गोपालगंज में शिक्षकों को मिलेगा AI प्रशिक्षण, 31 अगस्त तक प्रखंडवार चलेगा ‘एलिवेट फॉर एजुकेटर’ कार्यक्रम
शहर के एसएस बालिका उच्चतर माध्यमिक विद्यालय प्रशिक्षण केंद्र
जिले के सरकारी स्कूलों में शिक्षा को आधुनिक बनाने के लिए शिक्षकों का AI प्रशिक्षण आज से शुरू हो रहा है. बैकुंठपुर प्रखंड के 81 शिक्षक AI की मदद से पढ़ाई तैयार करना और उसे आसान तरीके से समझाना सीखेंगे. इस प्रशिक्षण का उद्देश्य शिक्षकों को बदलते समय के साथ तकनीक के इस्तेमाल के लिए तैयार करना है.
AI Training: जिले के सरकारी स्कूलों में पढ़ाई को आधुनिक तकनीक से जोड़ने की कवायद के तहत मंगलवार से शिक्षकों का एआइ प्रशिक्षण शुरू होगा. ‘एलिवेट फॉर एजुकेटर’ कार्यक्रम के तहत बैकुंठपुर प्रखंड के चयनित 81 शिक्षक-शिक्षिकाओं का प्रशिक्षण 18 अगस्त को शहर के एसएस बालिका उच्चतर माध्यमिक विद्यालय स्थित प्रशिक्षण केंद्र में होगा. प्रशिक्षण सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक चलेगा. जिले में यह प्रशिक्षण 31 अगस्त तक प्रखंडवार आयोजित किया जाएगा. इसके लिए डायट थावे और एसएस बालिका उच्चतर माध्यमिक विद्यालय को प्रशिक्षण केंद्र बनाया गया है.
पिरामल फाउंडेशन के एआइ एंबेसडर देंगे प्रशिक्षण
राज्य शिक्षा शोध एवं प्रशिक्षण परिषद के निर्देश पर आयोजित इस कार्यक्रम में पिरामल फाउंडेशन की ओर से नामित एआइ एंबेसडर शिक्षकों को प्रशिक्षण देंगे. प्रशिक्षण मास्टर फैसिलिटेटर की मौजूदगी में संचालित होगा. इसके लिए जिले में 16 मास्टर ट्रेनरों की तैनाती की गई है. प्रशिक्षण के दौरान शिक्षकों को बताया जाएगा कि एआइ का इस्तेमाल पढ़ाई की तैयारी और कक्षा शिक्षण में किस तरह किया जा सकता है.
पढ़ाई को आसान बनाने के तरीके सीखेंगे शिक्षक
प्रशिक्षण के दौरान शिक्षकों को एआइ की मदद से शैक्षणिक सामग्री तैयार करने, पाठ को आसान तरीके से समझाने, कक्षा के लिए जरूरी सामग्री तैयार करने और तकनीक का बेहतर इस्तेमाल करने की जानकारी दी जाएगी. विभाग का उद्देश्य शिक्षकों को बदलते समय के साथ तकनीक के इस्तेमाल के लिए तैयार करना है, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई को और अधिक प्रभावी और रुचिकर बनाया जा सके.
शिक्षक नहीं पहुंचे तो दूसरे शिक्षक को भेजेंगे एचएम
समग्र शिक्षा विभाग के डीपीओ शिवम ने बताया कि निर्धारित तिथि पर नामित शिक्षक अगर आकस्मिक अवकाश, चिकित्सा अवकाश या विभागीय प्रशिक्षण में रहने के कारण प्रशिक्षण में शामिल नहीं हो पाते हैं, तो संबंधित प्रधानाध्यापक या प्रभारी प्रधानाध्यापक उनके स्थान पर दूसरे शिक्षक को नामित कर प्रशिक्षण में भेजेंगे. नामित शिक्षक की प्रशिक्षण में अनुपस्थिति पर संबंधित विद्यालय के प्रधानाध्यापक या प्रभारी प्रधानाध्यापक के खिलाफ अग्रेत्तर कार्रवाई भी की जा सकती है. विभाग ने सभी एचएम को अपने विद्यालय के नामित शिक्षकों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया है.
बैकुंठपुर के 81 शिक्षकों का आज प्रशिक्षण
बैकुंठपुर प्रखंड के 81 चयनित शिक्षक-शिक्षिकाओं को मंगलवार को एसएस बालिका उच्चतर माध्यमिक विद्यालय स्थित प्रशिक्षण केंद्र पहुंचकर प्रशिक्षण में शामिल होना है. विभाग ने सभी नामित शिक्षकों को निर्धारित समय से पहले प्रशिक्षण केंद्र पहुंचने और प्रशिक्षण में अनिवार्य रूप से भाग लेने का निर्देश दिया है. प्रशिक्षण के माध्यम से शिक्षकों को एआइ आधारित तकनीकों से परिचित कराने के साथ ही इसे कक्षा शिक्षण में उपयोग करने के व्यावहारिक तरीके भी बताए जाएंगे.
इसे भी पढ़ें:सावन की तीसरी सोमवारी पर बाबा हरिहरनाथ पर हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा, लखीसराय हादसे के बाद सुरक्षा कड़ी
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









