तीन महीने से वेतन नहीं मिलने पर हड़ताल पर गए नगर निगम के 360 कर्मी, नगर आयुक्त आवास के बाहर किया प्रदर्शन

Author Jitendra Mishra|Edited by Yuvraj Ratan
Updated:
विज्ञापन
तीन माह से बकाया वेतन की मांग को लेकर एजेंसी कर्मियों ने निगम में किया हड़ताल3 माह से बकाया वेतन की मांग को लेकर एजेंसी कर्मियों ने निगम में किया हड़तालतीन माह से बकाया वेतन की मांग को लेकर एजेंसी कर्मियों ने निगम में किया हड़ताल

नगर आयुक्त आवास के बाहर प्रदर्शन करते एजेंसी कर्मी

Gaya Ji News : गया नगर निगम के 120 ड्राइवरों और 240 सफाई कर्मचारियों ने तीन महीने से वेतन न मिलने के विरोध में हड़ताल कर दी है. उन्होंने नगर आयुक्त के आवास के बाहर प्रदर्शन कर बकाया भुगतान की मांग की है.

विज्ञापन

Gaya Ji News : गया जी नगर निगम में एजेंसी के माध्यम से कार्यरत 120 ड्राइवर और 240 सफाई कर्मी तीन माह से वेतन नहीं मिलने के विरोध में हड़ताल पर चले गए हैं. मंगलवार सुबह कर्मियों ने नगर आयुक्त डॉ. गगन के आवास के बाहर प्रदर्शन कर बकाया वेतन के भुगतान की मांग की. कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा.

तीन महीने से वेतन नहीं मिलने का आरोप

प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों का आरोप है कि पिछले तीन महीनों से उन्हें वेतन नहीं मिला है. वेतन की मांग करने पर एजेंसी की ओर से यह कहा जाता है कि स्वच्छता पदाधिकारी फाइल पर हस्ताक्षर नहीं कर रहे हैं. इस कारण भुगतान लंबित है. कर्मचारियों का कहना है कि आर्थिक तंगी के कारण परिवार का भरण-पोषण करना मुश्किल हो गया है.

परिवार चलाना और बच्चों की फीस भरना हुआ मुश्किल

कर्मचारियों ने कहा कि लगातार वेतन नहीं मिलने से घर का राशन जुटाना भी कठिन हो गया है. बच्चों की स्कूल फीस जमा करना और अन्य आवश्यक खर्च पूरे करना संभव नहीं हो पा रहा है. उनका कहना है कि भूखे पेट काम करना मुश्किल हो गया है, इसलिए मजबूर होकर उन्हें हड़ताल का रास्ता अपनाना पड़ा.

एजेंसी व्यवस्था पर भी उठाए सवाल

प्रदर्शन कर रहे कर्मियों ने कहा कि जब वे सीधे नगर निगम के माध्यम से कार्य करते थे, तब इस प्रकार की परेशानी नहीं होती थी. एजेंसी के माध्यम से काम कराने के बाद हर बार वेतन के लिए लंबा इंतजार करना पड़ता है. उन्होंने एजेंसी की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए.

स्वच्छता पदाधिकारी ने एजेंसी को ठहराया जिम्मेदार

नगर निगम के स्वच्छता पदाधिकारी शुभम कुमार ने कर्मचारियों के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि उनके स्तर पर किसी प्रकार की कोई देरी नहीं है. उन्होंने स्पष्ट किया कि एजेंसी को पहले अपने स्तर से कर्मचारियों का वेतन भुगतान करना होता है. इसके बाद एजेंसी नगर निगम के पास बिल प्रस्तुत करती है. उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले में लापरवाही एजेंसी की है, निगम की नहीं.

मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी

हड़ताली कर्मचारियों ने कहा कि यदि जल्द बकाया वेतन का भुगतान नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा. फिलहाल नगर निगम और एजेंसी के बीच वेतन भुगतान को लेकर जिम्मेदारी तय करने का विवाद बना हुआ है, जबकि इसका खामियाजा कर्मचारियों को भुगतना पड़ रहा है.

Also Read : शेरघाटी बस अड्डा बदहाली का शिकार, अतिक्रमण और गंदगी से यात्रियों की बढ़ी मुश्किलें


विज्ञापन
Jitendra Mishra

लेखक के बारे में

By Jitendra Mishra

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन