शादी के एक महीने के भीतर युवक की संदिग्ध मौत, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

गुरुआ थाना की तस्वीर
Gaya Ji News : गया में शादी के एक महीने के भीतर 25 वर्षीय श्रवण कुमार की संदिग्ध सड़क दुर्घटना में मौत हो गई. परिजनों ने इसे हत्या बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है. पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है.
Gaya Ji News : गुरुआ थाना क्षेत्र के गोड़ा गांव निवासी 25 वर्षीय श्रवण कुमार की सोमवार देर रात संदिग्ध परिस्थितियों में सड़क दुर्घटना में मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. श्रवण की शादी 30 जून 2026 को हुई थी और विवाह को अभी एक माह भी पूरा नहीं हुआ था. उनकी असामयिक मौत से नवविवाहिता पत्नी समेत पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है.
मां को मायके छोड़कर लौटने के दौरान हुआ हादसा
परिजनों के अनुसार, श्रवण कुमार अपनी मां को उनके मायके तरौची गांव छोड़कर बाइक से घर लौट रहे थे. इसी दौरान विशुन बिगहा और कठबारा के बीच भारतमाला सड़क पर संदिग्ध परिस्थितियों में दुर्घटना हो गई. हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई.
परिवार की जिम्मेदारी संभाल रहे थे श्रवण
बताया गया कि श्रवण कुमार दो भाइयों में बड़े थे और परिवार की महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल रहे थे. शादी के कुछ ही दिनों बाद हुई उनकी मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है. परिजनों और ग्रामीणों का कहना है कि परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलते ही गुरुआ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मंगलवार की अहले सुबह पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, गया भेज दिया. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
मृतक के परिजनों ने इस घटना को महज सड़क हादसा मानने से इनकार किया है. उनका कहना है कि श्रवण की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है और मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए.
सभी पहलुओं की जांच में जुटी पुलिस
गुरुआ के अपर थानाध्यक्ष राहुल कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है. उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा. फिलहाल पुलिस सड़क हादसे और अन्य सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










