गोली लगने से दो घायल दुस्साहस. चेन लूट कर भाग रहे लुटेरों ने की फायरिंग

Published at :17 Jun 2016 4:28 AM (IST)
विज्ञापन
गोली लगने से दो घायल दुस्साहस. चेन लूट कर भाग रहे लुटेरों ने की फायरिंग

गोपालगंज/मांझा : हाइवे पर पिस्तौल के बल पर बाइक सवार से सोने की चेन व पांच हजार रुपये लूट कर भाग रहे लुटेरों का पीछा करने पर लुटेरों ने अंधाधुंध गोलीबारी की, जिसमें ईंट भट्ठा व्यवसायी समेत दो लोग घायल हो गये. फायरिंग होते ही लोगों ने लुटेरों को घेर लिया. एक लुटेरा भागने में […]

विज्ञापन

गोपालगंज/मांझा : हाइवे पर पिस्तौल के बल पर बाइक सवार से सोने की चेन व पांच हजार रुपये लूट कर भाग रहे लुटेरों का पीछा करने पर लुटेरों ने अंधाधुंध गोलीबारी की, जिसमें ईंट भट्ठा व्यवसायी समेत दो लोग घायल हो गये. फायरिंग होते ही लोगों ने लुटेरों को घेर लिया. एक लुटेरा भागने में सफल रहा,

जबकि दो लुटेरों को पकड़ कर ग्रामीणों ने जम कर पिटाई की. मौके पर पहुंची पुलिस ने लुटेरों को अपने कब्जा में लिया. इस बीच एक लुटेरे ने पुलिस के कब्जे से भाग कर पिपरा गांव के एक घर में घुस कर बंद कर लिया. बाहर से भीड़ उसे निकाल कर मारने पर उतारू थी. स्थिति विस्फोटक होते देख मांझा के थानाध्यक्ष रामसेवक रावत पहुंच गये. इस गोलीबारी के दौरान उन्हें भी चोटें आयीं. हालांकि पुलिस ने लुटेरों की पिस्तौल को बरामद कर लिया है. जादोपुर के थानाध्यक्ष, थावे, मीरगंज, बरौली पुलिस को बुला लिया गया. बाद में डीएसपी विभाष कुमार पहुंचे.

ग्रामीणों को काफी समझाने के बाद देर शाम लुटेरे को घर से निकाल कर कब्जे में लेने में पुलिस सफल हुई. घायल लुटेरों को इलाज के लिए मांझा अस्पताल लाया गया, जहां से उनकी स्थिति गंभीर देख सदर अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया है. उधर घायल व्यवसायी और ग्रामीणों को भी सदर अस्पताल में भरती कराया गया है.

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मांझा थाना क्षेत्र के एनएच- 28 रिलायंस पेट्रोल पंप के समीप टीवीएस बाइक पर सवार तीन लुटेरे मोतिहारी के एक युवक से पिस्तौल के बल पर चेन और रुपये लूट रहे थे. लूट को अंजाम देकर लुटेरे पूरब की तरफ भाग निकले. हालांकि गोपालगंज की ओर से मांझा के चौकीदार अमरजीत यादव बाइक से जा रहे थे.
लुटेरों का चौकीदार ने पीछा भी किया, लेकिन वे भाग निकले. घटना की सूचना मांझा पुलिस को देकर चौकीदार अपने गांव भटवलिया जा रहा था, तभी इन लुटेरों पर पिपरा गांव के समीप नजर पड़ी. ग्रामीणों के सहयोग से चौकीदार ने लुटेरों का पीछा किया. पिपरा पुल के समीप अपराधियों को लोहिजरा गांव के रहनेवाले ईंट भट्ठे के मालिक जाहिर रहमान उर्फ टुन्ना तथा पिपरा के रहनेवाले रितेश कुमार ने पकड़ने की कोशिश की, तो लुटेरों ने गोलीबारी कर दी, जिसमें दोनों घायल हो गये. इस बीच एक लुटेरा भाग निकला, जबकि दो लुटेरों को पकड़ कर ग्रामीणों ने पीटा.
उनकी गाड़ी को क्षतिग्रस्त कर दिया.
ईंट भट्ठा मालिक के घायल होने से आक्रोशित थे ग्रामीण : ईंट भट्ठा व्यवसायी के घायल होने की खबर पर लोहिरा गांव के लोग उग्र होकर पिपरा गांव में पहुंच गये और जिस घर में लुटेरे ने खुद को बंद किय था उसे खोल कर मारने पर उतारू हो गये.
पुलिस ने ग्रामीणों को समझा कर देर शाम शांत किया और किसी तरह उन्हें अपने कब्जे में लेकर इलाज के लिए भेजा.
कहते हैं पुलिस अधीक्षक
पुलिस लुटेरों का पीछा करते हुए पिपरा गांव तक पहुंची, जहा पुलिस और ग्रामीणों से घिरा देख लुटेरे फायरिंग करने लगे. हालांकि दो लुटेरे पकड़े गये है. फायरिंग के दौरान दो ग्रामीण घायल हुए हैं, जिनका इलाज चल रहा है. वे खतरे से बाहर हैं.
रवी रंजन कुमार, एसपी, गोपालगंज
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन