IGNOU Admission 2026: जुलाई सत्र में नामांकन की तारीख बढ़ी, अब 31 अगस्त तक कर सकेंगे आवेदन
जानकारी लेकर कमला राय कॉलेज स्थित इग्नू अध्ययन केंद्र से निकलते आवेदक
इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) ने जुलाई 2026 सत्र के लिए ऑनलाइन नामांकन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 31 अगस्त 2026 कर दी है. यह वृद्धि स्नातक, स्नातकोत्तर और अन्य विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश के इच्छुक छात्रों के लिए एक बड़ी राहत है.
IGNOU Admission 2026: इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) के जुलाई 2026 सत्र में नामांकन का इंतजार कर रहे विद्यार्थियों के लिए राहत की खबर है. विश्वविद्यालय ने ऑनलाइन नामांकन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 31 अगस्त 2026 कर दी है. पहले आवेदन की अंतिम तिथि 16 अगस्त निर्धारित थी. तिथि बढ़ने के बाद अब नामांकन से वंचित विद्यार्थी 31 अगस्त तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं.
नामांकन की समय-सीमा बढ़ने से गोपालगंज सहित आसपास के क्षेत्रों के विद्यार्थियों को राहत मिली है. खासकर स्नातक और पीजी पाठ्यक्रमों में दाखिला लेने के इच्छुक विद्यार्थियों को आवेदन पूरा करने के लिए अतिरिक्त समय मिल गया है. इग्नू की लचीली अध्ययन व्यवस्था के कारण नौकरी, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी या अन्य कारणों से नियमित कॉलेज नहीं जा पाने वाले विद्यार्थी भी उच्च शिक्षा जारी रख सकते हैं.
स्नातक से पीजी तक कई पाठ्यक्रमों में दाखिले का मौका
इग्नू के जुलाई 2026 सत्र में स्नातक, स्नातकोत्तर, डिप्लोमा, पीजी डिप्लोमा और सर्टिफिकेट समेत विभिन्न पाठ्यक्रमों में नामांकन का अवसर है. विद्यार्थी अपनी शैक्षणिक योग्यता और रुचि के अनुसार संबंधित पाठ्यक्रम में ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं.
गोपालगंज में कमला राय कॉलेज स्थित इग्नू अध्ययन केंद्र से भी विद्यार्थियों को नामांकन से जुड़ी जानकारी उपलब्ध करायी जा रही है. ओपन एंड डिस्टेंस लर्निंग (ओडीएल) और ऑनलाइन कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थी घर से अपनी पढ़ाई जारी रख सकते हैं.
अपार आइडी के बिना आवेदन में हो सकती है परेशानी
नामांकन प्रक्रिया में अपार आइडी की आवश्यकता है. इसके बिना आवेदन प्रक्रिया पूरी करने में परेशानी हो सकती है. आवेदन के दौरान विद्यार्थियों को पासपोर्ट साइज फोटो, हस्ताक्षर, शैक्षणिक प्रमाण-पत्र सहित जरूरी दस्तावेज ऑनलाइन अपलोड करने होंगे.
अपना मोबाइल नंबर और ई-मेल ही करें दर्ज
आवेदन भरते समय विद्यार्थियों को अपना मोबाइल नंबर और ई-मेल आइडी ही दर्ज करने की सलाह दी गयी है. इन्हीं माध्यमों पर ओटीपी और विश्वविद्यालय से संबंधित महत्वपूर्ण सूचनाएं भेजी जा सकती हैं. किसी दूसरे व्यक्ति का मोबाइल नंबर या गलत ई-मेल आइडी दर्ज करने पर आगे की प्रक्रिया में परेशानी हो सकती है.
31 अगस्त तक आवेदन का मौका
इग्नू की ओर से नामांकन की अंतिम तिथि बढ़ाये जाने के बाद विद्यार्थियों के पास अब 31 अगस्त 2026 तक आवेदन पूरा करने का मौका है. विद्यार्थियों को सलाह दी गयी है कि अंतिम तिथि का इंतजार किये बिना समय रहते ऑनलाइन नामांकन प्रक्रिया पूरी कर लें.
इसे भी पढ़ें:सावन की तीसरी सोमवारी पर बाबा हरिहरनाथ पर हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा, लखीसराय हादसे के बाद सुरक्षा कड़ी
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









