गोपालगंज में BMS ने मनाया मांग दिवस, EPS-95 की न्यूनतम पेंशन 7,500 रुपये करने की मांग
भारतीय मजदूर संघ (बीएमएस) ने गोपालगंज में मांग दिवस मनाते हुए सरकार से ईपीएस-95 पेंशन को 7,500 रुपये करने की जोरदार मांग उठाई है. इसके साथ ही न्यूनतम वेतन वृद्धि, ग्रेच्युटी नियमों में बदलाव और आंगनबाड़ी, मिड-डे मील कार्यकर्ताओं के मानदेय में बढ़ोतरी की भी मांग की गई है.
EPS-95 Pension: मजदूरों और कर्मचारियों से जुड़े लंबे समय से लंबित मुद्दों के समाधान की मांग को लेकर भारतीय मजदूर संघ (बीएमएस) की गोपालगंज जिला इकाई ने 17 अगस्त को मांग दिवस मनाया. इस अवसर पर संघ की ओर से प्रधानमंत्री, केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री तथा केंद्रीय वित्त मंत्री के नाम मांगपत्र सौंपकर श्रमिकों के हित में तत्काल निर्णय लेने की मांग की गयी.
ईपीएस-95 की न्यूनतम पेंशन 7,500 रुपये करने की मांग
संघ ने ईपीएस-95 के तहत न्यूनतम पेंशन को वर्तमान एक हजार रुपये से बढ़ाकर 7,500 रुपये प्रतिमाह करने की मांग की. इसके साथ ही महंगाई राहत (वीडीए) जोड़ने और पेंशनधारकों को आयुष्मान भारत योजना का लाभ देने की मांग की गयी. संघ ने ईपीएफ, ईएसआईसी और बोनस की अधिकतम सीमा दोगुनी करने तथा पुरानी पेंशन योजना को फिर से लागू करने की मांग भी रखी.
न्यूनतम वेतन और स्कीम वर्करों के मानदेय में हो बढ़ोतरी
मांगपत्र में ग्रेच्युटी की गणना से जुड़े सेवा अवधि के प्रावधानों में बदलाव करने तथा बढ़ती महंगाई को देखते हुए न्यूनतम वेतन में उचित वृद्धि करने की मांग की गयी. संघ ने आंगनबाड़ी, मिड-डे मील, एनएचएम सहित विभिन्न स्कीम वर्करों के मानदेय में बढ़ोतरी की मांग भी उठायी.
इसके अलावा बैंकों में सप्ताह में पांच दिन काम की व्यवस्था लागू करने तथा श्रम संहिता में मौजूद मजदूर विरोधी प्रावधानों में आवश्यक संशोधन करने की मांग की गयी.
एलआईसी कर्मचारियों की नौकरी की सुरक्षा की मांग
भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) में पदस्थ अधिकारियों की नौकरी की सुरक्षा सुनिश्चित करने, मनमानी बर्खास्तगी और वेतन में कटौती पर रोक लगाने की मांग भी मांगपत्र में शामिल रही. संघ ने कहा कि उनकी मांगें मजदूरों और कर्मचारियों की सामाजिक सुरक्षा, आर्थिक सम्मान, उचित वेतन और बेहतर कार्य परिस्थितियों से जुड़ी हैं.
संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि मांगों के समाधान से कर्मचारियों और उनके परिवारों की आर्थिक स्थिति में सुधार होगा. साथ ही सरकार और श्रमिक संगठनों के बीच औद्योगिक सद्भाव भी मजबूत होगा. संघ ने सरकार से मांगों पर प्राथमिकता के आधार पर विचार करते हुए कर्मचारी प्रतिनिधियों के साथ बातचीत शुरू करने और त्वरित समाधान की प्रक्रिया अपनाने का अनुरोध किया.
प्रतिनिधिमंडल में ये रहे शामिल
मांगपत्र सौंपने वाले प्रतिनिधिमंडल में सारण के विभाग प्रमुख राकेश भारती, जिला अध्यक्ष बसंत कुमार सिंह, जिला उपाध्यक्ष आरएपीए सिंह, जिला कोषाध्यक्ष अभिषेक नंदन, राकेश वर्मा समेत संघ के अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल रहे.
इसे भी पढ़ें:सावन की तीसरी सोमवारी पर बाबा हरिहरनाथ पर हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा, लखीसराय हादसे के बाद सुरक्षा कड़ी
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









