिल होने की आशंका जताते हुए पुलिस से पूरे मामले का जल्द खुलासा करने और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की है. हालांकि, पुलिस जांच पूरी होने से पहले घटना में शामिल लोगों की संख्या या हत्या के कारण को लेकर कोई निष्कर्ष सामने नहीं आया है.

शव उठाने को लेकर घंटों चला मान-मनौव्वल
घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीण हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर मौके पर डटे रहे. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने को लेकर पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी. हथुआ एसडीपीओ आनंद मोहन गुप्ता सहित वरीय अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया और मामले के शीघ्र खुलासे का भरोसा दिया. इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया.

एसआईटी के साथ एफएसएल टीम ने शुरू की जांच
मामले की जांच के लिए गठित एसआईटी ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है. पुलिस घटनास्थल और आसपास की गतिविधियों की जानकारी जुटा रही है. एफएसएल टीम ने घटनास्थल से आवश्यक वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किये हैं.
पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि घटना के समय मस्जिद परिसर में कौन-कौन लोग मौजूद थे और मृतक के संपर्क में हाल के दिनों में कौन लोग रहे थे. पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी भी कर रही है.
मोबाइल फोन और तकनीकी साक्ष्य पर पुलिस की नजर
जांच में मौलाना के मोबाइल फोन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों को महत्वपूर्ण माना जा रहा है. पुलिस मोबाइल से संबंधित उपलब्ध तकनीकी जानकारी और संपर्कों की जांच कर रही है, ताकि घटना से जुड़े लोगों तक पहुंचा जा सके. पुलिस का कहना है कि वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है. अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच से मिलने वाली जानकारी के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर साक्ष्य जुटाये जा रहे हैं.

शव पहुंचते ही सिसई के पठान टोली में पसरा मातम
उचकागांव के अरना बाजार स्थित जामा मस्जिद के इमाम मौलाना सफीक खान की मौत की सूचना के बाद सोमवार की देर शाम पोस्टमार्टम के बाद उनका पार्थिव शरीर पैतृक गांव सिसई स्थित पठान टोली पहुंचा. शव पहुंचते ही गांव में मातम पसर गया. परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया.
मौलाना की मौत की खबर मिलने के बाद सिसई और आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग उनके आवास पर पहुंचने लगे. ग्रामीणों ने मौलाना को शांत स्वभाव का व्यक्ति बताते हुए घटना पर दुख जताया और पुलिस से मामले का जल्द खुलासा करने की मांग की.
फौजी बेटे के आने के बाद होगा अंतिम संस्कार
परिजनों ने बताया कि मृतक मौलाना का बेटा भारतीय सेना में सेवारत है और जम्मू-कश्मीर में तैनात है. पिता की मौत की सूचना मिलने के बाद वह घर के लिए रवाना हो गया है. परिजनों और ग्रामीणों के अनुसार, बेटे के पहुंचने के बाद मंगलवार को मौलाना का जनाजा निकाला जाएगा और उन्हें सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा.
गांव में पुलिस की तैनाती
घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है. भोरे थानाध्यक्ष रोहिणी उपाध्याय पुलिस बल के साथ पठान टोली में मौजूद रहीं. स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने भी पुलिस प्रशासन से घटना में शामिल आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की.
इसे भी पढ़ें:सावन की तीसरी सोमवारी पर बाबा हरिहरनाथ पर हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा, लखीसराय हादसे के बाद सुरक्षा कड़ी
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










