पुरुलिया में ग्रीनफील्ड इंटीग्रेटेड स्टील परियोजना का शिलान्यास, 5000 युवाओं को मिलेगा रोजगार

Updated:
विज्ञापन

रघुनाथपुर में ग्रीनफील्ड इंटीग्रेटेड स्टील परियोजना का शिलान्यास करते शुभेंदु अधिकारी व अन्य. | Prabhat Khabar Network

Suvendu Adhikari Government 100 Days: पुरुलिया के रघुनाथपुर में 4,000 करोड़ की ग्रीनफील्ड इंटीग्रेटेड स्टील परियोजना का शिलान्यास हुआ. इससे 5,000 युवाओं को मिलेगा रोजगार.

विज्ञापन

Suvendu Adhikari Government 100 Days: पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार के 100 दिन पूरे होने के अवसर पर सोमवार को पुरुलिया जिले में 2 महत्वपूर्ण कार्यक्रमों का आयोजन हुआ. मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने मानबाजार विधानसभा क्षेत्र में जल परियोजना का उद्घाटन करने के साथ ही रघुनाथपुर के दूरमुट मौजा में प्रस्तावित ग्रीनफील्ड इंटीग्रेटेड स्टील परियोजना का शिलान्यास किया. दोनों कार्यक्रमों को लेकर प्रशासनिक स्तर पर व्यापक तैयारियां की गयी थीं.

4000 करोड़ रुपए की लागत से बनेगा स्टील प्लांट

रघुनाथपुर में अमित मेटालिक्स के प्रस्तावित करीब 4,000 करोड़ रुपये की लागत वाले ग्रीनफील्ड इंटीग्रेटेड स्टील प्लांट की आधारशिला रखी गई. लगभग 148 एकड़ जमीन पर विकसित होने वाली इस परियोजना को पश्चिम बंगाल के पहले ग्रीनफील्ड इंटीग्रेटेड स्टील प्रोजेक्ट के रूप में बताया गया है. कंपनी के अनुसार परियोजना में स्टील उत्पादन के साथ अन्य संबंधित उत्पादन इकाइयां भी स्थापित की जाएंगी. प्लांट के चालू होने के बाद लगभग 5,000 लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलने की संभावना है.

रघुनाथपुर में ग्रीनफील्ड इंटीग्रेटेड स्टील परियोजना का शिलान्यास, औद्योगिक विकास की नई उम्मीद | Prabhat Khabar Network
रघुनाथपुर में ग्रीनफील्ड इंटीग्रेटेड स्टील परियोजना का शिलान्यास, औद्योगिक विकास की नई उम्मीद | Prabhat Khabar Network

शुभेंदु अधिकारी ने किया भूमि पूजन

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी शाम करीब साढ़े पांच बजे रघुनाथपुर पहुंचे. कार्यक्रम स्थल पर उन्होंने सबसे पहले भूमि पूजन किया और इसके बाद परियोजना के शिलान्यास कार्यक्रम में हिस्सा लिया. इस दौरान उन्होंने औद्योगिक परियोजना के काम को जल्द शुरू करने पर जोर दिया. मुख्यमंत्री ने कहा कि परियोजना का निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ना चाहिए, ताकि आने वाले समय में वह दोबारा रघुनाथपुर आकर इसके उद्घाटन में शामिल हो सकें.

शुभेंदु बोले- स्थानीय युवक-युवतियों को रोजगार दे कंपनी

उन्होंने कंपनी प्रबंधन से स्थानीय बेरोजगार युवक-युवतियों को रोजगार देने में प्राथमिकता देने का आग्रह किया. मुख्यमंत्री ने कहा कि इस तरह की औद्योगिक परियोजनाओं के आने से क्षेत्र में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और स्थानीय युवाओं को रोजगार के लिए दूसरे स्थानों पर जाने की जरूरत कम होगी. उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले दिनों में पुरुलिया जिले में और भी औद्योगिक परियोजनाएं आएंगी तथा जिले में बड़े पैमाने पर औद्योगिक गतिविधियां विकसित होंगी.

कार्यक्रम में ये लोग हुए शामिल

कार्यक्रम में मंत्री तापस राय, अर्जुन सिंह, डॉ अजय पोद्दार, नदियार चांद बाउरी सहित कई मंत्री, स्थानीय विधायक, प्रशासनिक अधिकारी तथा अमित मेटालिक्स के प्रमुख अमित सिंह समेत अन्य विशिष्ट लोग उपस्थित रहे.

रघुनाथपुर में ग्रीनफील्ड इंटीग्रेटेड स्टील परियोजना का शिलान्यास, औद्योगिक विकास की नई उम्मीद | Prabhat Khabar Network
रघुनाथपुर में ग्रीनफील्ड इंटीग्रेटेड स्टील परियोजना का शिलान्यास, औद्योगिक विकास की नई उम्मीद | Prabhat Khabar Network

मानबाजार में जल परियोजना का उद्घाटन

इससे पहले मुख्यमंत्री ने मानबाजार विधानसभा क्षेत्र में महत्वपूर्ण जल परियोजना का उद्घाटन किया. परियोजना के क्रियान्वयन के लिए 1,296.25 करोड़ रुपये की अंतिम स्वीकृति दी गई है, जिसमें जाइका ऋण के रूप में 889.06 करोड़ रुपये शामिल हैं. परियोजना के माध्यम से 458 मौजों के करीब 8 लाख 13 हजार 406 लोगों को प्रतिदिन प्रति व्यक्ति 70 लीटर पेयजल उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है. इस थेर इस कार्यक्रम में जापान के प्रतिनिधि दल के सदस्य भी उपस्थित थे.

मुख्यमंत्री ने प्रशासनिक बैठक के दौरान क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने को सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल बताया. परियोजना के पूरा होने के बाद ग्रामीण क्षेत्रों में लंबे समय से चली आ रही पेयजल समस्या के समाधान की उम्मीद है.

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने स्कूलों में मध्याह्न भोजन को लेकर भी महत्वपूर्ण घोषणा की. उन्होंने कहा कि कोलकाता के बाद अब पुरुलिया जिले में भी इस्कॉन के माध्यम से स्कूली छात्र-छात्राओं को मिड-डे मील उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी.उन्होंने कहा कि भोजन की गुणवत्ता और वितरण व्यवस्था पर ध्यान दिया जाएगा तथा सप्ताह में दो दिन भोजन के साथ अंडा भी दिया जाएगा.

मौसम ने बदला मुख्यमंत्री का कार्यक्रम

सोमवार को तेज हवा और बारिश के कारण मुख्यमंत्री को अंडाल हवाईअड्डे से सड़क मार्ग से पुरुलिया पहुंचना पड़ा. इसके चलते उनके कार्यक्रम के समय में भी बदलाव हुआ. मुख्यमंत्री पहले मानबाजार पहुंचे और वहां जल परियोजना के उद्घाटन एवं प्रशासनिक कार्यक्रम में शामिल हुए.इसके बाद शाम करीब साढ़े पांच बजे रघुनाथपुर के मौचाक क्षेत्र में आयोजित अमित मेटालिक्स के शिलान्यास कार्यक्रम में पहुंचे.

कार्यक्रम में शामिल होने के बाद मुख्यमंत्री शाम करीब सात बजे अंडाल के लिए रवाना हो गए.उनके दौरे को लेकर पूरे दिन रघुनाथपुर और मानबाजार क्षेत्र में प्रशासनिक एवं सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही.


विज्ञापन
Hansraj Singh

लेखक के बारे में

By Hansraj Singh

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola