शेरघाटी युवक मौत कांड : मृतक की मां ने हत्या का मामला कराया दर्ज, दूसरे पक्ष ने दुष्कर्म का आरोप लगाकर कराई FIR

मृतक के परिजन
शेरघाटी के झौर गांव में पंकज मांझी की मौत का मामला अब हत्या और दुष्कर्म के आरोपों से घिर गया है. मृतक की मां ने जहां पीट-पीटकर हत्या का आरोप लगाया है, वहीं दूसरे पक्ष ने दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया है. पुलिस दोनों FIR की गहन जांच में जुटी है.
Gaya Ji Minor Murder Case : गया जी जिले के शेरघाटी थाना क्षेत्र के झौर गांव में पंकज उर्फ बंडा मांझी की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या के मामले ने नया मोड़ ले लिया है. घटना को लेकर दोनों पक्षों की ओर से अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज कराई गई है. मृतक की मां ने हत्या का आरोप लगाया है, जबकि दूसरे पक्ष ने मृतक पर दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया है. पुलिस दोनों मामलों की जांच में जुटी है.
मृतक की मां द्वारा हत्या का आरोप और प्राथमिकी
मृतक की मां मुनिया देवी ने शेरघाटी थाना में दर्ज कराई गई शिकायत में कहा है कि 30 जुलाई की रात करीब नौ बजे उनका पुत्र पंकज शौच के लिए घर से बाहर गया था. कुछ देर बाद घर लौटने के दौरान गांव के बालेश्वर यादव अपनी दो बेटियों के साथ उनके घर पहुंचे और पंकज पर चोरी का आरोप लगाते हुए लाठी-डंडे और लोहे की रॉड से मारपीट करने लगे.
शिकायत के अनुसार, तीनों आरोपी पंकज को जबरन अपने घर ले गए, जहां उसका हाथ-पैर बांधकर बेरहमी से पिटाई की गई. मुनिया देवी का आरोप है कि जब वह आरोपियों के घर पहुंचीं और बेटे को छोड़ने की गुहार लगाई, तो उन्हें भी जान से मारने की धमकी देकर वहां से भगा दिया गया. अगले दिन सुबह ग्रामीणों से बेटे की मौत की सूचना मिली.
मौके पर पहुंचने पर उन्होंने पंकज का शव आरोपी के दरवाजे पर पड़ा देखा. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया. पीड़िता ने बालेश्वर यादव एवं उनकी दो पुत्रियों के विरुद्ध नामजद हत्या का मामला दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है.
थानाध्यक्ष का बयान और मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी
इधर, थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने बताया कि पीड़िता के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. मामले के मुख्य आरोपी बालेश्वर यादव को गिरफ्तार कर पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की प्रक्रिया पूरी की जाएगी.
दूसरे पक्ष का दुष्कर्म का आरोप और पुलिस जांच
उल्लेखनीय है कि घटना के बाद आरोपी पक्ष ने भी पंकज पर घर में घुसकर युवती के साथ दुष्कर्म करने का आरोप लगाते हुए अलग प्राथमिकी दर्ज कराई है. पुलिस का कहना है कि दोनों मामलों की निष्पक्ष एवं गहन जांच की जा रही है तथा जांच रिपोर्ट और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी.
उन्होंने कहा कि दुष्कर्म के आरोपों की पुष्टि या खंडन भी युवती की मेडिकल जांच रिपोर्ट मिलने के बाद ही संभव होगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










