अर्जेंटीना दौरे के लिए महिला हॉकी टीम घोषित
अर्जेंटीना दौरे के लिए महिला हॉकी टीम घोषितभुवनेश्वर. हॉकी इंडिया ने 18 से 30 नवंबर तक अर्जेंटीना के दौरे के लिए भारत की 18 सदस्यीय सीनियर महिला टीम का शनिवार को ऐलान कर दिया. टीम की घोषणा यहां चल रहे राष्ट्रीय शिविर के दौरान की गयी. इसकी अगुवाई रितु रानी करेगी, जबकि दीपिका उपकप्तान होगी. […]
अर्जेंटीना दौरे के लिए महिला हॉकी टीम घोषितभुवनेश्वर. हॉकी इंडिया ने 18 से 30 नवंबर तक अर्जेंटीना के दौरे के लिए भारत की 18 सदस्यीय सीनियर महिला टीम का शनिवार को ऐलान कर दिया. टीम की घोषणा यहां चल रहे राष्ट्रीय शिविर के दौरान की गयी. इसकी अगुवाई रितु रानी करेगी, जबकि दीपिका उपकप्तान होगी. भारतीय महिला टीम ने इस साल दिल्ली में हॉकी विश्व लीग का दूसरा दौर जीता. इसके बाद तीसरे दौर में पांचवें स्थान पर रही और 36 सालों में पहली बार रियो ओलिंपिक के लिए क्वालिफाइ कर लिया. भारतीय महिला हॉकी टीम के मुख्य कोच नील हागुड़ ने कहा, ‘टीम काफी समय से साथ में अभ्यास कर रही है. कोचों और सहयोगी स्टाफ की नयी टीम काफी मेहनत कर रही है. ओलिंपिक के लिए क्वालिफाइ करने से टीम का मनोबल बढ़ा है और उम्मीद है कि हम अच्छा प्रदर्शन जारी रखेंगे.’ टीम : सविता, रजनी इ (गोलकीपर), सुनीता लाकड़ा, दीपिका, सुशीला चानू, जसप्रीत कौर, दीप ग्रेस इक्का (डिफेंडर), रेणुका यादव, रितु रानी (कप्तान), लिलिमा मिंज, नवजोत कौर, मोनिका, नमिता टोप्पो (मिडफील्डर), नवनीत कौर, रानी, पूनम रानी, वंदना कटारिया, अनुराधा देवी थोकचोम (फॉरवर्ड).————समीर, सैली बहरीन इंटरनेशनल चैलेंज के फाइनल मेंनयी दिल्ली. भारत के युवा बैडमिंटन खिलाड़ी समीर वर्मा और सैली राणे ने बहरीन इंटरनेशनल चैलेंज के पुरुष और महिला एकल फाइनल में प्रवेश कर लिया. समीर ने पिछले रविवार बहरीन इंटरनेशनल सीरीज पुरुष एकल खिताब जीता था, जबकि सैली उपविजेता रही थी. दोनों ने इस टूर्नामेंट में भी फाइनल में प्रवेश कर लिया. समीर ने राहुल यादव को 21-13, 21-17 से हराया. वहीं, सैली ने इंडोनेशिया की गैब्रिएला एम को 19-21, 21-13, 21-13 से मात दी. 11वीं वरीयता प्राप्त समीर का सामना अब चौथी वरीयता प्राप्त सिंगापुर के जि लियांग डेरेक वोंग से होगा, जबकि सैली पांचवीं वरीयता प्राप्त एन जिंदापोल से खेलेगी. अन्य भारतीयों में अरुण विष्णु और अपर्णा बालन को शीर्ष वरीयता प्राप्त सिंगापुर के डैनी बावा क्रिसनांटा और यू यान वेनेसा नियो ने 21-16, 21-19 से हराया. वहीं, महिला युगल में के मनीषा और एन सिक्की रेड्डी को थाईलैंड की चलादचालम सी और फाटाइमास एम ने 21-15, 21-16 से मात दी.—————-हॉकी इंडिया ने पुरुष टीम के लिए रणनीति कोच नियुक्त कियानयी दिल्ली. हॉकी इंडिया ने शनिवार को रोजर वान जेंट को अगले महीने होनेवाले हॉकी विश्व लीग फाइनल्स और अगले साल के रियो ओलिंपिक के लिए पुरुष हॉकी टीम का रणनीति कोच नियुक्त किया. रोजर भारतीय पुरुष हॉकी टीम के कोचिंग स्टाफ से जुड़ेंगे और हाइ परफॉर्मेंस निदेशक तथा मुख्य कोच रोलेंट ओल्टमेंस की मदद करेंगे. नीदरलैंड के रहनेवाले वान जेंट ने अपना कोचिंग कैरियर 2000 में एफआइएच हाइ परफॉर्मेंस कोचिंग पात्रता हासिल करने के बाद शुरू किया था. उसके बाद से वह नीदरलैंड की विभिन्न घरेलू टीमों के साथ जुड़े रहे हैं. भारतीय टीम फिलहाल बेंगलुरु के साइ केंद्र पर अभ्यास कर रही है. उसे 19 नवंबर से ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैचों की टेस्ट सीरीज खेलनी है. इसके बाद 27 नवंबर से हीरो हॉकी विश्व लीग फाइनल रायपुर में खेला जायेगा.————–डबल बोगी के बावजूद लाहिड़ी 40वें स्थान परशंघाई. अनिर्बान लाहिड़ी तीसरे दौर में डबल बोगी के बावजूद छह अंडर 66 का स्कोर करके 85 लाख डालर इनामी राशिवाले डब्ल्यूजीसी एचएसबीसी गोल्फ में संयुक्त 40वें स्थान पर पहुंच गये. लाहिड़ी शुक्रवार को 61वें स्थान पर थे. वहीं, एसएसपी चौरसिया कुल 212 के स्कोर के साथ संयुक्त 43वें स्थान पर हैं. इस बीच केविन किसनेर ने खिताब की ओर कदम बढ़ाते हुए शीर्ष पर कब्जा बरकरार रखा है. अमेरिका के ही डस्टिन जॉनसन, स्थानीय खिलाड़ी लि हाओ तोंग, स्कॉटलैंड के रसेल नाक्स दूसरे स्थान पर हैं.——————-किशन और आनंद का पहला शतकसंवाददाता, जमशेदपुरबिहार के इशान किशन और आनंद सिंह के कैरियर के पहले शतकों और दोनों के बीच शतकीय साझेदारी से झारखंड ने रणजी ट्रॉफी ग्रुप सी मैच में पहले दिन शनिवार को यहां जम्मू एवं कश्मीर के खिलाफ तीन विकेट पर 304 रन बना कर बड़े स्कोर की ओर कदम बढ़ाये. टॉस जीत कर बल्लेबाजी करने उतरे झारखंड ने राम दयाल के पहले ओवर में ही सलामी बल्लेबाज शिव गौतम (00) का विकेट गंवा दिया. इसके बाद किशन (109) और आनंद (124) ने दूसरे विकेट के लिए 189 रन जोड़ कर पारी को संभाला. किशन और आनंद दोनों ने अपने कैरियर के पहले प्रथम श्रेणी शतक जड़े. 17 साल के किशन को रोहित शर्मा की गेंद पर वसीम राजा को कैच दे बैठे. उन्होंने 124 गेंदों का सामना करते हुए 14 चौके और एक छक्का मारा. आनंद ने इसके बाद सौरभ तिवारी (नाबाद 52) के साथ तीसरे विकेट के लिए 78 रन जोड़े. आनंद को परवेज रसूल की गेंद पर विकेटकीपर आसिफ खान ने स्टंप किया. उन्होंने 225 गेंदों का सामना करते हुए 19 चौके और एक छक्का मारा. दिन का खेल खत्म होने पर इशांक जग्गी 17 रन बना कर तिवारी का साथ निभा रहे थे. जम्मू-कश्मीर की तरफ से राम दयाल, रोहित शर्मा और परवेज रसूल को एक-एक विकेट मिला.——————-डोगरा के शतक से हिमाचल की वापसीधर्मशाला. अनुभवी बल्लेबाज पारस डोगरा के नाबाद शतक और निखिल गंगटा के साथ उनकी 203 रनों की अटूट साझेदारी से हिमाचल प्रदेश ने जोरदार वापसी करते हुए रणजी ट्रॉफी ग्रुप सी मैच के पहले दिन सेना के खिलाफ चार विकेट पर 352 रन बनाये. हिमाचल की टीम एक समय दिवेश पठानिया (66 रन पर तीन विकेट) की धारदार गेंदबाजी के सामने 149 रनों तक चार विकेट गंवाने के बाद मुश्किल में घिरी थी. इसके बाद डोगरा (नाबाद 174) और गंगटा (नाबाद 90) ने पांचवें विकेट के लिए अटूट साझेदारी करके पारी को संभाल लिया. डोगरा ने अब तक 207 गेंदों की अपनी पारी में 14 चौके और सात छक्के जड़े हैं, जबकि गंगटा की 146 गेंदों की पारी में नौ चौके और तीन छक्के शामिल हैं.————–बंगाल के सात विकेट पर 217 रनकोलकाता. शीर्षक्रम के बल्लेबाजों से मिली उम्दा शुरुआत को बंगाल के मध्यक्रम के बल्लेबाज भुना नहीं सके और विदर्भ के खिलाफ रणजी ट्रॉफी ग्रुप ए लीग मैच के पहले दिन शनिवार को सात विकेट खोकर 217 रन बनाये. टॉस जीत कर पहले क्षेत्ररक्षण का विदर्भ का फैसला गलत साबित हुआ और बंगाल के लिए ए ईश्वरन (58) तथा एसएस मंडल (56) ने पहले विकेट के लिये 118 रन जोड़े. ईश्वरन ने 135 गेंदों में 10 चौकों की मदद से ये रन बनाये, जबकि मंडल ने 146 गेंदों का सामना करके अपनी पारी में आठ चौके जड़े. हालांकि, मध्यक्रम के बल्लेबाज कोई कमाल नहीं कर सके. एसडी चटर्जी 49 रन बनाकर खेल रहे हैं, जबकि प्रज्ञान ओझा (1) उनके साथ क्रीज पर हैं. विदर्भ के लिए अक्षर वखारे ने चार विकेट लिये, जबकि श्रीकांत वाघ को दो विकेट मिले.—————-कृष्णा और धीरज ने हरियाणा को मुश्किल में डालालाहली. कृष्णा दास और धीरज गोस्वामी की धारदार गेंदबाजी से असम ने रणजी ट्रॉफी क्रिकेट ग्रुप ए के मौसम से प्रभावित पहले दिन हरियाणा के सात बल्लेबाजों को 140 रन पर पवेलियन भेज कर अपना पलड़ा भारी रखा. टॉस जीत कर पहले बल्लेबाजी करने उतरे हरियाणा ने 20 रन तक ही सलामी बल्लेबाजों राहुल दीवान (09) और नितिन सैनी (01) के विकेट गंवा दिये थे. इन दोनों को कृष्णा ने पवेलियन भेजा. हिमांशु राणा (56) और रोहित शर्मा (नाबाद 42) ने इसके बाद तीसरे विकेट के लिए 73 रन जोड़ कर पारी को संभालने की कोशिश की. इस जोड़ी के टूटने के बाद साथ ही टीम का मध्यक्रम चरमरा गया और उसका स्कोर दो विकेट पर 93 रन से छह विकेट पर 99 रन हो गया. गोस्वामी ने हिमांशु को आउट करके असम को तीसरी सफलता दिलायी, जिसके बाद विकेटों का पतझड़ शुरू हुआ. कृष्णा ने 44 रन देकर चार, जबकि गोस्वामी ने 37 रन देकर तीन विकेट लिये. दिन का खेल खत्म होने पर हर्षल पटेल छह रन बनाकर रोहित का साथ निभा रहे थे.———-पोद्दार के शतक से ओडिशा के 232 रनमैसूर. गोविंदा पोद्दार के 153 रनों की मदद से ओडिशा ने रणजी ट्रॉफी ग्रुप ए लीग मैच में शनिवार को कर्नाटक के खिलाफ पहली पारी में 232 रन बनाये. पोद्दार और रंजीत सिंह (40) को छोड़कर ओडिशा का कोई बल्लेबाज हालांकि नहीं चल सका. टॉस जीत कर पहले बल्लेबाजी करते हुए उसके सात बल्लेबाज तो दोहरे अंक तक भी नहीं पहुंच पाये. पोद्दार ने पांच घंटे से अधिक समय तक क्रीज पर रहकर 230 गेंदों का सामना करके 15 चौकों और एक छक्के की मदद से 153 रन बनाये. कर्नाटक के लिए श्रेयस गोपाल ने चार और जगदीशा सुचित ने तीन विकेट लिये. पहले दिन का खेल समाप्त होने तक मेजबान ने बिना किसी नुकसान के 16 रन बना लिये थे.————-पांचाल का शतक, गुजरात विशाल स्कोर की ओरवलसाड़. प्रियांक पांचाल के शतक की मदद से गुजरात ने बड़ौदा के खिलाफ रणजी ट्रॉफी ग्रुप बी लीग क्रिकेट मैच के पहले दिन शनिवार को चार विकेट पर 218 रन बना लिये. पांचाल और स्मित पटेल ने पहले विकेट के लिए 119 रन जोड़े. पांचाल ने 242 गेंदों में 17 चौकों की मदद से 128 रन बनाये. वहीं, पटेल ने 127 गेंदों का सामना करके 57 रन बनाये, जिसमें आठ चौके शामिल थे. दोनों को भारत के पूर्व तेज गेंदबाज इरफान पठान ने पवेलियन भेजा. पहले दिन का खेल समाप्त होने पर मनप्रीत जुनेता 50 और रुष कलारिया एक रन बनाकर अविजित थे. जुनेजा ने अपना अर्धशतक 72 गेंद में छह चौकों की मदद से पूरा किया.————इसी साल होगी भारत-पाक क्रिकेट सीरीज : शोएबन्यूयार्क. पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर ने उम्मीद जतायी है कि भारत और पाकिस्तान के संबंध बेहतर होंगे और दोनों टीमें इस साल क्रिकेट सीरीज खेलेंगी. शोएब ने कहा, ‘भारत और पाकिस्तान के संबंधों में उतार-चढ़ाव आते रहे हैं.’ उन्होंने उम्मीद जतायी कि भारत और पाकिस्तान के बीच अगले महीने यूएइ में प्रस्तावित सीरीज होगी. उन्होंने कहा, ‘एक समय ऐसा मोड़ आयेगा कि हम साथ बैठकर हाथ मिला कर मसलों का हल निकालेंगे. ईंशा अल्लाह यह सीरीज होगी. मुझे यकीन है कि भारत और पाकिस्तान इस साल खेलेंगे.’ उन्होंने कहा, ‘मेरा मानना है कि दो महान देश आपस में मिल कर हालात को सुधारें ताकि अगले 70 वर्ष समृद्धि से भरपूर हों.’ शोएब ने कहा कि भारत और पाकिस्तान में एक-दूसरे के क्रिकेटरों का काफी सम्मान है. उन्होंने कहा कि भारत में उनके कई प्रशंसक हैं तो पाकिस्तान में सचिन तेंडुलकर, सौरभ गांगुली और महेंद्र सिंह धौनी काफी लोकप्रिय हैं. उन्होंने कहा, ‘मुझे लगता है कि भारत और पाकिस्तान के संबंध बेहतर होने चाहिए. यदि सरकार को लगता है कि क्रिकेट इसका जरिया हो सकता है और क्रिकेट बोर्ड को भी ऐसा लगता है तो हमारे एक दूसरे के खिलाफ नहीं खेलने का कोई कारण नहीं है.’————————-शुक्र है कि मैं सचिन की टीम में हूं : शोएबन्यूयार्क. पाकिस्तान को पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर अमेरिका में तीन मैचों की पहली क्रिकेट सीरीज में सचिन तेंडुलकर की टीम का हिस्सा होने से राहत महसूस कर रहे हैं और उनका मानना है कि अब वह इस चैंपियन बल्लेबाज के खिलाफ गेंदबाजी नहीं करना चाहते, जो क्रिकेट के इतिहास का महानतम खिलाड़ी है. शोएब ने कहा, ‘शुक्र है कि मैं सचिन के लिए और सचिन मेरे लिए खेल रहे हैं. मैं उनके खिलाफ काफी गेंदबाजी कर चुका हूं. पिछले 15 साल से कर रहा हूं और अब नहीं करना चाहता.’ यह पूछने पर कि वह सचिन के खिलाफ क्यों नहीं खेलना चाहते, शोएब ने कहा, ‘तेंडुलकर क्रिकेट के इतिहास का महानतम खिलाड़ी है. मैं उस तरह की भारत-पाकिस्तान जज्बात फिर नहीं चाहता.’ तेंडुलकर और ऑस्ट्रेलिया के शेन वार्न दुनिया के महानतम 28 पूर्व खिलाडियों को लेकर पहली क्रिकेट ऑल स्टार्स सीरीज खेल रहे हैं. सचिन्स ब्लास्टर्स और वार्न्स वॉरियर्स टीमें टी-20 प्रारूप में खेलेंगी. दोनों टीमों के खिलाड़ियों का चयन ड्रॉ के आधार पर हुआ, लेकिन शोएब का चयन सिक्के की उछाल पर हुआ. तेंदुलकर ने टॉस जीता और शोएब को गले लगाया. इससे पता चला कि वह उनकी टीम में है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










