आज से बलथरी चेकपोस्ट पर जांच के बाद ही गुजरेंगे वाहन

Updated at : 17 Sep 2019 5:58 AM (IST)
विज्ञापन
आज से बलथरी चेकपोस्ट पर जांच के बाद ही गुजरेंगे वाहन

संजय कुमार अभय, गोपालगंज : महात्मा गांधी की जयंती के मौके पर जिले को नशामुक्त बनाने के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है. प्रशासन के अधिकारी इसे मिशन मोड में लेकर काम कर रहे हैं. शराब की तस्करी रोकने के लिए डीएम अपने अधिकारियों के साथ बॉर्डर इलाके के लिंक रोड व बलथरी चेकपोस्ट […]

विज्ञापन

संजय कुमार अभय, गोपालगंज : महात्मा गांधी की जयंती के मौके पर जिले को नशामुक्त बनाने के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है. प्रशासन के अधिकारी इसे मिशन मोड में लेकर काम कर रहे हैं. शराब की तस्करी रोकने के लिए डीएम अपने अधिकारियों के साथ बॉर्डर इलाके के लिंक रोड व बलथरी चेकपोस्ट पर दिन-रात निगरानी कर रहे हैं.

डीएम कब कहां जांच के लिए पहुंचेंगे इसके भय से पुलिस और उत्पाद विभाग ने निगहबानी तेज कर दी है. यूपी और राजस्थान से शराब की हो रही तस्करी को रोकना तथा यहां सक्रिय माफियागिरी को रोकने की चुनौती है.
उत्पाद विभाग के अलावा पुलिस की टीम 24 घंटे यहां शराब माफियाओं पर नजर रख रही है. यूपी की ओर से आनेवाले वाहनों की सघन जांच के लिए बॉर्डर से लेकर बलथरी चेकपोस्ट तक हाइवे के सभी लिंक रोड पर फिलहाल ढोढ़वलिया, भोपतापुर, बलथरी, गोपालपुर थाने के कोट नरहवां, बहादुरपुर गांव के पास ड्राॅप गेट व हाइटगेज लगाकर किलाबंदी भी कर दी गयी है.
17 सितंबर की शाम से यहां भी निगरानी शुरू होने की बता कही जा रही है. बलथरी चेक पोस्ट पर प्रतिमाह औसतन 12 ट्रक, 20 लग्जरी कार, 65 बाइकों से शराब जब्त होती है. 45 से 50 लोग शराब तस्करी व पीने के आरोप में गिरफ्तार होते रहे हैं. शराब के अलावा स्मैक के कारोबार पर पुलिस का जोर नहीं है.
पुलिस व उत्पाद विभाग डाल-डाल तो तस्कर पात-पात का खेल खेल रहे हैं. प्रशासन की इस किलाबंदी के बाद तस्करी में कितनी कमी आयेगी यह तो वक्त बतायेगा. डीएम अनिमेष कुमार पराशर ने लोगों से अपील की है कि आपके इर्द-गिर्द ऐसे लोग हैं जो शराब के धंधे में लिप्त हैं, शराब बेचने वालों को संरक्षण देते हैं, शराब को बढ़ावा दे रहे हैं ऐसे लोगों की गुप्त जानकारी प्रशासन को उपलब्ध कराएं.
सूचना देनेवाले का नाम-पता गोपनीय रखा जायेगा. गांधीजी के नाम पर एक बॉक्स बनाया गया है, जिसमें शराब के धंधेबाजों का नाम-पता लिख कर डालें. प्रशासन उस पर तत्काल कार्रवाई करेगा.
प्रशासन का करें सहयोग
डीएम श्री पराशर स्वयं इस मिशन को सफल बनाने के लिए व्यक्तिगत तौर पर काम कर रहे हैं. जिले को नशामुक्त बने के लिए प्रशासन ने आपसे भी सहयोग की अपील की है.
क्या आप चाहते हैं कि शराब के नशे में लोग अपने परिवार के सुख-चैन छीन ले. शराब, स्मैक या अन्य नशा करनेवाले समाज के माहौल को खराब कर रहे हैं. अब समय आ गया है. आप महात्मा गांधी के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि देते हुए नशे को रोकने में प्रशासन का सहयोग करें.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन