BPSSC SI परीक्षा 2026: गोपालगंज में 2,976 में से 1,569 अभ्यर्थी शामिल, 1,407 रहे अनुपस्थित

परीक्षा केंद्र से निकलते परीक्षार्थी
BPSSC SI Exam: बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग (BPSSC) द्वारा आयोजित SI परीक्षा गोपालगंज के चार केंद्रों पर रविवार को शांतिपूर्ण संपन्न हुई. कुल 2,976 अभ्यर्थियों में से 1,569 ने परीक्षा दी, जबकि 1,407 अनुपस्थित रहे. परीक्षा कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच आयोजित की गई.
BPSSC SI Exam: मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग में अवर निरीक्षक (SI) एवं निरीक्षक पदों पर भर्ती के लिए बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग (BPSSC) द्वारा आयोजित प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा रविवार को जिले के चार परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त माहौल में संपन्न हुई.
जिले में कुल 2,976 अभ्यर्थियों को परीक्षा में शामिल होना था, जिनमें से 1,569 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 1,407 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे.
परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा. जिलाधिकारी समीर सौरभ और पुलिस अधीक्षक विनय तिवारी के नेतृत्व में सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे. प्रत्येक केंद्र पर दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी. वरीय अधिकारियों ने समय-समय पर परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया.
एक पाली में हुई परीक्षा, सघन जांच के बाद मिला प्रवेश
परीक्षा सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक एक पाली में आयोजित की गई. अभ्यर्थियों को सुबह 9:30 बजे तक ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति दी गई. निर्धारित समय के बाद पहुंचे अभ्यर्थियों को प्रवेश नहीं दिया गया.
केंद्र में प्रवेश से पहले सभी अभ्यर्थियों की सघन तलाशी ली गई. ई-एडमिट कार्ड के साथ आधार कार्ड, मतदाता पहचान पत्र, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस या पासपोर्ट जैसे वैध फोटो पहचान पत्र का मिलान किया गया. जिन अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड पर फोटो स्पष्ट नहीं था, उनसे राजपत्रित पदाधिकारी द्वारा सत्यापित फोटो और निर्धारित घोषणा पत्र भी लिया गया.
चार परीक्षा केंद्रों पर रही चाक-चौबंद व्यवस्था
भर्ती परीक्षा के लिए जिले में चार केंद्र बनाए गए थे—
- एसएस बालिका उच्चतर माध्यमिक विद्यालय – 1,080 अभ्यर्थी
- डीएवी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय – 888 अभ्यर्थी
- वीएम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय – 504 अभ्यर्थी
- एमएम मेमोरियल उर्दू हाई स्कूल, तुर्कहां – 504 अभ्यर्थी
सभी परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश द्वार से लेकर परीक्षा कक्ष तक सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही. केंद्राधीक्षकों, दंडाधिकारियों और पुलिस अधिकारियों ने लगातार निगरानी रखी, जिससे कहीं से भी किसी गड़बड़ी की सूचना नहीं मिली.
इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर पूरी तरह प्रतिबंध
परीक्षा के दौरान मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, इलेक्ट्रॉनिक पेन, पेजर सहित किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक संचार उपकरणों पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाया गया था.
प्रशासन ने स्पष्ट किया था कि प्रतिबंधित सामग्री के साथ पकड़े जाने या अनुचित साधनों का उपयोग करने पर बिहार लोक परीक्षा (अनुचित साधन निवारण) अधिनियम, 2024 एवं भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी.
सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर रही विशेष नजर
परीक्षा शुरू होने से पहले जिलाधिकारी समीर सौरभ ने सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों और केंद्राधीक्षकों को समय पर केंद्र पहुंचकर तैयारियों की समीक्षा करने तथा प्रत्येक गतिविधि पर पैनी नजर रखने के निर्देश दिए थे.
गोपालगंज के अलावा आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के आने की संभावना को देखते हुए परीक्षा केंद्रों के आसपास अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया था. साथ ही भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष प्रबंध किए गए, जिससे परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई.
इसे भी पढ़ें:गोपालगंज: 'सांवली' कहकर प्रताड़ित करने और फोन पर तीन तलाक देने का आरोप, कोर्ट ने FIR दर्ज करने का दिया आदेश
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










